Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana: सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को दी चुनौती, कहा- 'आप मैदान में आओ, देखते हैं किसमें कितना है दम'

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने को लेकर कहा कि ये फैसला चुनाव आयोग का है। चुनाव नतीजों से भाजपा जजपा गठबंधन पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ेगा। हम कहीं से भी और किसी भी रूप से कमजोर नहीं हैं। विपक्ष अपनी ताकत लगा ले फिर हम बताएंगे कि हमारे में कितना दम है।

By Anurag AggarwaEdited By: Deepak SaxenaUpdated: Thu, 14 Dec 2023 03:44 PM (IST)
Hero Image
सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को दी चुनौती (फाइल फोटो)।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हम कहीं से भी और किसी भी रूप में कमजोर नहीं हैं। भाजपा राज्य के चुनावी रण और विधानसभा, दोनों स्थानों पर कांग्रेस का जवाब देने के लिए तैयार हैं। मनोहर लाल ने कहा कि विपक्षी दल खासकर कांग्रेस अक्सर कहते हैं कि चुनावी रण में और विधानसभा में भाजपा को घेरा जाएगा। ऐसे प्रयास करने में कोई बुराई नहीं है। विपक्ष अपनी ताकत लगाए, फिर हम बताएंगे कि हमारे में कितना दम है। हमारे पास बहुत कुछ है, जो विपक्ष के पास नहीं है।

लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने का फैसला चुनाव आयोग का

चंडीगढ़ में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने का फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व व चुनाव आयोग का फैसला होता है। यदि एक चुनाव का दूसरे चुनाव में छह माह का अंतर हो तो चुनाव आयोग पहले भी चुनाव करा सकता है। हरियाणा में लोकसभा चुनाव के बाद अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने प्रस्तावित हैं, जिनकी अवधि छह माह से कम है। ऐसे में केंद्रीय चुनाव आयोग फैसला लेगा कि उसे लोकसभा के साथ ही हरियाणा विधानसभा के चुनाव कराने हैं या नहीं। हम एक साथ भी और अलग-अलग भी दोनों परिस्थितियों में चुनाव के लिए तैयार हैं।

ये भी पढ़ें: Haryana Winter Session: तीन हरियाणवी गीत किए गए शॉर्टलिस्ट, विधानसभा में 'राज्य थीम सॉन्ग' के लिए होगी वोटिंग

मुख्यमंत्री ने भाजपा व जजपा गठबंधन के भविष्य से जुड़े सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले कहा था कि इन चुनाव नतीजों का हरियाणा की राजनीति पर असर पड़ेगा। अब उसे स्पष्ट करना चाहिए कि इन चुनाव नतीजों का क्या असर रहने वाला है। रही गठबंधन की बात तो चुनाव नतीजों का गठबंधन की राजनीति पर असर से कोई मतलब नहीं है। मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा राजस्थान की अधिकतर सीटों पर कांग्रेस की जीत के दावे को खारिज किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों का आंकड़ा पूरी तरह से गलत है। असलियत यह है कि हरियाणा से सटी राजस्थान की 27 सीटों में से 17 पर भाजपा जीती है।

कोई नेता छोटा, बड़ा या दिग्गज नहीं होता, सब विधायक नेता

तीन राज्यों में भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए नये चेहरों को लाने से जुड़े सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि कोई भी दिग्गज, छोटा या बड़ा नेता नहीं होता। जो विधायक चुनाव जीतकर आए, वह नेता कहलाता है और नये लोगों में से किसी को भी मौका देना भाजपा के स्वस्थ लोकतंत्र का बढ़िया उदाहरण है। कांग्रेस में कोई लोकतंत्र नहीं रह गया। कांग्रेस सिर्फ गांधी परिवार तक सीमित होकर रह गई है। पूरे देश की जनता उसे धीरे-धीरे पूरी तरह से नकार देगी।

हरियाणा का माडल जबरदस्त, लागू करते-करते थक जाएंगे दूसरे राज्य

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हरियाणा का माडल जबरदस्त और लाजवाब है। केंद्र सरकार भी हरियाणा के माडल की तारीफ कर चुकी है। कई राज्य हरियाणा के विकास के माडल और गरीब कल्याण की योजनाओं को अपने यहां लागू कर रहे हैं। अगर दूसरे राज्य हरियाणा के माडल को पूरी तरह से अपने यहां लागू करने का इरादा कर लें तो वह उसे लागू करते-करते थक जाएंगे, लेकिन माडल के उदाहरण खत्म नहीं होंगे। मनोहर लाल ने कहा कि हमें उपयोगी सुझाव सरकार में लागू करने से कोई परहेज नहीं है, भले ही वह आम आदमी भी दे।

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फरलों में अतिरिक्त नरमी नहीं

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिलने वाली फरलो और पैरोल से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वह व्यक्ति फरलो व पैराल को अधिकारी है, जिसका जेल में आचरण सही है। इसके लिए संबंधित कैदी व लोग आवेदन करते हैं। उनका चाल चलन और व्यवहार देखा जाता है। डेरा प्रमुख को पैरोल या फरलो देने पर कोई अतिरिक्त नरमी नहीं दिखाई गई है। संसद में सुरक्षा में हुई चूक पर मनोहर लाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्रद्रोही को बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग इस काम में शामिल हैं, उनके बारे में सिक्योरिटी एजेंसियां पूरी जानकारी जुटा रही हैं। हार्ड कोर क्रिमिनल कोई भी हो, वह किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़ें: संसद की सुरक्षा में चूक पर बोले गृह मंत्री विज- 'हर षड्यंत्र का होगा खुलासा, नीलम के रिकॉर्ड्स खंगाल रही पुलिस'