Move to Jagran APP

नूंह में भगवा यात्रा में बवाल: गाड़ियां फूंकी, पत्थरबाजी के साथ चल रहीं गोलियां; जिले में धारा 144 लागू

हरियाणा के नूंह में ब्रज मंडल यात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस दौरान लोगों के द्वारा कई गाड़ियों में आग भी लगा दी गई। जानकारी के मुताबिक झड़प के दौरान गोलियां भी चलीं हैं। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नूंह जिले में धारा 144 लागू कर दी गई। खबर यह भी कि थाने में आग लगा दी गई।

By Jagran NewsEdited By: Shyamji TiwariUpdated: Mon, 31 Jul 2023 05:37 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा के नूंह में भगवा यात्रा को लेकर जमकर पथराव

नूंह, जागरण संवाददाता। हरियाणा के नूंह में ब्रज मंडल यात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। लोगों ने झड़प के दौरान कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नूंह और हथीन में इंटनेट सेवा को भी बंद कर दिया गया है। साथ ही जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है।

मंदिर में फंसे हैं कई लोग

नूंह में हालात खराब होने के चलते नलहड़ मंदिर में लगभग 5000 लोग फंसे हुए हैं। इसमें आसपास के जिलों के लोग शामिल हैं। समीपवर्ती गांव से समुदाय विशेष के लोग तलवारों का हथियार लेकर नूह पहुंच रहे हैं।

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेंद्र पर भी हमला किया गया है। डॉ सुरेंद्र जैन का कहना है कि यात्रा से कार्यकर्ताओं को खींचकर हर में ले जाया गया। कई कार्यकर्ता लापता है। 

बता दें कि मोनू मानेसर के रात में जारी वीडियो से पहले से तनाव था। हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने श्रीराम की जयकार करते ही मुस्लिम समुदाय के लोग विरोध करने लगे। खबर यह भी है कि दोनो ओर से पहले झड़प हुई।

बीच-बीच में हो रही फायरिंग

बीच-बीच में गोली चल रही है। अब तक तीन लोगों को गोली लगने की बात सामने आई है। जानकारी ये भी सामने आ रही है कि गोली लगने से एक बंजरंग दल के कार्यकर्ता की मौत हो गई। हालांकि, इस संंबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

गुरुग्राम से पहुंची थी यात्रा

खास बात है कि हर साल की तरह इस साल भी बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली गई है। यात्रा में गुरुग्राम से भी सैकड़ों गाड़ियों में सवार विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भगवान शिव का जलाभिषेक करने नल हड शिव मंदिर नूह में गए हुए थे। यात्रा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह भी शामिल हैं।

कई गाड़ियों में लगाई गई आग

यात्रा जैसे ही शिव मंदिर नल हड पहुंच रही थी। उसी दौरान समुदाय विशेष से जुड़े शरारती तत्वों ने यात्रा पर पथराव शुरू कर दिया और कई गाड़ियों में आगजनी और तोड़फोड़ की है। विश्व हिंदू परिषद गुरुग्राम के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह का कहना है कि यात्रा पर अचानक हमला किया गया। 

हालांकि, पुलिस अभी तक इस मामले को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन कहीं ना कहीं इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। इस हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी नहीं है। झड़प के दौरान गोली चलने की भी खबर है। 

हथियार लेकर नूंह पहुंचे समुदाय विशेष के लोग

इस बीच जानकारी सामने आ रही है कि नजदीकी गांव के समुदाय विशेष के लोग तलवार व कट्टा लेकर नूंह पहुंचे हैं। फिलहाल पुलिस ने बाजार को बंद करवा दिया है। स्थिति को देखते हुए नूंह के साथ ही गुरुग्राम और पलवल में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। साथ ही जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है।

नूंह और हथीन में इंटरनेट सेवा बंद

नलहड़ रोड और खेड़ा मोड़ के बीच बजरंग दल के कार्यकर्ता फसे हुए हैं, पुलिस गायब है और मौके पर स्तिथि तनावपूर्ण है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम और पलवल से अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया है। इसके अलावा नूंह और हथीन में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है।

इनपुट- आदित्य राज/सत्येंद्र सिंह/अंकुर अग्निहोत्री

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।