टिकट कटने से नाराज कर्ण देव कंबोज की CM सैनी को 'राम-राम'! हाथ मिलाने से किया इनकार, VIDEO वायरल
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Election 2024) को लेकर भाजपा की टिकट सूची आने के बाद से 250 से अधिक नेता और कार्यकर्ता पार्टी को अलविदा बोल चुके हैं। टिकट कटने से नाराज नेताओं को मनाने के लिए भाजपा लगातार कोशिश कर रही है। कर्ण देव कंबोज भी टिकट नहीं मिलने से नाराज हो गए। हालांकि जब उन्हें सीएम सैनी मनाने पहुंचे तो उन्होंने सीएम से हाथ तक नहीं मिलाया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। बीजेपी के द्वारा जारी की गई विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की लिस्ट में कर्ण देव कंबोज का नाम नहीं होने के कारण उन्होंने पार्टी के विभिन्न पदों से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद गुरुवार की शाम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उनको मनाने के लिए उनके निवास पर गांव मंधार पहुंचे थे।
इसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री, कर्ण देव कंबोज से हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं। लेकिन कर्ण देव कंबोज बिना हाथ मिलाए ही कुर्सी पर बैठते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो पर यूजर दे रहे रिएक्शन
वीडियों को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, तो यूजर भी जम कर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। विरोधी पक्ष इसे भाजपा में बड़ी फूट के तौर पर देख रहे हैं। जबकि पाटी के नेता सामान्य घटना करार देकर पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: खटाखट-खटाखट... हरियाणा बीजेपी में नहीं थम रहे इस्तीफे, 250 से ज्यादा नेताओं ने किया टाटा बाय-बाय
गुरुवार की शाम को सीएम नायब सिंह सैनी जब मंधार गांव में पहुंचे तो कर्ण देव कंबोज के समर्थक पहले से ही उनके आवास पर मौजूद थे। सीएम के आने की सूचना समर्थकों ने कर्णदेव को फोन पर दी थी, जिसके बाद वह अपने घर सीएम से मिलने पहुंचे थे। वायरल वीडियों में जो हावभाव कर्ण देव कंबोज के नजर आ रहे हैं, उसको लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
250 से अधिक नेता-कार्यकर्ता छोड़ चुके हैं पार्टी
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की टिकट सूची जारी होने के बाद से अब तक 250 से अधिक नेता और कार्यकर्ता पार्टी को अलविदा कह चुके हैं। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व डैमज कंट्रोल करने में लगा है, तो वहीं दूसरी तरफ विपक्ष हमलावर है।
भाजपा नेताओं को पार्टी छोड़ने के सवाल पर सीएम सैनी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बागी नेताओं को मनाने की पूरी कोशिश की जा रही है।