Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: विधानसभा चुनाव में नारनौल क्यों बनी हॉट सीट? भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक नहीं खोले पत्ते

Narnuul Assembly Seat Candidate जिले की चार विधानसभा सीटों पर दावेदारों में मारामारी चरम पर है। एक पखवाड़े पूर्व तक जो दावेदार जिले में रहकर ताल ठोंक रहे थे वे अब दिल्ली के दरबार में हाजिरी लगाने में व्यस्त हैं। इस कारण धरातल पर खामोशी छाई हुई है। जिले की चार सीटों में से अभी तक सर्वाधिक प्रत्याशी अटेली विधानसभा क्षेत्र में घोषित किए गए हैं।

By Balwan Sharma Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 08 Sep 2024 05:48 PM (IST)
Hero Image
विधानसभा चुनाव में नारनौल क्यों बनी हॉट सीट? भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक नहीं खोले पत्ते।

बलवान शर्मा, नारनौल। जिले की चार विधानसभा सीटों पर दावेदारों में मारामारी चरम पर है। एक पखवाड़े पूर्व तक जो दावेदार जिले में रहकर ताल ठोंक रहे थे, वे अब दिल्ली के दरबार में हाजिरी लगाने में व्यस्त हैं। इस कारण धरातल पर खामोशी छाई हुई है। जिले की चार सीटों में से अभी तक सर्वाधिक प्रत्याशी अटेली विधानसभा क्षेत्र में घोषित किए गए हैं।

नारनौल विधानसभा क्षेत्र अकेला है, जिसमें अभी तक बड़ी राजनीतिक पार्टियों ने पत्ते नहीं खोले हैं। इस वजह से यह हॉट सीट में तब्दील होती नजर आ रही है। भाजपा ने चार में से दो सीटों पर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार दिए हैं। वहीं, कांग्रेस ने महज एक ही सीट पर दांव खेला है।

शेष तीन सीटों पर अभी संशय बना हुआ है। हालांकि उम्मीद है कि जल्द ही टिकटों की घोषणा की जा सकती है।

नारनौल सीट का क्या है हाल

बात करें नारनौल विधानसभा क्षेत्र की तो वर्तमान में यहां से भाजपा के विधायक ओमप्रकाश यादव हैं। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खेमे से आने वाले ओमप्रकाश यादव ने बीच में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर से नजदीकी बढ़ा ली थी और इसकी वजह से राव खेमें में हलचल पैदा हो गई थी।

भाजपा ने नहीं दिया किसी को टिकट

हालांकि बाद में उन्होंने राव खेमे में पुन: अपनी स्थिति को बहाल कर लिया। भाजपा ने नारनौल से फिलहाल टिकट होल्ड की हुई है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खेमे में उनका नाम उपर है पर इसके बावजूद इस सीट को होल्ड करने से उनकी धड़कन बढ़ी हुई है।

कांग्रेस ने भी नहीं खोले पत्ते

पार्टी के द्वारा पत्ते खोले जाने का इंतजार भाजपाईयों के अलावा विरोधी पार्टियों और आमजन को भी है। जैसे ही यहां से टिकट घोषित होगा, राजनीति परिदृश्य स्पष्ट हो पाएगा। कांग्रेस ने भी इस सीट को होल्ड पर रखा हुआ है। पूर्व मंत्री राव नरेन्द्र सिंह, उनके बेटे कृष्ण राव, पूर्व न्यायाधीश राकेश यादव, एडवोकेट प्रदीप यादव, आइएएस अधिकारी विकास यादव ने यहां से दावेदारी ठोंकी हुई है।

कांग्रेस क्या करेगी?

यदि भाजपा अहीर कार्ड खेलती है तो उस स्थिति में कांग्रेस गैर अहीर कार्ड खेलने पर विचार कर रही है। ऐसे में पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा का दांव लग सकता है। बात करें नांगल चौधरी की तो यहां से भाजपा ने मंत्री डा. अभय सिंह यादव को प्रथम सूची में ही टिकट देने की घोषणा कर दी थी।

कौन-कौन है दावेदार

कांग्रेस ने इस सीट को भी होल्ड पर रखा हुआ है। यहां से पूर्व विधायक राधेश्याम शर्मा, पूर्व विधायक मूलाराम, आईएएस अधिकारी विनय यादव दावेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस यहां भी जातीय समीकरण साधना चाह रही है और इसी वजह से यह सीट भी होल्ड पर रखी हुई है। महेंद्रगढ़ में भाजपा ने टिकट को होल्ड कर रखा है। पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा यहां से लगातार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते आ रहे हैं। टिकट होल्ड होने से संशय बना हुआ है।

हालांकि दो दिन पहले पूर्व मंत्री ने महेंद्रगढ़ में शक्ति प्रदर्शन किया था और उनके समर्थकों का रोष सामने आ चुका है। देखने वाली बात यह होगी कि यहां पर किसका दांव लगता है। पार्टी पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा पर दांव खेलेगी या फिर नई चाल चलेगी। कांग्रेस ने अपने विधायक राव दान सिंह पर पुन: भरोसा जताया है। राव दान सिंह को लोकसभा चुनाव में भी टिकट दिया गया था।

यह अलग बात थी कि उनको इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इस बार अटेली हॉट सीट के रूप में सामने आई है। यहां पर भाजपा ने पहली सूची में ही विधायक सीताराम यादव का टिकट काटकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव पर दांव खेल दिया है। यह अलग बात है कि टिकट घोषणा के बाद इस क्षेत्र से बगावती सुर भी सामने आ चुके हैं।

कांग्रेस ने यह सीट भी होल्ड पर रखी हुई है। पूर्वमंत्री राव नरेन्द्र सिंह, पूर्व सीपीएस अनिता यादव, आईपीएस अधिकारी सुभाष यादव व राधेशाम गाेमला ने कांग्रेस के टिकट पर दावेदारी की हुई है। यहां पर राव नरेन्द्र सिंह और पूर्व सीपीएस अनिता यादव को बाहरी होने के नाम पर विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है।

अटेली- 68

कुल मतदाता- 202349

पुरुष -106342

महिला-96007

महेंद्रगढ़- 69

कुल मतदाता- 209029

पुरुष- 109653

महिला- 99376

नारनौल- 70

कुल मतदाता- 155603

पुरुष- 82117

महिला- 73485

अन्य- 1

नांगल चौधरी- 71

कुल मतदाता -164996

पुरुष- 87743

महिला- 77249

अन्य- 4

जिले में कुल मतदाता- 731977

पुरुष- 385855

महिला- 346117