Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana News: पलवल के पूर्व विधायक सुभाष चौधरी का निधन, 13 सितंबर से थे अस्पताल में भर्ती

हरियाणा के पलवल से पूर्व विधायक सुभाष चौधरी का निधन हो गया है। 13 सितंबर को उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था जिसके बाद उन्हें फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार दोपहर 11 बजकर 50 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 73 वर्ष के थे। उनके जाने से उनके परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर छा गई है।

By Jagran News Edited By: Pooja Tripathi Updated: Tue, 17 Sep 2024 02:00 PM (IST)
Hero Image
पलवल के पूर्व विधायक सुभाष चौधरी का 73 वर्ष की आयु में निधन

जागरण संवाददाता, पलवल। हरियाणा के पलवल सीट से पूर्व विधायक सुभाष चौधरी का आज निधन हो गया। उन्होंने फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल में मंगलवार सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर अंतिम सांस ली।

गौरतलब है कि 13 सितंबर को उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया था, जिसके बाद से ही उनका इलाज फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था।

वह 73 वर्ष के थे। उनके जाने से उनके परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर छा गई है।

लोगों से बातचीत करते हुए तबीयत हुई खबर

गौरतलब है कि सुभाष चौधरी 13 सितंबर को दोपहर करीब ढाई बजे अपने निवास स्थान पर लोगों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई।

उन्हें आनन-फानन में फरीदाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। 

राजनीतिक सफर (Political Career)

लगातार चार बार से जीतते आ रहे कद्दावर नेता करण सिंह दलाल को सुभाष चौधरी ने वर्ष 2009 के चुनाव में इनेलो की टिकट पर मात दी थी। इसके बाद वे प्रदेश की राजनीतिक सुर्खियों में आ गए थे।

सुभाष चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी करण सिंह दलाल को 6,672 वोटों से हराया था। वर्ष 2014 का चुनाव फिर से इनेलो की टिकट पर लड़ा, मगर सफलता हाथ नहीं लगी।

वह तीसरे स्थान पर रहे थे। उन्हें 32,676 मत प्राप्त हुए थे। इसके बाद चौधरी भाजपा में शामिल हो गए थे, मगर भाजपा से टिकट नहीं मिला।

लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा छोड़कर कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप का समर्थन करने वाले पूर्व विधायक सुभाष चौधरी ने चार अगस्त को पंचायत कर दस दिनों के अंदर कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया था।

मगर वह शामिल नहीं हो पाए। चौधरी कांग्रेस की टिकट पर पलवल विस सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें