Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Elections 2024: कांग्रेस को घेरने की तैयारी में भाजपा, सभी 90 सीटों पर निकालेगी विजय शंखनाद रैली

Haryana News हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Vidhan Sabha Election 2024) को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। भाजपा चार अगस्त से प्रदेश की सभी 90 सीटों पर म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा विजय शंखनाद रैली करने जा रही है। इस रैली की शुरुआत धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन रैलियों में भाजपा के प्रमुख चेहरे होंगे।

By Nitish Kumar Kushwaha Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Fri, 02 Aug 2024 03:59 PM (IST)
Hero Image
चार अगस्त से भाजपा करेगी 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैली (जागरण फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो , चंडीगढ़। हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैलियां करेगी। इसकी शुरुआत धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से चार अगस्त को होगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरे प्रदेश में इन विजय शंखनाद रैलियों में भाजपा के प्रमुख चेहरे होंगे। कुरुक्षेत्र में भाजपा पूरी योजना के साथ 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैलियों की शुरुआत करने जा रही है।

ये दिग्गज होंगे शामिल

इस रैली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सभी मंत्री तथा भाजपा विधायक भागीदारी करेंगे।

प्रदेश में अक्टूबर में विधानसभा चुनाव हैं। भाजपा ने इन सभी रैलियों को 10 सितंबर से पहले पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। रैलियों के आयोजन तथा व्यवस्था की जिम्मेदारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, कार्यालय प्रमुख व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया तथा करनाल के पूर्व सांसद संजय भाटिया को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें: फिर हरियाणा फतह की तैयारी में भाजपा, हारे हुए उम्मीदवारों की पढ़ रही कुंडली; कई विधायकों के कटेंगे टिकट

दिल्ली में हुई मीटिंग के बाद लिया गया फैसला

नई दिल्ली में भाजपा की कई घंटे चली दो मैराथन बैठकों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में 'म्हारा हरियाणा-नान स्टाप हरियाणा' विजय शंखनाद रैलियां करने पर सहमति बनी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पंचकूला बैठक में सीएम का उम्मीदवार घोषित कर गये थे। भाजपा अब इन विधानसभा रैलियों में नायब सिंह सैनी को इसीलिए आगे कर चल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के जिलों के प्रवास रखे गये हैं। इनकी शुरुआत हो चुकी है, जबकि विधानसभा स्तरीय रैलियों का शेड्यूल जल्द घोषित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री एक दिन में दो से तीन रैलियां करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में एक दिन में दो रैलियां करने के बाद उसी दिन रात को शहरी क्षेत्रों में रैलियां होंगी।

कांग्रेस को घेरने की तैयारी

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी के अनुसार रैलियों में कांग्रेस के भय, भूख, भ्रष्टाचार, लूट, झूठ, क्षेत्रवाद और परिवारवाद को उजागर करने के साथ ही केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों के अहम फैसलों तथा आगे की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: 'भाजपा ने मनोहर लाल को बनाया अग्निवीर, नायब सिंह को सत्ता से बाहर करेगी जनता'; जींद में संजय सिंह ने बोला हमला

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर