Move to Jagran APP

'बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरियां देने में बाधा पैदा कर रही, CM सैनी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरियां देने में बाधाएं पैदा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भर्ती रोको गैंग कांग्रेस द्वारा प्रायोजित है और जनता ने इसे नकार दिया है। वहीं सीएम सैनी ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप के डीएनए में केवल आरोप लगाना है।

By Sudhir Tanwar Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 22 Oct 2024 12:15 PM (IST)
Hero Image
नायब सैनी ने कृष्ण कुमार बेदी को ग्रहण कराया कार्यभार

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरियां देने में बाधाएं पैदा कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। भर्ती रोको गैंग कांग्रेस द्वारा प्रायोजित है। कांग्रेस और भर्ती रोको गैंग को जनता ने नकार दिया है।

मुख्यमंत्री सोमवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को पदभार ग्रहण कराने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

शुक्रवार को विधायकों को दिलाई जाएगी शपथ

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश को विकास में आगे लेकर जाएगी। सभी मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। जिन उम्मीदों के साथ हरियाणा की जनता ने भाजपा को बहुमत दिया, उन पर हम सभी कड़ी मेहनत करते हुए खरा उतरेंगे। शुक्रवार को सभी विधायकों को शपथ दिलवाई जाएगी।

'आप के डीएनए में केवल आरोप लगाना'

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केवल आरोप लगाने का काम करती है। अरविंद केजरीवाल दावा करते थे कि वे सबसे पहले यमुना को स्वच्छ करेंगे, जबकि आज 10 साल बाद भी वे केवल आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वे अपने गिरेबान में झांके और केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली सरकार को दिए गए छह हजार करोड़ रुपये का हिसाब दें। आम आदमी पार्टी के डीएनए में ही केवल आरोप लगाना है।

नायब सैनी ने कहा कि जब आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं थी, उस समय मैंने उन्हें सलाह दी थी कि वे अरविंद केजरीवाल के रास्ते पर न चलें। परंतु वे भी उन्हीं के रास्ते पर चलते हुए आज आरोप लगा रही हैं। कांग्रेस की तरह आम आदमी पार्टी भी झूठ का सहारा ले रही है।

यह भी पढ़ें- 'अगर मैं चाहूं तो नौकरियां खा जाऊं', अफसरों पर भड़के अनिल विज; कहा- भ्रम फैलाया नायब सैनी मुझे हराना चाहते हैं

पराली प्रबंधन पर सीएम सैनी ने कही ये बात

पराली प्रबंधन से जुड़े सवाल पर कहा कि उच्चतम न्यायालय पंजाब को हरियाणा से सीख लेने की बात कहते हुए हरियाणा की प्रशंसा कर चुका है। हरियाणा सरकार ने पराली प्रबंधन में काफी बेहतर काम किया है। किसानों को पराली प्रबंधन के लिए एक एकड़ पर एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।

सीएम सैनी ने कहा कि साथ ही किसानों को पराली प्रबंधन के लिए सब्सिडी पर उपकरण भी प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि पराली न जलाएं। इससे न केवल प्रदूषण होता है, बल्कि मिट्टी की उपजाऊ शक्ति भी प्रभावित होती है।

कृष्ण कुमार बेदी ने संभाला कार्यभार

वहीं, कार्यभार संभालने के बाद सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हम सभी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा के संकल्प-पत्र में किए गए वादों को पूरा करेंगे। इस दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी साथ थे।

यह भी पढ़ें- 'EVM कहीं इंसानों पर भारी ना पड़ जाए', भूपेंद्र हुड्डा ने लगाए गड़बड़ी के आरोप; कहा- हम कोर्ट जाएंगे

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।