Move to Jagran APP

Haryana Panchayat Election: जजपा के साथ गठबंधन में चुनाव सिंबल लड़ने को तैयार नहीं भाजपा

Haryana Panchayat Election हरियाणा में पंचायत चुनाव के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा जजपा के साथ मिलकर चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़े या नहीं इस पर मंथन हुआ। जिला प्रभारियों से इस संबंध में फीडबैक लिया गया।

By Kamlesh BhattEdited By: Updated: Thu, 25 Aug 2022 09:46 AM (IST)
Hero Image
Haryana Panchayat Election: भाजपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ने पर संशय। सांकेतिक फोटो

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। हरियाणा भाजपा राज्य में जिला परिषद और पंचायत चुनाव गठबंधन में सहयोगी जजपा के साथ सिंबल पर लड़ने को लेकर असमंजस में है। पार्टी के जिला प्रभारियों ने प्रदेश नेतृत्व को फीडबैक दिया है कि यदि जिला परिषद और पंचायत चुनाव भी स्थानीय निकाय चुनावों की तरह गठबंधन में सिंबल पर लड़े गए तो इसका फायदा जजपा को होगा। भाजपा को इसका ज्यादा फायदा होने वाला नहीं है।

जिला प्रभारियों ने प्रदेश नेतृत्व को साफ कर दिया है कि पार्टी सिंबल पर चुनाव तभी लड़े जाएं जब भाजपा अकेले चुनाव लड़े। ऐसे में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने जजपा के साथ गठबंधन करने सहित सिंबल पर चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने का फैसला चुनाव समिति पर छोड़ दिया है।

नई दिल्ली के हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय चुनाव समिति और संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव ने प्रदेश प्रभारियों से फीडबैक लिया। दो घंटे चली इस बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि जिला परिषद और पंचायत चुनाव घोषित होने के बाद जिला प्रभारियों की फीडबैक रिपोर्ट चुनाव समिति के समक्ष रख दी जाएगी। इसके बाद चुनाव समिति ही इस पर अंतिम फैसला करेगी।

बैठक गत दिवस निर्धारित समय पर चार बजे शुरू हुई। सबसे पहले जिन मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और अन्य पार्टी पदाधिकारियों को जिला प्रभारी के रूप में रायसुमारी की जिम्मेदारी दी गई थी, उनसे एक-एक करके रिपोर्ट ली गई। उनसे पूछा गया कि कार्यकर्ताओं के मन में क्या है? सभी ने लिखित में तैयार की गई रिपोर्ट मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के सामने रख दी।

रिपोर्ट के आधार पर एक-एक प्रभारी से चर्चा की गई। धनखड़ ने पत्रकारों को बताया कि जिन कार्यकर्ताओं के मन में चुनाव लड़ने की है, उनके नाम भी प्रभारियों के द्वारा मांगे थे। प्रभारियों की तरफ से स्पष्ट रिपोर्ट आई है। ब्लाक, जिला स्तर के कार्यकर्ताओं के अलावा जो कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, उन सभी के मन की बात प्रदेश नेतृत्व के समक्ष आ गई है।

इन जिला प्रभारियों ने लिया था फीडबैक

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने सिरसा, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने फतेहाबाद, जेपी दलाल ने हिसार, पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जिला भिवानी, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने जिला दादरी, चेयरमैन अरविंद यादव ने महेंद्रगढ़ , मंत्री ओम प्रकाश यादव ने रेवाड़ी, मंत्री डा. बनवारी लाल ने गुरुग्राम, पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने मेवात, पूर्व सांसद डा. सुधा यादव ने पलवल, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन जाकिर हुसैन ने फरीदाबाद, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक मोहन लाल कौशिक ने झज्जर, सांसद धर्मबीर सिंह ने रोहतक, महामंत्री वेदपाल एडवोकेट ने सोनीपत, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने पानीपत, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने करनाल, कर्णदेव कंबोज ने कुरुक्षेत्र, महामंत्री डा. पवन सैनी ने कैथल, मंत्री संदीप सिंह ने अम्बाला, सांसद नायब सैनी ने पंचकूला, मंत्री कमलेश ढांडा ने जींद और प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. संजय शर्मा ने यमुनानगर में मंडल स्तर, जिला स्तर, जिले में रहने वाले विधायकों व सांसदों से भी रायसुमारी की थी। बैठक में संगठन मंत्री रविंद्र राजू भी मौजूद रहे।

सोनाली फोगाट मामले में सत्य सामने आना चाहिए: धनखड़

प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि सोनाली फोगाट के मामले में सत्य सामने आना चाहिए। धनखड़ ने कहा कि हरियाणा सरकार और भाजपा सोनाली फोगाट के परिवार के साथ खड़ी है। सोनाली फोगाट पार्टी की महत्वपूर्ण नेता थी। धनखड़ ने कहा कि जैसे ही इस संबंध में सूचना पहुंची वैसे ही उन्होंने गोवा के प्रदेश अध्यक्ष से बात की।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी गोवा के मुख्यमंत्री से बात की और निवेदन किया था कि सोनाली फोगाट की आकस्मिक मौत के मामले में जो सत्य वह सामने आना चाहिए। धनखड़ ने बताया कि उन्होंने गोवा की सरकार से निवेदन किया था कि परिवार की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम किया जाए। उनके निवेदन पर ही डाक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। महिला आयोग ने स्वयं भी इस पर संज्ञान ले लिया है, इसलिए निश्चित ही सच सामने आएगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें