Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारियों में जुटे BJP दिग्गज, बिप्लब देब के आवास पर बनी रणनीति

Haryana News हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारियों में भाजपा नेता जुट गए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की व्यस्तता के चलते इस बैठक को दिल्ली में भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब के आवास पर रखा गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को पूर्वी और दक्षिण अफ्रीकी देशों के राजदूत और उच्चायुक्तों को दिए गए रात्रिभोज की मेजबानी के लिए दिल्ली गए हुए थे।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Fri, 01 Sep 2023 08:02 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारियों में जुटे BJP दिग्गज

चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वन नेशन-वन इलेक्शन के लिए बनाई गई कमेटी के तुरंत बाद हरियाणा भाजपा ने लोकसभा के साथ ही विधानसभा चुनाव की संभावना पर विचार-विमर्श आरंभ कर दिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और पार्टी के संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा के बीच शुक्रवार को दिल्ली में हुई बैठक में तीसरी बार राज्य में भाजपा की सरकार बनाने की रणनीति पर विचार विमर्श किया गया।

छोटी टोली का दिया गया नाम

भाजपा में इस बैठक को छोटी टोली की बैठक का नाम दिया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को पूर्वी और दक्षिण अफ्रीकी देशों के राजदूत और उच्चायुक्तों को दिए गए रात्रिभोज की मेजबानी के लिए दिल्ली गए हुए थे। पहले यह बैठक गुरुग्राम में होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की व्यस्तता के चलते इस बैठक को दिल्ली में भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देब के आवास पर रखा गया।

सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा की गई

बैठक में सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा की गई। बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों पर मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सटीक जवाबों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा प्रथम व द्वितीय श्रेणी के दलित अधिकारियों को पदोन्नति में 20 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पन्ना प्रमुखों व विस्तारकों की बैठक के बारे में जानकारी दी।

मनोहर लाल ने जनसंवाद कार्यक्रमों के फीडबैक को किया साझा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनसंवाद कार्यक्रमों के आ रहे फीडबैक को साझा किया। साथ ही वन नेशन-वन इलेक्शन के तहत देश में एक साथ होने वाले चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को हर क्षेत्र में शिखर पर लेकर जाना भाजपा का लक्ष्य है।

कई राजनीतिक मुद्दों पर हुई चर्चा

छोटी टोली की बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पार्टी प्रभारी बिप्लब देब के बीच अलग से भी कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है। इससे पहले गुरुग्राम में हुई लोकसभा और जिला स्तर के पार्टी विस्तारकों की बैठक में 2024 के चुनाव में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। 2014 और 2019 की सफलता को पार्टी अगले साल होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी दोहराना चाहती है।

सरकारें व प्रतिनिधि दे सकेंगे अच्‍छी सेवाएं- ओमप्रकाश धनखड़

प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने आगामी चुनाव को लेकर विस्तारकों को प्रोत्साहित किया और फील्ड में उतरकर लोगों की भावनाओं के अनुरूप काम करने की बात कही। विस्तारक विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठे प्रचार को जनता के बीच जाकर ध्वस्त करने का काम करें।

ओमप्रकाश धनखड़ ने दिल्ली में हुई छोटी टोली की बैठक के बाद कहा कि यदि देश में एक नेशन-एक इलेक्शन का सिद्धांत लागू होता है तो इससे सरकारें व प्रतिनिधि अच्छी सेवाएं दे सकेंगे। देश पर चुनाव का बोझ कम होगा। बार-बार चुनाव नहीं होंगे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें