Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana: लोकसभा चुनाव से कांग्रेस के दिग्गजों ने किनारा करके बेटों को किया आगे; अधिकतर पुराने चेहरों ने मांगे टिकट

हरियाणा के 250 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। वहीं चौंकाने वाले चेहरे कुमारी सैलजा भूपेंद्र हुड्डा रणदीप सुरजेवाला कुलदीप शर्मा कैप्टन अजय यादव और किरण चौधरी ने आवेदन नहीं किए हैं। दीपेंद्र हु्ड्डा रोहतक लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे आफताब व दान सिंह की गुरुग्राम में दावेदारी जेपी की हिसार और धर्मपाल मलिक की सोनीपत पर निगाह बनाए हुए हैं।

By Anurag Aggarwa Edited By: Deepak Saxena Updated: Wed, 07 Feb 2024 05:29 PM (IST)
Hero Image
लोकसभा चुनाव से कांग्रेस के दिग्गजों ने किनारा करके बेटों को किया आगे।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए राज्य के करीब 250 कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी इच्छा जताई है। औसतन एक लोकसभा सीट पर करीब 25 कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किए हैं। चुनाव लड़ने की चाह रखने वाले कांग्रेस नेताओं में अधिकतर पुराने नेता हैं, जबकि कई चौंकाने वाले चेहरों ने आवेदन नहीं किया है।

SRK गुट के नेता ने लोस चुनाव न लड़ने की जताई इच्छा

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, किरण चौधरी और कैप्टन अजय सिंह यादव ने किसी भी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं जताई है। न ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, बल्कि उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पास अपना आवेदन किया है। आफताब अहमद और राव दान सिंह को छोड़कर कांग्रेस के किसी मौजूदा विधायक ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए स्वयं को आगे नहीं किया है।

किरण चौधरी की बेटी ने जताई इच्छा

कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी की बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए आवेदन फार्म भरा है, जबकि पूर्व सांसद सुशील इंदौरा व पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी ने सिरसा लोकसभा सीटों से टिकट मांगे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी ने हिसार से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है, जबकि पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा के बेटे चाणक्य शर्मा ने करनाल से कांग्रेस का टिकट मांगा है।

हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक ने सोनीपत लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, जबकि पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने फरीदाबाद लोकसभा सीट से टिकट की दावेदारी ठोंकी है।

आफताब व दान सिंह की गुरुग्राम में दावेदारी

कांग्रेस नेता कर्नल रोहित चौधरी ने सोनीपत लोकसभा सीट से टिकट मांगा है, जबकि पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया भी सोनीपत से ही चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। पूर्व वित्त मंत्री प्रो. संपत सिंह के बेटे गौरव संपत सिंह ने हिसार में टिकट की दावेदारी की है। कांग्रेस विधायक दल के उप नेता एवं पूर्व मंत्री चौधरी आफताब अहमद गुरुग्राम से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं, जबकि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक राव दान सिंह गुरुग्राम व भिवानी-महेंद्रगढ़ दोनों लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने के चाहवान हैं।

ये भी पढ़ें: काम की खबर: अंत्योदय परिवारों के लिए वरदान बनी सरकार की 'दयालु योजना', जानिए कैसे उठा सकते हैं इस योजना का लाभ

महेंद्र प्रताप के बेटे विजय प्रताप ने मांगे टिकट

पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह के बेटे विजय प्रताप सिंह फरीदाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी सुभाष यादव गुरुग्राम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। पिछले दिनों कांग्रेस के एसआरके गुट ने सुभाष यादव की कांग्रेस में ज्वाइनिंग कराई थी। पूर्व विधायक जेपी नागर ने फरीदाबाद लोकसभा सीट से अपनी दावेदारी ठोंकी है।

हाईकमान के संपर्क में कांग्रेस के कई नेता

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि कई कांग्रेस नेता सीधे पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया के संपर्क में हैं और उन्हें अपने आवेदन सौंपने की बात कह रहे हैं, हालांकि कांग्रेस ऐसे सीधे आवेदनों पर विचार करेगी या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस किन चेहरों को चुनाव लड़वाएगी, वह लगभग तय है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह सम्मान देने और भरोसा दिलाने के लिए कि उनकी पार्टी में पूछ है, उनसे आवेदन मांगने की प्रक्रिया और रस्म निभाई गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस अपने आंतरिक सर्वे करा रही है और चुनाव जीतने वाले चेहरों पर ही दांव लगाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Haryana: गैर मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर कार्रवाई न करने पर HC सख्त, रिपोर्ट न देने पर सरकार पर लगेगा जुर्माना

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर