Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bhupinder Hooda Interview: 'न तो मै Tired हुआ और न रिटायर्ड', हरियाणा में CM चेहरे के सवाल पर क्या बोले भूपेंद्र हुड्डा

बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को पांच सीटें मिलने के बाद कॉन्फिडेंस में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसी के चलते कांग्रेस पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने का मूड बना चुकी है। कुछ महीनों में ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं तो कांग्रेस की क्या चुनावी रणनीतियां हैं और कौन रहेगा कांग्रेस का सीएम चेहरा। इन तमाम सवालों के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जवाब दिए।

By Agency Edited By: Deepak Saxena Updated: Tue, 13 Aug 2024 07:08 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा में CM चेहरे के सवाल पर क्या बोले भूपेंद्र हुड्डा।

पीटीआई, नई दिल्ली/पंचकूला। हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने जोरशोर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने भी हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। साथ ही उन्होंने अपने साक्षात्कार में मुख्यमंत्री पद के चेहरे से जुड़े सवालों के साथ कई प्रश्नों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि वह न तो 'टायर्ड' हैं और न ही 'रिटायर्ड' हैं, लेकिन पार्टी को बहुमत मिलने के बाद आलाकमान मुख्यमंत्री के बारे में फैसला करेगा।

पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में गुटबाजी की बात को भी खारिज करते हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda Interview) ने कहा कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं है और आगामी चुनाव सभी नेता एकजुट होकर लड़ेंगे।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत मिलने की उम्मीद जताई और कहा कि जननायक जनता पार्टी (जजपा) और इंडियन नेशनल लोक दल 'वोट कटवा' पार्टी हैं जिनका कोई असर नहीं होने वाला है क्योंकि प्रदेश की 36 बिरादरी कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने का मन बना चुकी है।

हरियाणा में इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। हालिया लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को प्रदेश की 10 में पांच सीट हासिल हुईं। हुड्डा का कहना है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है।

प्रश्न- किन मुद्दों को आगे रखकर कांग्रेस चुनाव में उतरने जा रही है?

इस सवाल पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि साल 2014 में जब हमने सरकार छोड़ी थी तो उस समय हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश, नौकरी देने और कानून-व्यवस्था में नंबर एक था। अब हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई में नंबर एक है तथा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। हरियाणा बहुत पीछे चला गया है। इस चुनाव में ये सब मुद्दे होंगे।

प्रश्न- हरियाणा में गुटबाजी की चुनौती से कैसे निपटेंगे?

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी गुटों में नहीं बंटी है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अवश्य गुटों में बंटी हुई है। हां मतभेद होते हैं, मनभेद नहीं है। पार्टी एक है और एक होकर चुनाव लड़ेगी।

हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलग-अलग चुनावी कार्यक्रमों के सवाल पर उन्होंने कहा कि सब कांग्रेस के लिए प्रचार कर रहे हैं, कांग्रेस को मजबूत करने की बात कर रहे हैं। ये पार्टी के कार्यक्रम हैं, सब उसी में शामिल हैं।

प्रश्न- क्या कांग्रेस को हरियाणा में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करना चाहिए?

इस सवाल के जवाब में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की एक तय प्रक्रिया है। चुनाव होता है, विधायक चुने जाते हैं। पर्यवेक्षक विधायकों से बात करते हैं और फिर आलाकमान फैसला करता है।

प्रश्न- क्या उनके पुत्र और सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हो सकते हैं?

बेटे को सीएम बनाए जाने के सवाल पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैंने पहले ही कहा कि पार्टी फैसला करती है...जहां तक मेरा सवाल है, मैं न तो टायर्ड हूं और न ही रिटायर्ड हूं।

प्रश्न- क्या इनेलो और बसपा के गठबंधन और JJP का चुनाव पर पड़ेगा असर?

इस चुनाव में इनेलो और बसपा के गठबंधन तथा जजपा का कोई असर नहीं होगा क्योंकि ये 'वोट कटवा' पार्टियां हैं। हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव का नतीजा आपने देखा होगा। लोकसभा चुनाव से साफ है कि मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। जजपा को लोकसभा चुनाव में एक प्रतिशत भी वोट नहीं मिला। सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस का है।

ये भी पढ़ें: Haryana Election: समय से पहले नहीं होंगे विधानसभा चुनाव, चुनाव आयोग ने टटोला राजनीतिक दलों का मन

प्रश्न- मनोहर लाल खट्टर को हटाकर नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाने का चुनाव पर कितना असर होगा?

सीएम नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हु्ड्डा ने कहा कि उनका (भाजपा) हिसाब है कि मुख्यमंत्री बदलने से सत्ता विरोधी माहौल कम हो जाएगा। जहां तक हरियाणा का सवाल है तो लोगों ने इनको (भाजपा) ही बदलने का फैसला कर लिया है।

प्रश्न- इस चुनाव में वह कांग्रेस को कितनी सीटें मिलने की उम्मीद कर रहे हैं?

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भारी बहुमत मिलेगा क्योंकि 36 बिरादरी मन बना चुकी हैं। पूरे देश में 'इंडिया' गठबंधन का सबसे ज्यादा मत प्रतिशत हरियाणा में है। प्रदेश के सभी लोकसभा क्षेत्रों और विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का वोट बढ़ा है और भाजपा का वोट घटा है। यह स्पष्ट है कि आने वाली सरकार कांग्रेस की बनेगी।

महिला पहलवान विनेश फोगाट के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि इसकी जांच होनी चाहिए तथा उनको वही सम्मान मिलना चाहिए जो स्वर्ण पदक को विजेता को मिलता है। उन्होंने अपनी यह मंशा फिर दोहराई कि विनेश को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। उनका कहना है कि अगर हमारा बहुमत होता तो उनको राज्यसभा में लेकर आते। जो उन पर गुजरी है उसे देखते हुए 'हीलिंग टच' देना चाहिए। मेरे कहने का मतलब है कि उन्हें प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना था कि सभी पार्टियों को मिलकर उन्हें राज्यसभा में भेजना चाहिए और ऐसा नहीं होता है तो राष्ट्रपति उन्हें मनोनीत कर सकती हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि हरियाणा को 'खेलो इंडिया' के बजट का सिर्फ तीन प्रतिशत राशि मिली है।

ये भी पढ़ें: Fake Note Printing Case: यमुनानगर में नकली नोट छपाई मामले में जेल भेजे गए आरोपित, गिरोह के तीन सदस्यों की तलाश जारी