Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में गठबंधन तो हुआ पर आप-कांग्रेस नेताओं के नहीं मिल पाए दिल, कहां फंसा पेंच?

Lok Sabha Election 2024 हरियाणा में आप-कांग्रेस का गठबंधन हो तो गया है। लेकिन मौजूदा हाल देखकर लगता है कि प्रदेश में दल मिले हैं दिल नहीं। पार्टियों के नेताओं में दूरियां साफ देखने को मिल रही हैं। कांग्रेस नेताओं को आप नेताओं पर यह भरोसा नहीं है कि वे उनकी कोई मदद कर पाएंगे या फिर आप नेताओं के कांग्रेस नेताओं से दिल नहीं मिल पाए हैं।

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Updated: Thu, 09 May 2024 11:41 AM (IST)
Hero Image
Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में गठबंधन तो हुआ पर आप-कांग्रेस नेताओं के नहीं मिल पाए दिल

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana Lok Sabha Election 2024: हरियाणा में आइएनडीआइए गठबंधन के नाम पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठजोड़ तो हो गया, लेकिन इन दोनों दलों के नेताओं के दिल नहीं मिल पाए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता एकमात्र कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट (Kurukshetra Lok Sabha Seat) पर चुनाव प्रचार करने तक सीमित हैं।

कांग्रेस जिन नौ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहां आम आदमी पार्टी का कोई नेता चुनाव प्रचार के लिए नहीं पहुंच रहा है। हालांकि कुरुक्षेत्र में आप उम्मीदवार के प्रचार के लिए कई कांग्रेस नेता डॉ. सुशील गुप्ता (Kurukshetra AAP Candidate Sushil Kumar) का मंच साझा कर चुके हैं, मगर आप नेताओं को अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में बुलाने से कांग्रेस उम्मीदवार फिलहाल परहेज कर रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मुद्दा तो बना रही है, लेकिन दोनों दलों के नेताओं में दूरियां साफ देखने को मिल रही हैं।

केजरीवाल और भगवंत मान दोनों लेते थे सम्मेलन में हिस्सा

लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में आम आदमी पार्टी (AAP) के जितने भी बड़े कार्यक्रम हुए, उनमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संयुक्त रूप से शामिल होते थे।

पंजाब सरकार के मंत्रियों का भी हरियाणा में लगातार आना-जाना लगा रहा, लेकिन अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा में स्टार प्रचारकों की कमी से जूझ रही है। भगवंत मान पंजाब में हो रहे लोकसभा चुनाव में व्यस्त हैं और अरविंद केजरीवाल जेल में बंद हैं, जिसका असर गठबंधन की राजनीति पर साफ दिखाई दे रहा है।

...तो फिर कुछ भी संभव है

कांग्रेस नेताओं को आप नेताओं पर यह भरोसा नहीं है कि वे उनकी कोई मदद कर पाएंगे या फिर आप नेताओं के कांग्रेस नेताओं से दिल नहीं मिल पाए हैं। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के कुछ न कुछ मत जरूर हैं, जिसका लाभ गठबंधन के उम्मीदवारों को मिलता नजर नहीं आ रहा है।

कांग्रेस विधायक दल हरियाणा के उप नेता चौधरी आफताब अहमद का कहना है कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी से लोगों में आक्रोश है। उनकी गिरफ्तारी के बाद पब्लिक में यह संदेश गया है कि जब सीटिंग मुख्यमंत्री को जेल में डाला जा सकता है तो फिर कुछ भी संभव है।

हर सीट पर आप का एक वोट बैंक जीत में सहायक

उन्होंने इससे इन्कार किया कि आम आदमी पार्टी व कांग्रेस नेताओं में मन भिन्नता है। जहां जरूरत पड़ेगी, वहां आम आदमी पार्टी के नेताओं को प्रचार के लिए बुलाया जाएगा। प्रत्येक लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी का एक वोट बैंक है, जो जीत में सहायक साबित होगा।

कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता कुरुक्षेत्र पहुंचकर कर चुके डॉ. सुशील गुप्ता का समर्थन केजरीवाल व भगवंत के चुनाव प्रचार में नहीं होने के कारण राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और संदीप पाठक का ही हरियाणा में आना-जाना लगा हुआ है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उप प्रधान अनुराग ढांडा भी कई बार मोर्चा संभाले दिखाई पड़ते हैं। आप के इन नेताओं का हरियाणा दौरा सिर्फ कुरुक्षेत्र तक सीमित है।

सुशील हैं इंडी गठबंधन के प्रत्याशी

आम आदमी पार्टी ने कुरुक्षेत्र में डॉ. सुशील गुप्ता को आइएनडीआइए का प्रत्याशी बनाया है। उनके लिए प्रचार करने हेतु पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, चौधरी उदयभान और अशोक अरोड़ा समेत कई प्रमुख कांग्रेस नेता कुरुक्षेत्र का दौरा कर चुके हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी के किसी नेता ने अभी तक कांग्रेस उम्मीदवारों के लोकसभा क्षेत्रों में दस्तक नहीं दी है।

यह भी पढ़ें- हिसार जेल में जलेबी बाबा की मौत, नशीली चाय पिलाकर 100 से अधिक महिलाओं के साथ किया था दुष्कर्म; बनाए थे अश्लील वीडियो