Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election: कांग्रेस ही नहीं भाजपा में भी सीएम पद को लेकर घमासान, इन दिग्गजों ने भी जताई दावेदारी

Haryana Election हरियाणा में मुख्यमंत्री पद की लड़ाई सिर्फ कांग्रेस तक ही सीमित नहीं है बल्कि भाजपा में भी सीएम पद के कई दावेदार सामने आने लगे है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताई है। नायब सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Tue, 24 Sep 2024 07:28 AM (IST)
Hero Image
हरियाणा में मुख्यमंत्री पद की रेस में कई दावेदार

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री पद की लड़ाई सिर्फ कांग्रेस में ही नहीं है। भाजपा भी अंदरूनी तौर पर इस समस्या से जूझ रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत जहां समय- समय पर विभिन्न मचों पर मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर करते रहे हैं, वहीं पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताकर हाईकमान को संकट में डाल दिया है। फिलहाल नायब सिंह सैनी कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं।

सीएम का फैसला संसदीय बोर्ड करता है- नायब सैनी

राव इंद्रजीत व अनिल विज की सीएम बनने की इच्छा पर नायब सैनी ने कहा कि दोनों ही नेता वरिष्ठ हैं। मुख्यमंत्री कौन बनेगा इसका फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करता है। सैनी ने एक टीवी चैनल के साथ बातचीत में कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी अगर संसदीय बोर्ड के फैसले में कोई बदलाव होगा तो वह स्वीकार करेंगे। उनका इशारा स्वयं की सीएम पद की दावेदारी को लेकर था।

भाजपा ने नायब सैनी को बनाया था सीएम का चेहरा

भाजपा हाईकमान ने नायब सिंह सैनी को चुनाव से पहले ही सीएम का चेहरा घोषित कर दिया था और कांग्रेस को चुनौती दी थी कि वह भी अपना सीएम का चेहरा घोषित करे। नायब सैनी को भाजपा ने 12 मार्च को मनोहर लाल के स्थान पर राज्य का मुख्यमंत्री बनाया था।

अमित शाह ने भी नायब सैनी के नाम पर लगाई मुहर

17 सितंबर को गोहाना में हुई रैली के बाद अब सोमवार को टोहाना में आयोजित रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर प्रदेश के सीएम के तौर पर नायब सैनी के नाम पर एक बार फिर मुहर लगा दी। उन्होंने साफ कर दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर नायब सैनी ही अगले मुख्यमंत्री होंगे।

यह भी पढ़ें- 'कोई नाराजगी नहीं, सैलजा तो बहन हैं', हुड्डा बोले- कांग्रेस सरकार में सिर्फ मेरिट पर ही मिलेंगी 2 लाख नौकरियां

विनेश को भी मिलेगी सम्मान राशि

कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट को लेकर इंटरनेट मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर कटाक्ष करते हुए सैनी ने कहा कि वह हरियाणा की बेटी हैं। वह अपनी बेटी का पूरा सम्मान करते हैं लेकिन हरियाणा की बेटी कांग्रेस के भ्रष्टाचार की दलदल में फंस गई है। बहुत जल्द उन्हें धरातल की सच्चाई पता लग जाएगी।

नायब सैनी ने कहा कि विनेश फोगाट ही नहीं अन्य सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम तय हो चुका था लेकिन चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण यह मामला टल गया। इसके बावजूद यह तय है कि विनेश ही नहीं, बल्कि अन्य सभी खिलाड़ियों को भी सम्मान की राशि दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'कांग्रेस की रैलियों में लगते हैं पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे', टोहाना में बरसे अमित शाह- लगाया वांचित विरोधी होने का आरोप