Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: भाजपा नहीं कर पा रही डैमेज कंट्रोल, नाराज नेताओं को मनाने में जुटे CM सैनी सहित कई दिग्गज

हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Election 2024) से पहले भाजपा नेताओं की नाराजगी दूर करना भारतीय जनता पार्टी के लिए मुश्किल हो रहा है। उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आने के बाद टिकट पाने से वंचित दावेदारों का असंतोष थामना मुश्किल हो रहा है। बता दें कि भाजपा ने पहली सूची में 67 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर चुकी है बाकि बचे 23 सीटों पर उम्मीदवारों का घोषणा होना बाकी है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Mon, 09 Sep 2024 01:45 PM (IST)
Hero Image
नाराज नेताओं को मनाने में जुटी बीजेपी (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भाजपा में 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद टिकट से वंचित दावेदारों में पनपे असंतोष को थामना मुश्किल हो रहा है। पार्टी के दिग्गज मोर्चा संभाले हुए हैं। शीर्ष नेतृत्व सोमवार को करीब एक दर्जन उन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर दोबारा मंथन करेगा, जहां घोषित उम्मीदवारों का विरोध हो रहा है।

23 सीटों के उम्मीदवारों पर होगी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले यह कह चुके हैं कि पार्टी किसी भी मौजूदा उम्मीदवार का टिकट नहीं बदलेगी, लेकिन भाजपा के असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं ने टिकट बदलने के लिए पार्टी पर पूरा दबाव बनाया हुआ है। भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के दिल्ली आवास पर सोमवार को उन 23 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा होगी, जिनकी घोषणा बाकी है।

इन सीटों पर हो रहा है विरोध

भाजपा 67 उम्मीदवार पहले ही घोषित कर चुकी है। भाजपा में गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी, रानियां, सोहना, इंद्री, करनाल, पंचकूला, तोशाम, महम, बेरी, डबवाली और हिसार विधानसभा सीटों पर घोषित उम्मीदवारों का पुरजोर विरोध हो रहा है।

करनाल में जगमोहन आनंद को टिकट देने से नाराज मेयर रेणुबाला गुप्ता को मनाने के लिए शनिवार रात को मुख्यमंत्री नायब सैनी पहुंचे और रविवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल दिल्ली से करनाल पहुंचे।

करण देव कांबोज को बनाने पहुंचे थे सीएम सैनी

इंद्री में भाजपा ने मौजूदा विधायक रामकुमार कश्यप को टिकट दिया है, जिसका पूर्व खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री करण देव कांबोज विरोध कर रहे हैं। उन्हें मनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी पहुंचे थे। सबसे ज्यादा असंतोष गुरुग्राम में देखने को मिल रहा है, जहां भाजपा ने विधायक सुधीर सिंगला का टिकट काटकर उनके स्थान पर मुकेश शर्मा पहलवान को टिकट दिया है।

नवीन गोयल और जीएल शर्मा ने खोला मोर्चा

यहां टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नवीन गोयल और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने जबरदस्त तरीके से मोर्चा खोला हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोनों को मनाने की कोशिश की है, लेकिन नवीन गोयल के निर्दलीय चुनाव लड़ने की पूरी संभावना है।

रेवाड़ी में भाजपा ने कोसली के विधायक लक्ष्मण यादव को टिकट दिया है, जिससे पूर्व विधायक रणधीर कापड़ीवास और उनके भतीजे टिकट के दावेदार मुकेश कापड़ीवास नाराज है। दोनों ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर लक्ष्मण यादव को बाहरी उम्मीदवार बताते हुए विरोध किया है। मुकेश कापड़ीवास ने तो यहां तक कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत भाजपा से हैं, भाजपा उनसे कैसे हो सकती है।

कविता जैन निर्दलीय लड़ सकती है चुनाव

सोनीपत में भाजपा ने पूर्व शहरी निकाय मंत्री कविता जैन और उनके पति राजीव जैन के बजाय हाल ही में भाजपा में शामिल हुए मेयर निखिल मदान को टिकट दिया है। कविता जैन और राजीव जैन के अपने समर्थकों के बीच आंसू तक आ गए। कविता जैन निर्दलीय चुनाव लड़ने पर विचार कर रही हैं।

कन्हैया मित्तल भाजपा से नाराज

पंचकूला से टिकट से वंचित भजन गायक कन्हैया मित्तल भी भाजपा से नाराज हो गए और कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। कन्हैया मित्तल ने स्पीकर डॉ. ज्ञानचंद गुप्ता की टिकट का विरोध किया है। टिकट कटने से वंचित हरियाणा के पूर्व बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने रानियां में अपना कार्यालय खोल दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में करीब 20 निर्दलीय उममीदवार चुनाव जीतने वाले हैं।

सावित्री जिंदल का कट गया था टिकट

हिसार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के स्थान पर टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर रखा है। इस ऐलान के बाद सावित्री जिंदल अभी पार्टी के फैसले का इंतजार कर रही हैं। हिसार में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष तरुण जैन ने भी निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। कालांवाली के पूर्व विधायक बलकौर सिंह टिकट कटने से नाराज होकर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ने छोड़ी पार्टी

कोसली में टिकट कटने से पूर्व मंत्री बिक्रम ठेकेदार नाराज हैं। हिसार जिले में भाजपा कार्यकारिणी से जिला उपाध्यक्ष तरुण जैन, जिला सचिव एवं जिला पार्षद दर्शनगिरी महाराज, उकलाना से चुनाव लड़ चुकी सीमा गैबीपुर, आदमपुर से भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुभाष जैन ने पार्टी छोड़ दी है। सावित्री जिंदल ने भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: जब गहलोत ने भजनलाल से पूछा- कहां चली गई अब आपकी पीएचडी, पढ़िए चुनावी किस्सा

श्रुति चौधरी के टिकट का विरोध कर रहे शशि रंजन परमार

झज्जर से किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमित अहलावत डीघल ने इस्तीफा दे दिया है। वह बेरी विधानसभा से निर्दलीय चुनाव मैदान में आएंगे। तोशाम से टिकट नहीं मिलने पर पूर्व विधायक शशि रंजन परमार ने भाजपा छोड़ते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वे किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी के टिकट का विरोध कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Haryana Election: कांग्रेस को बड़ा झटका, दीपक बावरिया की बिगड़ी तबीयत; डॉक्टरों ने चुनाव प्रचार करने से किया मना