Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election: दुष्यंत को टक्कर देंगे बृजेंद्र, श्रुति से भिड़ेंगे अनिरुद्ध; कांग्रेस ने 6 सीटों पर बदले उम्मीदवार

हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election 2024) के लिए कांग्रेस ने रविवार देर रात उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने थानेसर से पूर्व विधानसभा स्पीकर अशोक अरोड़ा को टिकट दिया है। वहीं उचाना से कांग्रेस ने दुष्यंत चौटाला के खिलाफ चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। तोशाम से अनिरुद्ध चौधरी को चुनावी रण में उतारा है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Mon, 09 Sep 2024 09:22 AM (IST)
Hero Image
उचाना में दुष्यंत चौटाला को टक्कर देंगे बृजेंद्र सिंह (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें नौ उम्मीदवारों के नाम हैं। ऐसे में अब तक कांग्रेस ने 41 विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। कांग्रेस की 41 की सूची में जातिवार 12 जाट, 9 एससी, 9 ओबीसी, 4 पंजाबी, 3 ब्राह्मण, 3 मुस्लिम और एक सिख शामिल हैं। भाजपा ने 67 सीट पर उम्मीदवार घोषित कर रखे हैं।

उचाना में दुष्यंत के खिलाफ बृजेंद्र मैदान में

अब रविवार की सूची में कांग्रेस ने थानेसर से पूर्व विधानसभा स्पीकर एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा पर एक बार फिर से भरोसा जताया है। उचाना सीट से हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है। बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं।

उचाना में जननायक जनता पार्टी के टिकट पर पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला चुनाव लड़ रहे हैं। बीरेंद्र सिंह और दुष्यंत चौटाला में पिछले काफी समय से तनातनी चली आ रही है। अब इस सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है।

गुरुग्राम से सुखबीर कटारिया का कटा टिकट

गुरुग्राम सीट से कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया का टिकट काट मोहित ग्रोवर को टिकट दिया है। कांग्रेस इससे पहले 32 उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवारों की संख्या अब 41 हो गई है।

90 सदस्यीय विधानसभा के लिए कांग्रेस धीरे-धीरे अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रही है। उसे डर है कि एक साथ सूची जारी होने से टिकट से वंचित बाकी दावेदारों में असंतोष पैदा हो सकता है।

कांग्रेस ने छह सीटों पर बदले उम्मीदवार

रविवार देर रात दूसरी सूची में कांग्रेस ने छह सीटों पर उम्मीदवार बदले हैं। गन्नौर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा को दोबारा टिकट दिया है। बादशाहपुर में भाजपा ने पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर को टिकट दिया है।

निर्दलीय विधायक स्व. राकेश दौलताबाद की धर्मपत्नी कुमुदनी दौलताबाद के भी कांग्रेस का उम्मीदवार बनने की चर्चा थी, लेकिन अब माना जा रहा है कि कुमुदनी अपने पति की तरह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी।

यह भी पढ़ें- Haryana Election: 'नादान थे बच्चे, झांसे में आकर इनेलो को तोड़े', अभय चौटाला ने दुष्यंत और दिग्विजय पर कसा तंज

बंसीलाल की विरासत कौन संभालेगा... अब तोशाम में होगा तय

भिवानी जिले की तोशाम विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने चार बार प्रदेश की कमान संभालने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल के पोते और क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रणबीर महेंद्रा के बेटे अनिरुद्ध चौधरी को चुनावी रण में उतारा है।

इस सीट से किरण चौधरी चुनाव लड़ती रही हैं। किरण अब भाजपा में हैं। भाजपा ने उन्हें राज्यसभा में भेज दिया है। भाजपा ने तोशाम से किरण चौधरी की पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी को चुनावी रण में उतारा है। अब बंसीलाल परिवार की इस भाई-बहन की जोड़ी अनिरुद्ध चौधरी और श्रुति चौधरी के बीच यहां मुकाबला होगा।

यह भी पढ़ें- 'बजरंग पूनिया कांग्रेस छोड़ दो वरना...' पहलवान को मिली जान से मारने की धमकी पर क्या बोले CM सैनी?

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर