Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana के इतिहास में पहली बार कोई विधायक जिला मुख्यालय पर करेगा ध्वजारोहण

हरियाणा में पहली बार 15 अगस्त को सत्तारूढ़ दल का विधायक जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेगा। गुरुग्राम की पटौदी विधानसभा सीट से विधायक सत्यप्रकाश जरावता को सरकार ने मौका दिया है। जरावता भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। हालांकि ऐसे मौके भी बहुत कम मिलते आए हैं। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल और निर्दलीय राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा को ध्वजारोहण के लिए नामित नहीं किया गया है।

By Anurag Aggarwa Edited By: Deepak Saxena Updated: Tue, 13 Aug 2024 08:51 PM (IST)
Hero Image
इतिहास में पहली बार कोई विधायक जिला मुख्यालय पर करेगा ध्वजारोहण (फाइल फोटो)।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के इतिहास में इस बार 15 अगस्त पर पहली बार सत्तारूढ़ दल का कोई विधायक जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेगा। गुरुग्राम जिले की पटौदी विधानसभा सीट से विधायक सत्यप्रकाश जरावता को प्रदेश सरकार ने यह अवसर प्रदान किया है।

जरावता भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। करीब दो साल पहले साल 2022 में हालांकि सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी तत्कालीन सहयोगी पार्टी जजपा के विधायकों को उपमंडल (सब-डिविजन) स्तर पर ध्वजारोहण करने का मौका दिया गया था।

इस बार 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रदेश सरकार के दो मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और एक सांसद अपने-अपने गृह जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे। हालांकि ऐसे मौके भी बहुत कम मिलते आए हैं। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल और निर्दलीय राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा को किसी जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण के लिए नामित नहीं किया गया है।

15 अगस्त को देश अपनी आजादी के 77 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस लिहाज से यह भारत का 78वां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम है, लेकिन हरियाणा सरकार द्वारा सात अगस्त को जारी शासकीय सर्कुलर के अनुसार इसे 77वां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम बताया गया है।

हिसार में ध्वजारोहण करेंगे विधायक डॉ. कमल गुप्ता

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार के अनुसार नौ अगस्त को जारी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जारी एक अन्य पत्र में भी 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का उल्लेख है, जो कि उचित नहीं है। प्रदेश में आमतौर पर ऐसी परंपरा चली आ रही है कि मुख्यमंत्री और मंत्री अपने-अपने गृह जिला मुख्यालय की बजाय राज्य के दूसरे जिला मुख्यालयों पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। परेड की सलामी लेते हैं।

इस बार पहली बार प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और हिसार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता अपने गृहक्षेत्र हिसार जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे।

ये भी पढ़ें: Bhupinder Hooda Interview: 'न तो मै Tired हुआ और न रिटायर्ड', हरियाणा में CM चेहरे के सवाल पर क्या बोले भूपेंद्र हुड्डा

अंबाला शहर से विधायक और प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल नन्योला अपने गृहक्षेत्र अंबाला जिला मुख्यालय पर, पंचकूला से विधायक और विधानसभा के स्पीकर डॉ. ज्ञानचंद गुप्ता अपने गृहक्षेत्र पंचकूला जिला मुख्यालय पर और भिवानी के सांसद धर्मबीर सिंह अपने गृहक्षेत्र भिवानी जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नई दिल्ली कार्यक्रम में आयोजित होंगे

हरियाणा से राज्यसभा सदस्यों में भाजपा के कृष्ण लाल पंवार महेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय पर, सुभाष बराला सिरसा जिला मुख्यालय पर, जबकि रामचंद्र जांगड़ा झज्जर जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे। हरियाणा से तीनों केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर और राव इंद्रजीत नई दिल्ली में आयोजित समारोह में शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें: Haryana News: 'किसान, जवान और पहलवान तिरंगे के तीन रंग', आप नेता अनुराग ढांडा ने BJP पर साधा निशाना