Move to Jagran APP

Politics: चरम पर पहुंची गोहाना की जलेबियों पर हो रही राजनीति, भाजपा ने राहुल गांधी को भिजवाईं

हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में दावा किया था कि हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली कांग्रेस नेताओं को जलेबियां भिजवाएंगेताकि वे भाजपा की जीत की खुशी को साझा कर सकें। दीपेंद्र हुड्डा ने दो दिन पहले एक्स हेंडिल पर कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम नायब सैनी को चुनाव जीतने के बाद आठ अक्टूबर को जलेबियां भिजवाएंगे।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 11 Oct 2024 05:45 AM (IST)
Hero Image
भाजपा ने राहुल गांधी को भिजवाई जीत की जलेबियां

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में हुई प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए जलेबियां भिजवा दी हैं। भारतीय जनता पार्टी के इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म से राहुल गांधी को जलेबियां भिजवाने की जानकारी दी गई है।

हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में दावा किया था कि हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली कांग्रेस नेताओं को जलेबियां भिजवाएंगे, ताकि वे भाजपा की जीत की खुशी को साझा कर सकें।

कांग्रेस और भाजपा में राजनीतिक वार

सोनीपत के गोहाना की जलेबियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा में राजनीतिक वार चल रहा है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गोहाना रैली में राहुल गांधी को गोहाना की बड़ी-बड़ी जलेबियों का डिब्बा भेंट किया था, जिसके बाद राहुल गांधी ने कहा था कि इन जलेबियों को फैक्टरी में बनाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके और हरियाणा की यह जलेबियां बाहर के देशों में निर्यात हो पाएं।

भाजपा ने राहुल गांधी की इस टिप्पणी को उनकी नासमझी से जोड़ते हुए प्रचारित किया था और कहा था कि उन्हें हरियाणा की इन जलेबियों के बारे में जानकारी नहीं है।

भाजपा ने भिजवा दी जलेबियां

दीपेंद्र हुड्डा ने दो दिन पहले एक्स हेंडिल पर पोस्ट कर कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर हम नायब सैनी को चुनाव जीतने के बाद आठ अक्टूबर को जलेबियां भिजवाएंगे।

कांग्रेस तो यह जलेबियां नहीं भिजवा पाई, लेकिन भाजपा ने जरूर भिजवा दी हैं। भाजपा नेता अरुण यादव के अनुसार इन जलेबियों को ऑनलाइन भिजवाया गया है।

यहां से शुरू हुई जलेबियों की चर्चा

हरियाणा (Haryana Election 2024) के चुनाव में गोहाना की मातू राम की जलेबियां (Maturam Jalebi) राजनीति की चासनी में ऐसे लपेटी गई कि इंटरनेट पर उनकी खूब चर्चा होने लगी। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गोहाना रैली के मंच पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मातू राम की बड़ी जलेबियों का डिब्बा भेंट किया था।

राहुल गांधी ने मंच से ही इन जलेबियों के स्वाद की सराहना की और इनके निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की थी। राहुल गांधी ने कांग्रेस की विजय संकल्प रैली के मंच से जब इन जलेबियों के किसी बड़े कारखाने में तैयार किए जाने, हजारों लोगों को रोजगार मिलने तथा देश-विदेश में निर्यात करने पर फोकस किया, तो उन्हें खूब ट्रोल किया गया। वहीं, हरियाणा में भाजपा ने चुनाव जीत लिया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें