Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: जाट बाहुल्य इलाकों को साधने की कोशिश में BJP, जींद रैली में 3 JJP विधायक थामेंगे कमल

Haryana Election 2024 हरियाणा में तीसरी बार जीत दर्ज करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बिसात बिछाई है। हर क्षेत्र और हर वर्ग को साधने के लिए भाजपा के दिग्गज मैदान में उतरे हुए हैं। बांगर यानी जींद की धरती से बीजेपी चुनावी हुंकार भरने जा रही है। इसी दिन जजपा को छोड़े तीन विधायक बीजेपी का दामन थामेंगे।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Thu, 29 Aug 2024 01:22 PM (IST)
Hero Image
Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: जाट बाहुल्य इलाकों को साधने की कोशिश में BJP।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीतिक राजधानी कहे जाने वाले जींद की धरती से भाजपा अपने चुनाव अभियान को गति देगी। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से चुनाव अभियान शुरू कर चुकी भाजपा के आधा दर्जन केंद्रीय नेता जींद में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम करेंगे।

जींद को बांगर की धरती कहा जाता है। यहां से भाजपा जाट बाहुल्य इलाकों को साधने का प्रयास करती दिखाई पड़ेगी। हरियाणा में भाजपा पिछले 10 साल से गैर जाटों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस, इनेलो और जजपा ने जाट राजनीति को हवा दी है। 

हालांकि, कांग्रेस इससे इनकार करती है, लेकिन जिस तरह से भाजपा व कांग्रेस जाति विशेष पर फोकस किए हुए हैं, उससे राज्य का चुनावी रण काफी रोचक होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में अगले सप्ताह से राजनीतिक रंग और गहरा होने जा रहा है।

कांग्रेस के दलित प्रेम पर बीजेपी का हमला

भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी बार जीत हासिल करने के लिए बिसात बिछाई है। हर क्षेत्र और हर वर्ग को साधने के लिए भाजपा के दिग्गज मैदान में उतरे हुए हैं। पिछले कई दिनों ने केंद्रीय मंत्री हरियाणा में लोगों के साथ संवाद कर रहे हैं।

युवाओं व महिलाओं का सम्मेलन करने के बाद भाजपा ने हाल ही में दलित स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन किया है। इसमें दो केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मनोहर लाल पहुंचे, जिन्होंने कांग्रेस के दलित प्रेम पर खुले हमले बोले हैं।

जींद बड़े स्तर पर जन आशीर्वाद रैली

हर जाति और वर्ग के सम्मेलनों में अच्छी खासी हाजिरी से भाजपा उत्सहित है और अब राजनीति के बड़े खिलाड़ी हरियाणा के रण में उतारने वाली है। प्रदेश में चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक उठापटक का दौर भी तेज होने वाला है।

कई पार्टियां नेताओं से खाली हो चुकी हैं और कई का नंबर बाकी है। भारतीय जनता पार्टी एक सितंबर को जींद के एकलव्य स्टेडियम में बड़े स्तर पर जन आशीर्वाद रैली करने जा रही है।

जींद में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खऱगे की रैली

रैली में आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ प्रदेश का पूरा नेतृत्व जींद के एकलव्य मैदान से चुनावी हुंकार भरता नजर आएगा। भाजपा “बांगर की धरती” से जाट बाहुल्य क्षेत्रों को साधने का बड़ा प्रयास करेगी। भाजपा द्वारा जींद में की जा रही इस रैली की आहट से दूसरे दल भी अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

संभावना है कि कांग्रेस भी जींद में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खऱगे की रैली करेगी, जो कि 15 सितंबर के आसपास होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: जात-पात की राजनीति अब चुनाव में जीत की गारंटी नहीं, जानिए क्या है हरियाणा का जातिगत समीकरण

जींद भाजपा की सेफ सीट

फिलहाल राजनीतिक दल नाराज चल रहे अपने कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटे हैं। भाजपा की जींद रैली में दुष्यंत चौटाला का साथ छोड़ चुके तीन जजपा विधायकों के पार्टी में शामिल होने की पूरी संभावना है। जींद रैली में कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, हरियाणा के मुख्यमंत्री और विधायक शामिल रहेंगे।

जींद अब भाजपा की सेफ सीट मानी जाती है। पहले इस सीट पर इनेलो का कब्जा रहा है। यहां से भाजपा लगातार दो बार चुनाव जीत चुकी है। जींद के आसपास के क्षेत्र और अन्य विधानसभाएं जाट बाहुल्य मानी जाती हैं। जींद की जन आशीर्वाद रैली में भाजपा ने “जाट बाहुल्य” क्षेत्रों को साधने की तैयारी की है।

नायब सैनी कर चुके नान स्टाप कई सम्मेलन

नान स्टाप सीएम के नाम से मशहूर नायब सिंह सैनी अब तक एक दर्जन से अधिक विधानसभा स्तर पर बड़ी जनसभाएं कर चुके हैं। हर जनसभा के बाद भाजपा पूरे जोश व उत्साह में है। नायब सिंह सैनी युवाओं व महिलाओं के बड़े सम्मेलन भी कर चुके हैं। मंगलवार को रोहतक में एक साथ हजारों युवाओं व छात्र नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की है।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और फिलहाल केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी गत दिनों कुरुक्षेत्र में दलितों का अच्छी खासी हाजिरी के साथ सम्मेलन कर चुके हैं। अब भाजपा “बांगर की धरती” पर अपना प्रभाव दिखाने को आतुर है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: BJP के साथ गठबंधन कर सकता है RLD, मनोहर लाल नहीं लड़ेंगे चुनाव