Move to Jagran APP

17 अक्टूबर को शपथ लेंगे नायब सैनी, हुड्डा और रणजीत चौटाला समेत इन विपक्षी नेताओं को भी भेजा जाएगा न्यौता

17 अक्टूबर को हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) पंचकूला में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। भाजपा विपक्षी नेताओं को न्यौता देगी जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणजीत चौटाला शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

By Anurag Aggarwa Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Mon, 14 Oct 2024 07:38 PM (IST)
Hero Image
नई सरकार के शपथ समारोह में भूपेंद्र हुड्डा और रणजीत चौटाला को भी भेजा जाएगा न्यौता।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की पंचकूला में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य मेहमान होंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर शपथ ग्रहण समारोह में सुरक्षा चाक-चौबंद होगी। थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा रहेगी और मुख्य मंच के नजदीक सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी और चिकित्सकों की टीमें भी अलर्ट रहेंगी। भाजपा की ओर से विपक्षी नेताओं को भी शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण भेजा जाएगा। 17 अक्टूबर को कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर पंचकूला स्थित पंच कमल कार्यालय में भाजपा नेताओं की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता और सुरेंद्र पुनिया ने भागीदारी करते हुए शपथ ग्रहण समारोह के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने दिया इस्तीफा, नायब मंत्रिमंडल में मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

सीएम के पूर्व राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती और पूर्व मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय के साथ संजय भाटिया ने व्यवस्था स्थल का दौरा कर मीडिया को तैयारियों की जानकारी दी।

तरूण चुघ ने ईवीएम को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने बैठक के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब कर्नाटक में कांग्रेस को जीत मिलती है, तब ईवीएम ठीक हो जाती है और हरियाणा में कांग्रेस हार जाती है, तो ईवीएम खराब हो जाती है। कांग्रेस नेताओं का यही हाल है, नाच ना जानें, आंगन टेढ़ा।

तरुण चुघ व्यवस्थाओं का जायजा लेने कार्यक्रम स्थल पर भी पहुंचे। समारोह को लेकर भाजपा की ओर से 26 टीमें गठित की गई हैं, जिनके साथ तरुण चुघ ने सीधा संवाद किया। समारोह स्थल पर बम स्कवायड के साथ डाग स्कवायड की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।

शपथ समारोह में ये विपक्षी नेता भी होंगे शामिल

करनाल से पूर्व सांसद संजय भाटिया ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी मुख्य अतिथि होंगे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। 16 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्रियों के साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही भाजपा की ओर से प्रदेश के विपक्षी नेताओं को भी शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण भेजा जाएगा।

इनमें पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला, पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, पूर्व विधायक अभय चौटाला सहित अन्य एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रण भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने की इस्तीफे की पेशकश, कहा- किसी और को दे दीजिए जिम्मेदारी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें