Move to Jagran APP

Haryana Result: अमित शाह और मोहन यादव की मौजूदगी में होगा CM का चयन, नई सरकार में मंत्री बनने के लिए लॉबिंग तेज

हरियाणा में नई सरकार के गठन की तैयारियां जोरों पर हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। बैठक में नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। 17 अक्टूबर को शपथ लेंगे।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 13 Oct 2024 09:25 PM (IST)
Hero Image
Haryana Result: अमित शाह और मोहन यादव की मौजूदगी में होगा CM का चयन।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में नई सरकार के गठन की तैयारी हो चुकी है। मुख्यमंत्री व मंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम तय होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुला ली है।

भाजपा संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पर्यवेक्षक बनाया है, जिनकी मौजूदगी में नायब सैनी को विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

वहीं, नई सरकार में मंत्री बनने के लिए विधायकों में लॉबिंग तेज हो गई है। मंत्री पद के लिए उत्तर और मध्य हरियाणा के भाजपा विधायक जहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ ही केंद्रीय नेताओं के घर हाजिरी लगा रहे हैं, वहीं दक्षिण हरियाणा के अधिकतर विधायक केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की शरण में हैं।

हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही भाजपा शपथ ग्रहण समारोह की सफलता को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां कर रही हैं।

अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले नेताओं को लगातार निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। दूसरे राज्यों के जिन मुख्यमंत्रियों की स्वीकृति आ चुकी है, उसके अनुसार यहां पर प्रबंध किए जा रहे हैं। अभी तक असम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के मुख्यमंत्रियों की स्वीकृति आ चुकी है।

केंद्रीय मंत्रियों का कार्यक्रम मंगलवार तक पहुंचेगा। समारोह स्थल पर प्रोटोकाल के अनुसार बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर दिनभर पुलिस के आला अधिकारियों ने जहां समारोह स्थल का दौरा किया, वहीं भाजपा नेताओं के साथ भी बैठकें की।

बैठक में सभी 48 विधायक होंगे शामिल

इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने 16 अक्टूबर को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक बुला ली है। बैठक में सभी 48 विधायकों को शामिल होने के लिए कहा गया है। भाजपा मुख्यालय की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सभी विधायक दो दिन के लिए चंडीगढ़ में प्रवास करेंगे।

बुधवार को विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में नायब सैनी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद नायब सैनी राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अक्टूबर को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय नायब सैनी तथा मंत्रियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। विधायकों के ठहरने के लिए चंडीगढ़ स्थित एमएलए हास्टल में व्यवस्था की जाएगी।

दबाव की राजनीति से राव इंद्रजीत का इन्कार

अटेली से जीती बेटी आरती राव सहित दक्षिण हरियाणा के तीन विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल कराने को लेकर दबाव की राजनीति की चर्चाओं को केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने खारिज कर दिया है।

उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि कुछ मीडिया चैनलों पर तथ्यहीन खबरें चलाई जा रही हैं, जिनमें मुझे नौ विधायकों के साथ बगावती दिखाया जा रहा है।

यह सब तथ्यहीन और आधारहीन है। मैं और सभी साथी विधायक भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हुए हैं।

यह भी पढ़ें- Haryana Result: 16 अक्टूबर को होगी BJP की बैठक, फिर से नायब सैनी का विधायक दल का नेता चुना जाना तय; 17 को लेंगे शपथ

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें