Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Politics: भाजपा को जल्द मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, इन चेहरों पर चल रही चर्चा; सीएम नायब सैनी ने की बैठक

विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हरियाणा भाजपा के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इसी सिलसिले में दिल्ली में हरियाणा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष के लिए महिला नेताओं के नामों की भी चर्चा चल रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कार्यभार फिलहाल सीएम सैनी के पास है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 09 Jul 2024 11:51 AM (IST)
Hero Image
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जेपी जड्डा से की मुलाकात

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में व्यापक स्तर पर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सत्तारूढ़ भाजपा ने बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है। भाजपा प्रभारी व सह प्रभारी तथा विधानसभा चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी की नियुक्ति के बाद अब कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय किया जा रहा है।

हरियाणा के विधानसभा चुनाव के लिए सह चुनाव प्रभारी जहां जिलों के दौरे पर निकल पड़े हैं, वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी संवाद की प्रक्रिया तेज कर दी है।

नायब सैनी ने धर्मेंद्र प्रधान से की मुलाकात

मुख्यमंत्री नायब सैनी सोमवार को चंडीगढ़ में कई बैठकें करने व आम लोगों से मुलाकात करने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरान भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष नाम पर चर्चा भी जोर पकड़ रही है। नई दिल्ली में नायब सैनी ने केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की।

देर शाम को नई दिल्ली में चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी के साथ सीएम, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, प्रांतीय संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा की बैठक हुई। फिलहाल मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का कार्यभार मौजूद है।

प्रदेश अध्यक्ष के लिए इन नामों की चर्चा

हरियाणा भाजपा के प्रभारी पद पर जाट समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले राजस्थान के नेता डॉ. सतीश पूनिया की नियुक्ति हो चुकी है, तो ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष जाट समाज से होगा, इसकी ज्यादा संभावना नजर नहीं आ रही। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मुख्य रूप से मुकाबला दो प्रमुख नेताओं में हैं।

दलित समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार और ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़ के नामों पर पार्टी हाईकमान में चर्चा की जा रही है।

बाकी दावेदारों में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. बनवारी लाल, पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल, पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर और पूर्व राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के नाम भी चर्चा में हैं।

यह भी पढ़ें- Haryana Politics: विधानसभा चुनाव के लिए सैलजा पर दबाव बना रहे समर्थक, BJP के गढ़ में सेंध के लिए निकालेंगी पदयात्रा

महिलाओं का नाम भी रेस में

महिलाओं में पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया के नाम चर्चा में हैं। नई दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सैनी की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सह चुनाव प्रभारी बिप्लब कुमार देब से भी मुलाकात हुई है।

हरियाणा भाजपा के नव नियुक्त प्रभारी सतीश पूनिया का 10 जुलाई को रोहतक आने का कार्यक्रम है। इसके बाद 16 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महेंद्रगढ़-नारनौल के दौरे पर आएंगे।

यह भी पढ़ें- Haryana Politics: गठबंधन के बाद अक्सर बिदकता रहा मायावती का हाथी, इनेलो और बसपा के बीच तीसरी बार होगा गठबंधन

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर