Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: धर्मेंद्र प्रधान से मिले गोपाल कांडा, भाजपा-हलोपा गठबंधन को लेकर जल्द होगा फैसला

हरियाणा में विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) का एलान हो चुका है। चुनाव से पहले गठबंधन की पार्टियों के नेता सीटों के बंटवारे को लेकर बैठक कर रहे हैं। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद प्रधान से मुलाकात की। वहीं रानियां विधानसभा सीट से बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।

By Anurag Aggarwa Edited By: Rajiv Mishra Updated: Sun, 18 Aug 2024 02:00 PM (IST)
Hero Image
हलोपा अध्यक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। एनडीए के घटक दल हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष एवं सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने शनिवार रात को नई दिल्ली में भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। हलोपा ने प्रदेश की आधा दर्जन विधानसभा सीटों पर दावेदारी जताते हुए भाजपा के समक्ष गठजोड़ का प्रस्ताव रखा है।

रक्षाबंधन के बाद सीटों पर होगी चर्चा

केंद्रीय मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने हलोपा द्वारा मांगी जाने वाली सभी सीटों पर चर्चा के उपरांत इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करने का भरोसा दिलाया है। हलोपा अध्यक्ष गोपाल कांडा की भाजपा के रणनीतिकारों के साथ यह दूसरी बैठक है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गोपाल कांडा के साथ तीसरी बैठक रक्षाबंधन के पर्व के तीन या चार दिन बाद आयोजित करने की बात कही है। तब तक पार्टी हलोपा द्वारा मांगी जाने वाली विधानसभा सीटों पर शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा कर लेगी।

पांच साल भाजपा के साथ है हलोपा

सिरसा के विधायक गोपाल कांडा ने पिछले पांच साल से भाजपा सरकार को समर्थन दे रखा है। एनडीए की बैठक में भी गोपाल कांडा हलोपा अध्यक्ष के नाते शामिल होते रहे हैं। उनके भाई गोबिंद कांडा भाजपा में हैं, जिन्होंने पिछले दिनों अपने बेटे धवल कांडा को रानियां विधानसभा सीट से हलोपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का इशारा कर दिया है।

सिरसा जिले में है हलोपा का प्रभाव

हलोपा का सिरसा जिले में पूरा प्रभाव है। गोपाल कांडा ने भाजपा नेताओं को प्रस्ताव दिया है कि जिन सीटों पर भाजपा को लगता है कि वह कमजोर है, वे सीटें हलोपा को सौंप दे।

हलोपा ने सिरसा, फतेहाबाद, ऐलनाबाद और रानियां विधानसभा सीटों पर अपनी पार्टी की मजबूत दावेदारी की है, जबकि गोबिंद कांडा भाजपा के टिकट पर फतेहाबाद व ऐलनाबाद से चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं। गोपाल कांडा ने इस मुलाकात के संबंध में कहा कि सब कुछ पाइप लाइन में है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: 'यह तो पहले से ही टूटे हुए थे', जेजेपी विधायकों के पार्टी छोड़ने पर अनिल विज ने कसा तंज

रानियां से रणजीत चौटाला ने चुनाव लड़ने का किया एलान

दूसरी तरफ, रानियां विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव जीते हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने दोबारा रानियां से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। लोकसभा चुनाव में विधायक दल से इस्तीफा देकर रणजीत चौटाला भाजपा में शामिल हो गए थे और भाजपा ने उन्हें हिसार लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था।

तब रणजीत चौटाला कांग्रेस के जयप्रकाश जेपी से करीब 25 हजार मतों से चुनाव हार गए थे। रणजीत चौटाला ने शनिवार को कहा कि भाजपा उन्हें रानियां से टिकट दे तो उन्हें बहुत खुशी होगी, लेकिन किसी कारण से यदि टिकट नहीं मिलता है तो भी वे रानियां से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

यह भी पढ़ें- Haryana: राज्यसभा उपचुनाव के बाद भंग की जा सकती है हरियाणा विधानसभा, राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर