Haryana Vidhan Sabha Chunav Result 2024: हरियाणा में आज किसका मंगल? भाजपा या कांग्रेस अब कौन करेगा प्रदेश में राज
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Election 2024) के नतीजे आज यानी 8 अक्टूबर को आएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और दोपहर 12 बजे तक यह साफ हो जाएगा कि किस पार्टी की सरकार बनेगी। कांग्रेस को पूर्ण बहुमत की उम्मीद है जबकि भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने की आस लगाए हुए है। क्षेत्रीय दल भी अपनी पूछ बनाने की कोशिश में हैं।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ Haryana Vidhan Sabha Chunav Result 2024। हरियाणा के राजनीतिक दलों और प्रदेश की जनता के लिए आज यानी आठ अक्टूबर का ये दिन बेहद खास है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो रही है। दोपहर 12 बजे तक यह साफ हो जाएगा कि किस दल की राज्य में सरकार बनने जा रही है।
हरियाणा (Haryana Election Result 2024) में पिछले 10 साल से सत्ता का इंतजार कर रही कांग्रेस को जहां 60 से 65 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनने की उम्मीद है, वहीं राज्य में लगातार दो टर्म से सरकार चला रही भाजपा को तीसरी बार भी अपनी ही सरकार बनने की आस नजर आ रही है।
30 सीटों पर बागी और क्षेत्रीय दल कर सकते हैं उलटफेर
भाजपा व कांग्रेस के सरकार बनाने के दावों के बीच क्षेत्रीय दल भी अपनी पूछ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। राज्य में 30 विधानसभा सीटें ऐसी, जहां क्षेत्रीय दल और बागी उम्मीदवार कोई भी उलटफेर कर सकते हैं। प्रदेश में 90 सदस्यीय 15वीं विधानसभा के गठन के लिए पांच अक्टूबर को मतदान हुआ था।
यह भी पढ़ें- 'राहुल की भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के लिए बनी गेम चेंजर', कुमारी सैलजा ने 60 से ज्यादा सीटें मिलने का किया दावा
करीब 67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए 1031 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में लॉक कर दिया था। मंगलवार सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी। कम मतदान के प्रतिशत को राजनीतिक दल अपने-अपने फायदे के रूप में जोड़कर देख रहे हैं।
सेफ है नायब सैनी की सीट
राज्य में करीब तीन से चार दर्जन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस व भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है। इन्हीं सीटों की हार-जीत तय करेगी कि राज्य में कांग्रेस सत्ता में लौटेगी या फिर भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिनकी सीट लगभग सेफ है।
कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक जिले की गढ़ी सांपला किलोई से चुनाव लड़ रहे हैं, जिनकी सीट सेफ है, लेकिन भाजपा को उम्मीद है कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार मंजू हुड्डा कोई गेम कर सकती हैं। भाजपा ने इस बार कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के तीन मंत्रियों डॉ. बनवारी लाल, सीत्रा त्रिखा और विशंभर वाल्मीकि के टिकट काट दिए थे।
इन तीनों के स्थानों पर भाजपा ने नए चेहरों पर दांव खेला था। बाकी बचे 13 मंत्रियों में सात की सीट पर खतरा बताया जा रहा है, जबकि तीन मंत्रियों पंडित मूलचंद शर्मा (बल्लभगढ़), महिपाल सिंह ढांडा (पानीपत ग्रामीण) और डॉ. अभय सिंह यादव (नांगल चौधरी) की सीट खतरे से बाहर बताई जाती है।
इन मंत्रियों की सीट पर खतरा
जिन मंत्रियों की सीट पर खतरा है, उनमें बिजली मंत्री रणजीत चौटाला (रानियां), कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर (जगाधरी), वित्त मंत्री जेपी दलाल (लोहारू), वन एवं खेल राज्य मंत्री संजय सिंह (नूंह), शहरी निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा (थानेसर), महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री असीम गोयल (अंबाला शहर) और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता (हिसार) शामिल हैं।