Move to Jagran APP

Haryana Politics: सरकार की गलत नीतियों की वजह से टूट रहा है भारत : जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार की नियत और गलत नीतियों के कारण भारत टूटने की संभावनाएं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक विषमताएं में बढ़ रही हैं। महंगाई बेरोजगारी भ्रष्टाचार चरम पर है हम दो हमारे दो का चलन बढ़ रहा है।

By Jagran NewsEdited By: Nidhi VinodiyaUpdated: Wed, 21 Dec 2022 02:07 PM (IST)
Hero Image
सरकार की गलत नीतियों की वजह से टूट रहा है भारत : जयराम रमेश

फिरोजपुर झिरका, संवाद सहयोगी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार की नियत और गलत नीतियों के कारण भारत टूटने की संभावनाएं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक विषमताएं में बढ़ रही हैं। महंगाई बेरोजगारी भ्रष्टाचार चरम पर है, हम दो हमारे दो का चलन बढ़ रहा है। देश को पूंजीपतियों के हाथों में सौंपा जा रहा है।

लोगों को धर्म-जाति के नाम पर बांटा जा रहा

उन्होंने कहा कि सामाजिक ध्रुवीकरण को प्रोत्साहन किया जा रहा है। लोगों को धर्म भाषा प्रांत और जाति के नाम पर बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा हमेशा से ही विभाजनकारी रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा देने के लिए चुनाव के लिए भाजपा द्वारा खास तरीके से रणनीति बनाई जा रही है।

न्यायालय और सरकार के बीच तनाव पैदा किया जा रहा

उन्होंने कहा कि देश में राजनीतिक तानाशाही बढ़ रही है। सरकार द्वारा संविधान को नजरअंदाज किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाएं कमजोर की जा रही हैं। न्यायालय और सरकार के बीच तनाव पैदा किया जा रहा है। तमाम सरकारी संस्थाओं को कब्जे में लेने की कोशिश की जा रही है। भाजपा की ये तमाम कोशिशें भारत को तोड़ने की हैं। जिसे कांग्रेस पार्टी रोकने निकली है।

राहुल गांधी की यात्रा से डर गई है भाजपा 

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार डर गई है। राजस्थान में भ्रमण के दौरान जो समर्थन और प्यार मिला उसे देखकर भाजपा बौखला गई है। राजस्थान के एक सासंद ने स्वास्थ्य सचिव को जो पत्र लिखा है उसमें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा द्वारा कोविड नियमों का उल्लंघन का आरोप लगा है। उन्होंने कहा राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और कर्नाटका भाजपा द्वारा भी यात्राएं निकाली जा रही हैं। क्या स्वास्थ्य सचिव ने इन यात्राओं को चला रही भाजपा को भी नोटिस दिए हैं। इसका जवाब कांग्रेस पार्टी मांग रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कोविड के नियम तय करे और उसे लागू करे। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरी तरीके फॉलो करेगी। राज्य सभा सदस्य जयराम रमेश ने कहा यदि कोविड नियम लागू करने हैं, तो उन्हें सबसे पहले संसद में करे। संसद को स्थगित किया जाए।

हरियाणा सरकार पर कसा तंज 

जयराम रमेश ने कहा जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा पहुंची तो उनका स्वागत टूटी सड़कों के साथ हुआ। 14 किलोमीटर के रास्ते में करीब 300 गड्ढ़े थे। पैदल चलते समय राहुल गांधी और तमाम साथियों ने खतरा महसूस किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर हरियाणा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जिस सड़क से यात्रा गुजरी उसपर भारत का मानचित्र नजर आ रहा था। कहीं राजस्थान, कहीं केरल और कहीं मध्यप्रदेश का मानचित्र दिखाई दिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने भी हरियाणा की मनोहर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए तंज कसे।

कांग्रेस करेगी जवान, किसान और पहलवान से मुलाकात 

हरियाणा में यात्रा के प्रवेश के बाद राहुल गांधी ने सेना के रिटायर्ड अफसरों तथा जवानों से मुलाकात की। कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारत जोड़ो यात्रा में जवान, किसान और पहलवान पर खास फोकस रखेगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी यात्रा के दौरान पहले चरण में जवानों से दूसरे चरण में किसानों से तथा तीसरे चरण में पहलवानों से मुलाकात करेंगे।

Bharat Jodo Yatra: नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं : राहुल गांधी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।