Move to Jagran APP

Haryana News: भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने पर हमलावर हुई कांग्रेस और आप, कहा- गिरोह के लिए नौ साल साबित हुए अमृतकाल

हरियाणा में सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और आप ने बीजेपी पर हमला बोला है। आप के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में एक भी नौकरी की भर्ती बिना विवादों के नहीं हुई। इसके साथ कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी के शासन काल पेपर लीक गिरोह के लिए अमृतकाल साबित हुआ।

By Sudhir TanwarEdited By: Deepak SaxenaUpdated: Sat, 28 Oct 2023 10:30 PM (IST)
Hero Image
भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने पर हमलावर हुई कांग्रेस और आप।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षाओं के पेपर बार-बार लीक होने को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) हमलावर हो गई हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि बीते नौ साल पेपर लीक गिरोह के लिए अमृतकाल साबित हुए हैं। आप के प्रदेशाध्यक्ष और सांसद डा. सुशील गुप्ता तथा वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में एक भी नौकरी की भर्ती बिना विवादों के संपन्न नहीं हुई है। इससे युवा हताश और निराश हैं।

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से भर्तियों की शुचिता खत्म हो चुकी है। भर्ती घोटालों की जांच के नाम पर हर बार सत्ताधारी सफेदपोश बचाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सभी पेपर लीक कांडों पर श्वेतपत्र जारी कर दोषियों के नाम बताएं। साथ ही जानकारी दें कि उन्हें क्या सजा दी।

उन्होंने कहा कि दो महीने पहले जब आधी रात को हाई कोर्ट खुलवाकर ग्रुप सी का पर्चा लेने की दलील दी गई तो उसमें ग्रुप 56 और 57 के पेपर में जानबूझकर 41 प्रश्न रिपीट कर दिए। जींद में पर्चा लीक करने वाले गिरोह के जो सदस्य पकड़े गए थे, उन पर क्या कार्रवाई हुई? अब ग्रुप डी की 21 और 22 अक्टूबर को आयोजित परीक्षा का पर्चा लीक होने के प्रमाण खुद दिल्ली पुलिस दे रही है।

ये भी पढ़ें: BJP प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने की एकजुट होने की अपील, कहा-'मतभेद भुलाकर मोदी और मनोहर के लिए काम करें कार्यकर्ता'

30 भर्ती परीक्षाएं हो चुकी लीक : डॉ. गुप्ता

हरियाणा आप के प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि मनोहर सरकार के नौ साल में 30 भर्ती परीक्षाएं लीक हो चुकी हैं। सुनियोजित तरीके से भर्ती परीक्षा लीक करते हुए युवाओं से एडवांस में पैसे लेकर अलग से तैयारी करवाई जाती है। इससे आम घरों के युवा के सपने धरे के धरे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी में हरियाणा देश में नंबर एक पर बना हुआ है। आज बेरोजगारी के कारण युवा विदेश में पलायन करने को मजबूर हो गए हैं।

युवाओं से खिलवाड़: अनुराग ढांडा

हरियाणा आप के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि बार-बार पेपर लीक कर युवाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसके बावजूद दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। प्रदेश के युवा दिन और रात एक करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन रिजल्ट आने से पहले ही पेपर लीक हो जाता है, परीक्षा रद कर दी जाती है या मामला कोर्ट में चला जाता है। ऐसे में नौकरियों के इंतजार में युवा ओवरएज हो जाते हैं। ऐसी खराब स्थिति हरियाणा के अलावा देश में कहीं नहीं है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा के युवाओं को दिसंबर तक मिलेगी 60 हजार नौकरियां!, सीएम मनोहर लाल बोले- बिना खर्ची-पर्ची के मिला रोजगार

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें