Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Election 2024: '51 दिन काम करने को मिला, 126 फैसले लिए', CM नायब ने कांग्रेस के वादों का किया पोस्टमार्टम

Haryana Election 2024 हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से 10 के बजाय अब 5 सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे काम करने के लिए 51 दिन मिला इस दौरान 126 फैसले लिए। उन्होंने अपनी सरकार और कांग्रेस सरकार के कामों की तुलना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही झूठ है।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 01 Sep 2024 03:31 PM (IST)
Hero Image
Haryana Election 2024: CM नायब सैनी ने कांग्रेस के वादों का किया पोस्टमार्टम, हुड्डा से अब पूछे 5 सवाल।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा व कांग्रेस में चल रहे सत्ता के संग्राम के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। मुख्यमंत्री राज्य की भाजपा सरकार के 10 साल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल का हिसाब लेकर मीडिया के सामने पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों द्वारा चुनाव से पूर्व किए गए वादों तथा घोषणाओं का बड़ी बारीकी के साथ पोस्टमार्टम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित इन राज्यों में एक से दो साल के बाद भी एक भी घोषणा पर काम नहीं किया गया है।

इसी तरह के झूठे वादे और घोषणाएं हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी सैलजा कर रहे हैं।

'10 के बदले पूछे 5 सवाल, हुड्डा दे जवाब'

भाजपा विधायक दल के चंडीगढ़ कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही झूठ है। राहुल गांधी दिल्ली में बैठकर जो स्क्रिप्ट लिखते हैं, उसे हरियाणा में हुड्डा, सैलजा और सुरजेवाला बिना जांचे परखे पढ़ने लगते हैं।

उन्होंने कहा कि मैंने कुछ दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से 10 से 13 सवाल पूछे थे, लेकिन हरियाणा में हिसाब मांगो अभियान चलाने वाले हुड्डा ने इन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया। यदि मेरे सवाल ज्यादा और तीखे थे तो मैं इनकी संख्या घटाकर पांच करता हूं।

NC के साथ गठबंधन करने पर कांग्रेस पर हमला

हुड्डा को कम से कम चार से पांच सवालों का जवाब जरूर देना चाहिए। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में किए वादों को पूरा क्यों नहीं किया, इसका जवाब हुड्डा को देना होगा। नायब सैनी ने जम्मू-कश्मीर में नेशनल कान्फ्रेंस के साथ कांग्रेस के गठबंधन पर भी हुड्डा के जवाब मांगा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी व भूपेंद्र हुड्डा यह बताएं कि क्या वह जम्मू-कश्मीर को फिर से अशांति और आतंकवाद की तरफ ले जाना चाहते हैं।

आतंकवाद और पत्थरबाज को नौकरी देगी कांग्रेस

नेशनल कान्फ्रेंस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में वादा किया है कि वह आंतकवाद और पत्थरबाजी में शामिल लोगों के परिजनों को नौकरियां देगी। हुड्डा व राहुल बताएं कि क्या नेशनल कान्फ्रेंस के इस वादे के साथ वह भी खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं में 10 प्रतिशत लोग हरियाणा के हैं।

नेशनल कान्फ्रेंस व कांग्रेस के बीच गठबंधन से इन हरियाणवी सैनिकों व उनके परिजनों के दिल पर क्या गुजर रही होगी। जम्मू-कश्मीर में नेशनल कान्फ्रेंस ने दलित, गुर्जर, बकरवाल और पहाड़ी के आरक्षण को खत्म करने का समर्थन किया है।

51 दिन काम करने का मौका मिला, 126 फैसले लिए

मुख्यमंत्री नायब सैनी के अनुसार उन्होंने 12 मार्च को शपथ ली थी। तब से चार अक्टूबर तक 182 दिन बनते हैं। इन दिनों में 128 दिन आचार संहिता के निकल गए हैं। इन 51 दिनों के अंदर हमने हरियाणा के हित में नान स्टाप 126 निर्णय लिए हैं।

नायब सैनी के अनुसार कांग्रेस ने 10 साल में पर्ची व खर्ची के द्वारा 80 हजार सरकारी नौकरियां रेवड़ियों की तरह बांटी हैं, जबकि भाजपा ने बिना पर्ची व बिना खर्ची के मैरिट व योग्यता के अधार पर 1.45 लाख नौकरियां दी हैं।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: सत्ता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी क्षेत्रीय दल कायम नहीं रख सके वजूद, इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गईं ये पार्टियां

कांग्रेस सरकारों की इस तरह से खोली पोल

  1. हिमाचल में कांग्रेस ने हर साल एक लाख नौकरी देने का वादा पूरा नहीं किया
  2. कर्नाटक में महिलाओं को दो हजार रुपये नहीं दिए गए
  3. तेलंगाना में कांग्रेस ने एक साल में सरकारी पदों पर भर्तियां करने का वादा पूरा नहीं किया
  4. हिमाचल में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं करने का वादा कर डीजल पर वैट बढ़ा दिया
  5. हिमाचल में तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा पूरा करने की बजाय 86 पैसे प्रति यूनिट रेट बढ़ा दिए
  6. कर्नाटक में किसानों को 24 घंटे बिजली देने का वादा पूरा नहीं किया
  7. तेलंगाना में महालक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर माह 2500 रुपये प्रतिमाह और पांच सौ रुपये का गैस सिलेंडर व बसों में मुफ्त यात्रा के वादे पूरे नहीं किए।

नायब सैनी ने की कांग्रेस-भाजपा राज की तुलना

  1. मुख्यमंत्री नायब सैनी के अनुसार कांग्रेस ने 500 रुपये मासिक पेंशन दी, भाजपा तीन हजार दे रही
  2. कांग्रेस सिर्फ दो फसलें एमएसपी पर खरीदती थी, हम अब सभी 24 फसलें खरीद रहे
  3. कांग्रेस ने दो से तीन रुपये के मुआवजा चेक देकर कुल 1158 करोड़ का मुआवजा दिया, हमने 10 साल में 13 हजार 276 करोड़ रुपये आनलाइन दिए
  4. कांग्रेस ने चार से छह घंटे बिजली दी, हमने 24 घंटे बिजली दी
  5. साल 2005 में तीन मेडिकल कालेज थे। 2014 में छह थे। हुड्डा ने केवल तीन मेडिकल कालेज बनाए।
  6. भाजपा राज में 15 मेडिकल कालेज कार्यरत हैं और सात पर काम चल रहा है।
  7. शहीदों के आश्रितों को कांग्रेस ने सिर्फ छह नौकरियां दी, हमने 336 नौकरियां दी
  8. कांग्रेस राज में 21 लाख लोगों को पेंशन मिलती थी, भाजपा 34.66 लाख लोगों को पेंशन दे रही है।

अशोक तंवर की तोड़ दी गर्दन

नायब सैनी ने दलितों के हित साधने के मुद्दे पर हुड्डा सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए इन लोगों ने अशोक तंवर की गर्दन तोड़ दी थी। तंवर कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। अब सैलजा के पीछे पड़े हैं। सैलजा को भी कांग्रेस से निकालने की तैयारी चल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने साल 2014 व 2019 के अपने दोनों चुनाव घोषणा पत्रों को सौ प्रतिशत लागू किया।

हुड्डा के साथ सुरजेवाला भी करते थे दामाद की सेवा

मुख्यमंत्री ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आंखों का तारा बताया। उन्होंने कहा कि सुरजेवाला कांग्रेस की सरकार में हुड्डा के साथ जनता के हितों के विपरीत फैसले लेने में बराबर के हिस्सेदार थे।

सरकार में रहते हुए सुरजेवाला मलाई खाते थे, तब कुछ नहीं बोलते थे, उस समय आंखें बंद कर लेते थे, स्वयं पर्चियों से नौकरियां देते थे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा जब सोनिया गांधी के दामाद को जमीन दिलवाते थे, तब उसे देने के लिए हुड्डा के साथ सुरजेवाला भी दिल्ली जाते थे।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: रामकुमार गौतम समेत कई विधायक बीजेपी में शामिल, जींद रैली में हजपा प्रमुख की पत्नी ने भी थामा कमल

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर