Move to Jagran APP

Haryana: नायब सैनी आज चुने जाएंगे विधायक दल के नेता, अमित शाह रहेंगे मौजूद; सभी तैयारियां पूरी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से चुनाव से पहले ही नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री घोषित किया जा चुका है। 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में नायब सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायब सिंह सैनी ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का मंगलवार को जायजा भी लिया।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Wed, 16 Oct 2024 05:45 AM (IST)
Hero Image
नायब सैनी आज चुने जाएंगे विधायक दल के नेता, अमित शाह रहेंगे मौजूद

 राज्य ब्यूरो, जागरण चंडीगढ़। हरियाणा में बुधवार से नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आरंभ होने जा रही है। राज्य में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बना रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बुधवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुनने की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

नायब सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से चुनाव से पहले ही नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री घोषित किया जा चुका है। 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में नायब सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायब सिंह सैनी ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का मंगलवार को जायजा भी लिया।

भाजपा विधायक दल की बैठक की सभी तैयारियां पूरी

अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मौजूदगी में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने सभी पार्टी विधायकों को लगातार दो दिन चंडीगढ़ में रहने को कहा है। हरियाणा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए अमित शाह के स्वयं आने से तमाम तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बैठक के बाद राज्यपाल को उन विधायकों की सूची सौंपी जाएगी जिन्हें शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कैबिनेट तथा राज्य मंत्री की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद राज्यपाल 17 अक्टूबर को शपथ ग्रहण के लिए नायब सैनी तथा मंत्रियों को निमंत्रण देंगे। वर्ष 2019 में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज और कंवरपाल गुर्जर तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रस्तावक बने थे। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद थे।

नायब सैनी ने लिया तैयारियों का जायजा

हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 17 अक्टूबर को होने वाले प्रदेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का मंगलवार को जायजा लिया। सभी आवश्यक तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

तैयारी के संबंध में उन्होंने अधिकारियों से जानकारी भी हासिल की। उनके साथ विधायक कृष्ण बेदी, मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, पूर्व सांसद संजय भाटिया सहित कई भाजपा पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने भी अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शहर का सौंदर्यीकरण किया गया है। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की सभावनाओं को देखते हुए बसों व अन्य गाड़ियों के लिए पार्किंग व पेयजल का प्रबंध किया गया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें