Move to Jagran APP

हरियाणा का बेदाग मंत्रिमंडल: किसी मंत्री पर नहीं कोई केस, CM समेत 14 मंत्री को मिली कुर्सी; ऐसी है नायब कैबिनेट

हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बन गई है। नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके साथ 11 कैबिनेट मंत्री और 2 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने भी शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 18 राज्यों के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Thu, 17 Oct 2024 08:21 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा: नायब सरकार अब आपके द्वार, CM नहीं बन सके अनिल विज।

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। बृहस्पतिवार को पंचकूला के दशहरा मैदान हरियाणा में लगातार तीसरी बार किसी एक दल की सरकार बनने का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 18 राज्यों के मुख्यमंत्रियों व उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में वाल्मीकि जयंती के दिन हरियाणा में भाजपा सरकार का गठन हुआ।

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने नायब सिंह सैनी को दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल में 11 कैबिनेट मंत्रियों और दो राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) ने भी पद एवं गोपनीय की शपथ ली।

90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री बन सकते हैं। कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में राजग के अधिकतर घटक दलों को बुलाकर भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ अपनी राजनीतिक एकजुटता का भी बड़ा संदेश दिया है।

पहली नायब मंत्रिमंडल में शामिल नहीं हुए थे अनिल विज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरियाणा में तीसरी बार सरकार के गठन के लिए मोदी के करिश्माई नेतृत्व को श्रेय दिया। इसके लिए नीतीश कुमार ने मोदी को चिट्ठी लिखी है। अंबाला छावनी से लगातार चौथी और कुल सातवीं बार विधायक बने अनिल विज की वरिष्ठता का भाजपा ने पूरा ध्यान रखा।

पूर्व गृह व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बाद मंत्रिमंडल में दूसरे नंबर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मनोहर लाल के स्थान पर नायब सिंह सैनी को जब मुख्यमंत्री बनाया गया था, तब अनिल विज ने अपनी वरिष्ठता का हवाला देकर नायब सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने से इन्कार कर दिया था।

नायब सरकार ने ऐसे साधा जातीय समीकरण को

सत्ता में लाने वाले ओबीसी समाज से सबसे ज्यादा मंत्री जातीय संतुलन साधते हुए उन जातियों को पूरा मान-सम्मान दिया गया, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।ओबीसी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्रियों में राव नरबीर, आरती राव, रणबीर गंगवा और राजेश नागर शामिल हैं।

जबकि दलित समाज का प्रतिनिधित्व कर रहे मंत्रियों में कृष्ण लाल पंवार तथा कृष्ण कुमार बेदी को मंत्रिमंडल में जगली है। भाजपा सरकार के नायब मंत्रिमंडल में दलित, ब्राह्मण और जाट समुदाय के दो-दो मंत्रियों को जगह मिली है।

किस समुदाय से कितने बने मंत्री

जाट समुदाय के महिपाल ढांडा और श्रुति चौधरी को नायब मंत्रिमंडल में जगह मिली है, जबकि ब्राह्मण समाज के डा. अरविंद शर्मा और गौरव गौतम मंत्रिमंडल में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। पंजाब समाज के सिर्फ एक मंत्री अनिल विज को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।

वैश्य समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले विपुल गोयल और राजपूत समाज से श्याम सिंह राणा को मंत्री बनाया गया है।

नायब मंत्रिमंडल में दो वकील और एक डाक्टर

नायब सिंह सैनी का पूरा मंत्रिमंडल बेदाग है। किसी भी मंत्री पर कोई केस दर्ज नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ 12 मंत्री करोड़पति हैं। इनमें सबसे ज्यादा 98 करोड़ की संपत्ति विपुल गोयल की है।

सबसे कम संपत्ति कृष्ण बेदी के पास है। बेदी के पास करीब 57 लाख रुपये की संपत्ति है। मंत्रिमंडल में सबसे युवा गौरव गौतम हैं, जिनकी आयु 36 साल है। सबसे उम्रदराज श्याम सिंह राणा हैं जिनकी आयु 76 साल है।

मंत्रिमंडल में दो महिला विधायकों आरती राव और श्रुति चौधरी को भी जगह मिली है। कैबिनेट में अरविंद शर्मा डाक्टर हैं, जबकि मुख्यमंत्री नायब सैनी और श्रुति चौधरी ने कानून की पढ़ाई कर रखी है।

नायब कैबिनेट में 11 कैबिनेट और दो राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार

1. नायब सिंह सैनी - सीएम

2. अनिल विज - कैबिनेट मंत्री

3. कृष्णलाल पंवार - कैबिनेट मंत्री

4. राव नरबीर - कैबिनेट मंत्री

5. महिपाल ढांडा - कैबिनेट मंत्री

6. विपुल गोयल - कैबिनेट मंत्री

7. डा. अरविंद शर्मा - कैबिनेट मंत्री

8. श्याम सिंह राणा - कैबिनेट मंत्री

9. रणबीर गंगवा - कैबिनेट मंत्री

10. कृष्ण कुमार बेदी - कैबिनेट मंत्री

11. श्रुति चौधरी - कैबिनेट मंत्री

12. आरती राव - कैबिनेट मंत्री

13. राजेश नागर - राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार

14. गौरव गौतम - राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार

यह भी पढ़ें- Nayab Saini Oath Ceremony: 'विकास की नॉनस्टॉप यात्रा निरंतर रहेगी जारी', CM बनने के बाद और क्या बोले नायब सैनी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।