Move to Jagran APP

Haryana News: हरियाणा सरकार ने गृह सचिव के लिए तीन आईएएस अफसर का भेजा पैनल, वित्त सचिव की नियुक्ति का भी इंतजार

चंडीगढ़ प्रशासन को हरियाणा सरकार की ओर से पैनल मिल गया है। गृह सचिव के लिए इस डॉ अमित कुमार अग्रवाल मंदीप बराड़ और जे गणेशन के नाम शामिल है। प्रशासक की अनुमति के बाद अब इन नाम को केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। फिलहाल चंडीगढ़ प्रशासन में गृह सचिव और वित्त सचिव जैसे दोनों महत्वपूर्ण पदों पर स्थाई नियुक्ति का इंतजार है।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Published: Tue, 02 Jul 2024 08:42 AM (IST)Updated: Tue, 02 Jul 2024 08:42 AM (IST)
इन आईएएस अधिकारियों के नाम गृह सचिव के लिए फाइनल

डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ के नए गृह सचिव के लिए तीन आईएएस अफसर के नाम को अप्रूवल दे दी है। गृह सचिव पद के लिए चंडीगढ़ प्रशासन को हरियाणा सरकार से पैनल मिल गया है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा सरकार ने जिन 3 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम गृह सचिव के लिए फाइनल किए हैं। उनमें 2003 बैच के डॉ अमित कुमार अग्रवाल के अलावा 2005 बैच के मंदीप बराड़ और 2006 बैच के आईएएस अधिकारी जे गणेशन का नाम शामिल है।

दो महीने पहले मांगा गया था पैनल

चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से करीब 2 महीने पहले से ही नए गृह सचिव के लिए पैनल मांगा था। अब जाकर प्रशासन को पैनल मिला है। हरियाणा कैडर के ही पूर्व गृह सचिव नितिन कुमार यादव 14 जून को केंद्र सरकार में जॉइंट सेक्रेटरी पद पर ज्वॉइन कर चुके हैं।

तब से गृह सचिव की जिम्मेदारी पहले वित्त सचिव रहे डॉ विजय नामदेव और फिर 19 जून को वित्त सचिव डॉ विजय नामदेव के भी पंजाब में वापस लौटने के बाद से पद खाली है। फिलहाल गृह सचिव के कुछ विभाग एडवाइजर राजीव वर्मा के पास है, जबकि कुछ अन्य विभागों को अन्य आईएएस अधिकारियों में बांटा गया है।

गृह सचिव की दौड़ में इनका नाम सबसे आगे

चंडीगढ़ प्रशासन में एडवाइजर के बाद गृह सचिव की पोस्ट को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। दैनिक जागरण ने सबसे पहले गृह सचिव की दौड़ में शामिल डॉ अमित कुमार अग्रवाल और मंदीप बराड़ के नाम शामिल होने की जानकारी दी थी।

पुख्ता सूत्रों के अनुसार गृह सचिव की दौड़ में अभी भी डॉ अमित अग्रवाल का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। हरियाणा की अफसर शाही में भी अमित अग्रवाल का काफी दबदबा है।

हरियाणा सरकार के दबंग अधिकारियों में अमित अग्रवाल की गिनती होती है, साथ ही हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की भी कोर टीम का अहम हिस्सा है।

मंदीप बराड़ और जे गणेशन भी मजबूत कैंडिडेट

2005 बैच के मंदीप बराड़ भी गृह सचिव की दौड़ में मजबूत कैंडिडेट हैं, मंदीप बराड़ इससे पहले 2018 में चंडीगढ़ के डीसी के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी पत्नी आशिमा बराड़ भी हरियाणा में आईएएस अधिकारी है।

लिस्ट में शामिल तीसरे आईएएस अधिकारी जे गणेशन भी गृह सचिव की दौड़ में पीछे नहीं है। हरियाणा में इनकी भी एक अच्छे और सुलझे हुए आईएएस अधिकारी की छवि है। ऐसे में अब देखना यह होगा केंद्र सरकार इन तीन नाम में से किस पर मोहर लगती है।

केंद्र सरकार के पास अप्रूवल के लिए भेजेंगे बनवारी लाल पुरोहित

इसी हफ्ते चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित पैनल को केंद्र सरकार के पास अप्रूवल के लिए भेजेंगे, जिसमें से एक को गृह सचिव नियुक्त किया जाएगा। चंडीगढ़ प्रशासन में 3 वर्ष के लिए हरियाणा से गृह सचिव की नियुक्ति होती है।

चंडीगढ़ प्रशासन लंबे समय से पंजाब सरकार की ओर से नगर निगम आयुक्त आनंदिता मित्रा को 1 साल की एक्सटेंशन दिए जाने के पत्र का भी इंतजार कर रहा है। साथ ही दो पीसीएस अधिकारियों सौरव कुमार अरोड़ा और पालिका अरोड़ा को भी 1 साल की एक्सटेंशन देने के बारे में पत्र पंजाब सरकार को भेजा गया है।

15 जून तक वित्त सचिव कर सकते हैं जॉइन

चंडीगढ़ प्रशासन में इस समय सबसे महत्वपूर्ण गृह सचिव के साथ ही वित्त सचिव का पद भी खाली है। पंजाब सरकार की ओर से बीते दिनों वित्त सचिव के लिए तीन आईएएस अफसर के नाम चंडीगढ़ प्रशासन को भेजे गए थे, जिसमें अमित ढाका, अमित कुमार और मोहम्मद तय्यब जैसे आईएएस अधिकारियों के नाम शामिल है।

प्रशासक की ओर से वित्त सचिव के लिए फाइल केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। उम्मीद है 15 जुलाई से पहले चंडीगढ़ प्रशासन को नया वित्त सचिव मिल जाए। इस पैनल में भी अमित ढाका वित्त सचिव की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं।

उधर हाल ही में प्रशासक की ओर से 2011 बैच के पीसीएस अधिकारी रुबिंदर जीत सिंह बराड़ और हरियाणा से 2016 बैच की एचसीएस अधिकारी शशि वसुंधरा की डेपुटेशन को मंजूरी दे दी गई है।

इस संबंध में दोनों राज्यों के चीफ सेक्रेटरी को इन अधिकारियों की सेवाएं तुरंत चंडीगढ़ प्रशासन को देने के लिए पत्र लिखा जा चुका है। सूत्रों के अनुसार 15 जुलाई तक दोनों अधिकारियों के प्रशासन में ज्वाइन करने के आसार हैं।

यह भी पढ़ें- Haryana News: बाजरा उत्पादक किसानों के लिए सरकार ने शुरू की ब्याज अनुदान योजना, मिलेंगे ये ढेरों लाभ

प्रशासन में फिर होगा बड़ा बदलाव

चंडीगढ़ प्रशासन में फिलहाल बदलाव का दौर जारी रहेगा हरियाणा और पंजाब से एचसीएस और पीसीएस अधिकारियों के ज्वाइन करने पर प्रशासन के कई विभागों में बड़े बदलाव की चर्चा सचिवालय के गलियारों में में चल रही है।

काफी लंबे समय से एक ही सीट पर बैठे कुछ अधिकारियों की सीट बदलना तय माना जा रहा है। सचिवालय से भी कुछ अधिकारियों को डीसी ऑफिस या नगर निगम में जिम्मेदारी मिल सकती है। चंडीगढ़ प्रशासन के शिक्षा विभाग में भी बदलाव लगभग तय माना जा रहा है।

पंजाब से एक और पीसीएस अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा चल रही है। यूटी कैडर की एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी चंडीगढ़ प्रशासन में ज्वाइन कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- Haryana News: पानीपत के इनेलो जिलाध्यक्ष रहे राजपाल रोड ने थामा कांग्रेस का हाथ, हुड्डा ने बीजेपी पर किया कटाक्ष


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.