Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana News: लोकसभा चुनाव में मिली हार का असर, भाजपा ने छह जिलाध्यक्ष हटाए, चार प्रभारी बदले

Haryana News लोकसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन खास नहीं रहा था। 10 लोकसभा सीट वाली हरियाणा में बीजेपी को 5 सीट ही मिली थी। जबकि हरियाणा में बीजेपी की सरकार है। वहीं कांग्रेस को 5 सीटें मिली थीं। हार के बाद बीजेपी ने संगठन स्तर पर बदलाव कर दिए। भाजपा ने छह जिलाध्यक्ष हटाए और चार प्रभारी बदल दिए।

By Anurag Aggarwa Edited By: Sushil Kumar Updated: Fri, 26 Jul 2024 11:13 PM (IST)
Hero Image
Haryana News: लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद बड़ा फेरबदल, बदले प्रभारी और जिला अध्यक्ष।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा के छह जिलाध्यक्षों और चार जिला प्रभारियों की छुट्टी कर दी गई है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी ने आधा दर्जन जिलाध्यक्षों को उनके मौजूदा पदों से हटाकर सख्त निर्णय लिया है।

हालांकि हटाए गए छह जिलाध्यक्षों में से पांच को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में एडजेस्ट किया गया है, लेकिन पार्टी के इस सख्त फैसले का विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है।

भाजपा ने हिसार की जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ को हटाकर अशोक सैनी को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। जींद के जिलाध्यक्ष राजू मोर को पद से हटाकर उनके स्थान पर तेजेंद्र ढुल को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सिरसा की जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग से जिम्मेदारी वापस लेकर शीशपाल कांबोज को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

किसे मिली कौनसी जिम्मेदारी

रेवाड़ी के जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान को हटाकर उनके स्थान पर वंदना पोपली को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। कुरुक्षेत्र के जिलाध्यक्ष रवि बतान को हटाकर उनके स्थान पर सुशील राणा को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कैथल के जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर के स्थान पर पार्टी ने मुनीश कठवाड़ को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।

हिसार से आशा खेदड़, जींद से राजू मोर, सिरसा से निताशा सिहाग, रेवाड़ी से प्रीतम चौहान और कुरुक्षेत्र से रवि बतान को प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में एडजेस्ट किया गया है, जबकि अशोक गुर्जर को कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- Haryana News: दीपेंद्र हुड्डा ने उठाई अवैध तरीके से विदेश जा रहे युवाओं की पीड़ा, बोले- सरकार जिम्मेदार, नहीं दे रही रोजगार

भाजपा की महेंद्रगढ़ की जिला प्रभारी गार्गी कक्कड़ के स्थान पर शंकर धूपड़ को पार्टी का नया जिला प्रभारी बनाया गया है, जबकि कैथल के जिला प्रभारी मनीष यादव के स्थान पर अमरपाल राणा को नया जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है।

जींद के लिए राज्यसभा सदस्य एवं एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पंवार के स्थान पर प्रो. मदन गोयल और भिवानी के लिए रेणु डाबडा के स्थान पर राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा नये जिला प्रभारी होंगे।

मोहन बडौली की कमान संभालने के बाद बड़ा फेरबदल

हरियाणा भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं विधायक मोहन बडौली के कार्यभार संभालने के तुरंत बाद पार्टी ने यह बड़ा फेरबदल किया है। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद कई जिलाध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे, जबकि कुछ पर चुनाव के लिए आए फंड को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगा था।

कई जिलाध्यक्षों ने पार्टी के लिए काम करने की औपचारिकता निभाई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पुनिया से चर्चा के बाद प्रदेश कार्यालय प्रभारी सुरेंद्र पुनिया ने नई नियुक्तियों के संबंध में आदेश जारी किए हैं। प्रदेश कार्यालय प्रभारी के पद से गुलशन कुमार को पहले ही हटाया जा चुका है।

यह भी पढ़ें- Haryana News: राहत! अब निजी लैब में टेस्ट या अल्ट्रासाउंड करा सकेंगे मरीज, सरकार करेगी भुगतान