Move to Jagran APP

हरियाणा: CMO और पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव, चुनाव में BJP को नुकसान पहुंचाने वाले अधिकारियों के होंगे तबादले

हरियाणा सरकार दीपावली के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करने जा रही है। कई जिलों के डीसी-एसपी बदले जाएंगे। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास ऐसे अधिकारियों की सूची है जिन्होंने चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जाने वाले फोन को गंभीरता से नहीं लिया।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 27 Oct 2024 06:24 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा चुनाव में BJP को नुकसान पहुंचाने वाले अधिकारियों के होंगे तबादले।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय और पुलिस प्रशासन में दीपावली के बाद बड़ा बदलाव तय है। मुख्यमंत्री कार्यालय में जहां नये अधिकारियों की एंट्री होगी, वहीं कई जिलों के डीसी-एसपी बदले जाएंगे।

लोकसभा चुनाव के बाद कई अधिकारियों की शिकायत सरकार के पास पहुंची थी, लेकिन तब सरकार ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते इन अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की।

विधानसभा चुनाव के दौरान भी जब अधिकारियों द्वारा भाजपा उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचाने तथा कांग्रेस प्रत्याशियों की मदद करने की पुख्ता जानकारियां सामने आईं तो ऐसे अधिकारियों की लिस्ट तैयार कर ली गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास ऐसे अधिकारियों की सूची भी पहुंची है, जिन्होंने चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जाने वाले फोन को गंभीरता से नहीं लिया।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार का  बड़ा खुलासा

ऐसे अधिकारियों को लग रहा था कि भाजपा जा रही है तो उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जाने वाले फोन को अटैंड करना बंद कर दिया था। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इस बात की पुष्टि की है कि सरकार के पास ऐसे अधिकारियों की पूरी सूची है। 

जिन्होंने मतदान के बाद कांग्रेस नेताओं के पास जाकर मुलाकात की और अच्छी पोस्टिंग की मनुहार लगाई। सरकार के पास ऐसे पुख्ता प्रमाण हैं कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी इन अधिकारियों ने भाजपा के साथ जबरदस्त खेल खेला।

HCS-HPS अधिकारियों का भी होगा तबादला

अब सरकार इन अधिकारियों को मुख्य पदों से हटाकर अपनी पसंद के अधिकारियों को मुख्य धारा में लाने की तैयारी कर रही है। प्रदेश में 22 जिले हैं, जिनमें से आधे से अधिक डीसी-एसपी बदले जाने की पूरी संभावना है। राज्य सरकार एचसीएस और एचपीएस अधिकारियों के भी तबादले करेगी।

मुख्यालय स्तर पर विभिन्न निदेशक, महानिदेशक और प्रधान सचिवों के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव भी बदले जाएंगे। मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद 31 अक्टूबर को रियाटर हो रहे हैं और केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर गये हरियाणा के सबसे वरिष्ठ आइएएस अधिकारी विवेक जोशी वापस लौट रहे हैं, जिन्हें प्रसाद के स्थान पर राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया जाएगा।

मुख्य सचिव अपने हिसाब की टीम तैयार करेंगे

मुख्यमंत्री नायब सैनी से चर्चा के बाद मुख्य सचिव पूरे प्रदेश में अपने हिसाब की टीम तैयार करेंगे। सीएम के प्रधान सचिव वी उमाशंकर केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। सीएमओ में तैनात होंगे ऊर्जावान अधिकारी सीएम के मुख्य प्रधान सचिव के पद पर राजेश खुल्लर की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है। 

जबकि प्रधान सचिव के पद पर नियुक्ति के लिए अधिकारियों में लाबिंग चल रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय में पहले से कार्य कर रहे सीनियर आइएएस अधिकारी डा. अमित अग्रवाल के मुख्यमंत्री के साथ कार्यरत रहने की संभावना है। 

जबकि सीनियर आइएएस अधिकारी यश गर्ग, सुधीर राजपाल और आशिमा बराड की मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्ति हो सकती है।

भरोसेमंद साथियों को जिम्मेदारी देने का मन बना चुके सीएम

सीनियर आइएएस अधिकारी अरुण गुप्ता, विजयेंद्र कुमार और एके सिंह के नामों पर भी विचार किया जा रहा है। सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशक केएम पांडुरंग को सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने की संभावना है।

पिछली दो बार की टीम का नहीं होगा दोहराव मुख्यमंत्री कार्यालय में सीएम के प्रिंसिपल ओएसडी, ओएसडी, राजनीतिक सलाहकार, राजनीतिक सचिव और मीडिया सलाहकार समेत करीब एक दर्जन पद ऐसे हैं, जिन पर नायब सिंह सैनी अपने भरोसेमंद साथियों को जिम्मेदारी देने का मन बना चुके हैं।

दीवाली के बाद होगा तबादला

हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ हुई मुलाकातों के दौरान मुख्यमंत्री इन नियुक्तियों की अनुमति प्राप्त कर चुके हैं, जिनकी घोषणा दीपावली के बाद किसी भी समय संभव है।

सूत्रों के अनुसार भाजपा की पिछली दो सरकारों में इन महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत लोगों में से सिर्फ एक दो को ही मुख्यमंत्री कार्यालय में दोबारा नियुक्तियां मिल सकेंगी अन्यथा पूरी टीम में बदलाव तय माना जा रहा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।