Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हरियाणा कांग्रेस में टेंशन! खरगे के पास पहुंची हुड्डा की शिकायत, सुरजेवाला बोले- कुछ लोग सोची समझी साजिश...

Haryana Congress Politics हरियाणा के कांग्रेसियों में चल रहे घमासान के बीच कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला कुमारी सैलजा और किरण चौधरी ने मंगलवार रात को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से नई दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने खरगे से कहा कि हरियाणा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और इससे कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।

By Anurag AggarwaEdited By: Rajat MouryaUpdated: Tue, 05 Sep 2023 10:07 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा कांग्रेस में टेंशन! खरगे के पास पहुंची हुड्डा की शिकायत

चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो। Haryana Congress Political Crisis हरियाणा के कांग्रेसियों में जंग छिड़ी हुई है। इस बीच कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और किरण चौधरी की तिकड़ी ने मंगलवार रात को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से दिल्ली में मुलाकात की। कांग्रेस के इन तीनों वरिष्ठ नेताओं ने जिलाध्यक्षों व प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों के चयन के लिए जिलों में जा रहे पर्यवेक्षकों, प्रभारियों तथा समन्वयकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

सुरजेवाला, सैलजा और किरण ने जिलों में कांग्रेसियों के बीच हो रहे झगड़ों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, उन्होंने इसके लिए स्पष्ट रूप से हु़ड्डा (Bhupinder Hooda) का नाम नहीं लिया। लेकिन खरगे से मिलकर लौटने के बाद जिस तरह की जानकारी दी, उसके आधार पर हुड्डा की कार्यप्रणाली पर खूब सवाल उठाए गए हैं।

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Surjewala) कर्नाटक व मध्यप्रदेश के भी प्रभारी हैं। कुमारी सैलजा छत्तीसगढ़ की प्रभारी हैं, जबकि किरण चौधरी राजस्थान की सह प्रभारी हैं। हर जिले में कांग्रेसियों के बीच जमकर जूतम-पैजार हो रहा है। कहीं-कहीं तो कांग्रेस कार्यकर्ता लहुलुहान हुए हैं। आपस में उनके बीच मारपीट हुई है। हुड्डा गुट इसके लिए सुरजेवाला-सैलजा-किरण की तिकड़ी पर आरोप लगा रहा है, जबकि सुरजेवाला किरण ने पूरी तरह से सुई हुड्डा की तरफ मोड़ दी है।

खरगे से इन तीनों कांग्रेस नेताओं की करीब 45 मिनट तक मुलाकात हुई है। उनसे मिलने के लिए तीनों नेता अपने-अपने प्रभार वाले राज्यों से दिल्ली पहुंचे तथा खरगे व संगठन महासचिव से मिलकर उन्हें सारी बात बताई। तीनों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को असली व नकली कांग्रेस में भी बांटा। कहा कि असली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की राज्य में अनदेखी की जा रही है, जो कि स्वीकार नहीं की जा सकती।

कांग्रेस के घर को तोड़ने का प्रयास कामयाब नहीं होने देंगे - सुरजेवाला

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के परिवार का हम पीढ़ी दर पीढ़ी हिस्सा हैं। कांग्रेस के उतार-चढ़ाव हमारी सारी पीढ़ियां देखती आई हैं। विषम से विषम परिस्थितियों में जब सब लोग पार्टी को छोड़कर चले गए थे, तब हमने कांग्रेस को हरियाणा में जिंदा रखा। हम आज उन्हीं कांग्रेसियों की वेदना को लेकर पार्टी अध्यक्ष खरगे से मिले थे। हमने कार्यकर्ताओं की तकलीफ, अनदेखी, वेदना और पीड़ा की अध्यक्ष व संगठन महासचिव से चर्चा की। परिवार की चर्चा परिवार में ही होती है। हरियाणा में कांग्रेस जीत रही है। लेकिन सोची समझी रणनीति के तहत कुछ लोग उस जीत में बिखराव पैदा करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोई कांग्रेस के घर को तोड़ने का प्रयास करे, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निराशा के कुएं में धकेल दे, यह हमें मंजूर नहीं हो सकता। हमने सब कुछ पार्टी के नेताओं को बता दिया है। हमें खरगे पर पूरा भरोसा है। आज सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे व असली कार्यकर्ता की कांग्रेस दर्द से कराह रही है। उसे अथाह वेदना, अथाह पीड़ा है, उसके निराकरण के लिए हम स्वाभाविक रूप से परिवार के मुखिया के पास गए हैं।

असली कांग्रेसियों को नजरअंदाज किया जा रहा - कुमारी सैलजा

कुमारी सैलजा (Kumari Selja) ने कहा कि हरियाणा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। कांग्रेस के निष्ठावन कार्यकर्ता मायूस हैं। हमने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने उनकी बात रखी है। जिस प्रकार के प्रभारी जिलों में लगाए गए हैं, उनसे व उनकी कार्यप्रणाली से वास्तविक कांग्रेसियों में नाराजगी व मायूसी है। सारे बाहर के प्रभारी हैं, वे लोग जिलों में जाकर जिस तरह की बात कर रहे हैं, वह कांग्रेस को मजबूत करने वाली बात नहीं है। कार्यकर्ताओं में रोष पैदा होना स्वाभाविक हैं। यह सब कांग्रेस के अंदर की बात है, जो हमने अध्यक्ष को बताई है। इसमें कोई दोराय नहीं है कि जनता कांग्रेस की तरफ देख रही है।

कुमारी सैलजा ने आगे कहा कि हमेशा से कांग्रेस मजबूत रही है। लेकिन कांग्रेस में असली कांग्रेसियों को ही विमुख करने का प्रयास चल रहा है। असली कांग्रेसियों में निराशा है। परिवार बढ़ता है, अच्छी बात है, लेकिन वास्तविक कांग्रेसियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। असली कांग्रेस आगे आनी चाहिए। इसी के लिए लोग कांग्रेस की तरफ देखते हैं। आब्जर्वर स्वयं पार्टी बने हुए हैं।

कुछ लोग कांग्रेस को सत्ता में आने नहीं देना चाहते - किरण चौधरी

हम पार्टी अध्यक्ष से सब मिले। सबने अपनी बात रखी। कांग्रेस को तोड़ने की चाल चली जा रही है। कांग्रेस पार्टी किसी एक या दो लोगों की बपौती नहीं हो सकती। पार्टी को अपने ढंग से चलाने वाले लोगों की चालों को हमने अध्यक्ष को बताया है। साथ ही कहा है कि हरियाणा में कांग्रेस सत्ता में आ रही है, लेकिन कुछ लोग कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखने के लिए काम कर रहे हैं। जिलों में गुटबाजी बढ़ा रहे हैं। पूरा सिस्टम खराब करके रख दिया है। ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए तथा पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलना चाहिए। - किरण चौधरी, कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर