Move to Jagran APP

हरियाणा में फिर नायब सरकार, अनिल विज सहित इन विधायकों ने ली शपथ; पढ़िए नए मंत्रियों की पूरी लिस्ट

हरियाणा में एक बार फिर से भाजपा ने इतिहास रचते हुए सरकार बना ली है। नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने हरियाणा के पंचकूला में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नायब सिंह सैनी के अलावा कई विधायकों ने मंत्रिपद की शपथ ली है।

By Nitish Kumar Kushwaha Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Thu, 17 Oct 2024 01:51 PM (IST)
Hero Image
नायब सिंह सैनी बने दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा के पंचकूला में आज नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाते हुए इतिहास रच दिया है।

नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। नायब सैनी के अलावा कई विधायकों ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। आइए जानते हैं नायब सैनी के मंत्रिमंडल में शामिल विधायकों के बारे में।

अनिल विज

अनिल विज ने भी मंत्रिपद की शपथ ली है। नायब सिंह सैनी के बाद अंबाला छावनी से सातवीं बार विधायक चुने गए अनिल विज ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। अनिल विज को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। अनिल विज मनोहर लाल की सरकार में गृह व स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं।

कृष्ण लाल पंवार

हरियाणा से राज्यसभा की सीट छोड़कर इसराना से चुनाव लड़कर जीते कृष्ण लाल पंवार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। मनोहर लाल की सरकार में परिवहन व आवास मंत्री रह चुके हैं। कृष्ण लाल पंवार दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बने हैं।

कृष्ण लाल पंवार का राजनीतिक सफर काफी लंबा है। असंध से कई बार इनेलो से विधायक रहे। परिसीमन 2009 के बाद उन्होंने इसराना से इनेलो के टिकट पर चुना लड़ा और कांग्रेस के बलबीर वाल्मीकि को हराया।

2014 में इनेलो छोड़कर भाजपा से चुनाव लड़ा और फिर कांग्रेस के बलबीर वाल्मीकि को हराया। मनोहर लाल सरकार में परिवहन, आवास, जेल मंत्री की जिम्मेदारी मिली। 2019 में कांग्रेस के बलबीर वाल्मीकि से हार का सामना करना पड़ा। प्रदेश में एससी वर्ग से बड़ा चेहरा होने पर भाजपा ने राज्यसभा भेज दिया।

2024 के चुनाव में विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की, तो भाजपा ने फिर से टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा। पंवार ने 2019 में मिली हार का बदला लेते हुए कांग्रेस के बलबीर वाल्मीकि को 13,895 वोट से हराया।

यह भी पढ़ें- नायब सरकार में बंसी लाल परिवार की एंट्री! श्रुति चौधरी बनीं हरियाणा की बीजेपी सरकार में मंत्री

राव नरबीर सिंह

प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा सीट बादशाहपुर से विधायक राव नरबीर सिंह चौथी बार मंत्री बने हैं। नायब सैनी सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। बादशाहपुर से दूसरी बार विधायक बने हैं। वर्ष 2014 में उन्होंने ही बादशाहपुर में पहली बार कमल खिलाया था। वह पहली बार 1987 में 26 साल की उम्र में जाटूसाना से राव इंद्रजीत सिंह को हराकर विधायक बनने के साथ ही देवीलाल सरकार में गृह राज्यमंत्री बने थे।

1996 में सोहना से विधायक बनने के साथ ही बंसीलाल सरकार में परिवहन एवं सहकारिता मंत्री बने। 2014 में बादशाहपुर से विधायक चुने जाने के बाद मनोहर लाल सरकार में लोक निर्माण एवं वन मंत्री बने। अब 2024 में चौथी बार विधायक बनने के साथ ही नायब सिंह सैनी सरकार में मंत्री बने हैं।

महिपाल ढांडा

पानीपत ग्रामीण के विधायक महिपाल सिंह ढांडा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इससे पहले नायब सिंह सैनी की सरकार में राज्य मंत्री रहे हैं। 

पानीपत जिले में 2009 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई ग्रामीण विधानसभा सीट से 2014 में भाजपा ने महिपाल ढांडा को टिकट दिया था। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी धारा सिंह रावल को हराया था। 2019 में दूसरी बार भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े और जजपा प्रत्याशी देवेंद्र कादियान को हराया था।

2024 में महिपाल ढांडा ने लगातार तीसरी बार चुनाव लड़कर कांग्रेस प्रत्याशी सचिन कुंडू को 50,212 वोट से हराया। नायब सरकार में अब फिर से उन्हें मंत्री बनाया गया है।

विपुल गोयल

फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। विपुल गोयल फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक बने और पूर्व में मनोहर सरकार पार्ट वन में उद्योग मंत्री रहे हैं। 

2014 के विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक बने थे। 2019 में टिकट नहीं मिला था। हालांकि, संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। 2024 के विधानसभा चुनाव फिर टिकट मिला और कांग्रेस प्रत्याशी लखन सिंगला को 48388 के अंतर से हराकर दूसरी बार विधायक बने हैं।

डॉ. अरविंद शर्मा

गोहाना के विधायक डॉक्टर अरविंद शर्मा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। अरविंद शर्मा रोहतक के सांसद भी रह चुके हैं। इसके अलावा, डॉ. अरविंद शर्मा करनाल व सोनीपत से भी सांसद रहे हैं। अब डॉ. शर्मा को हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार की मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। 

श्याम सिंह राणा

रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा को नायब सिंह सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। मनोहर सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं।

पिछले चुनाव में भाजपा छोड़कर इनेलो में चले गए थे। इस बार इनेलो से वापस भाजपा में आए तो पार्टी ने रादौर से चुनाव लड़वाया।

रणबीर गंगवा

बरवाला के विधायक रणबीर गंगवा को भी नायब सिंह सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। रणबीर गंगवा हरियाणा विधानसभा में उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

पिछली बार हिसार के नलवा हलके से विधायक बने थे। हालांकि, इस बार पार्टी ने बरवाला से टिकट दिया था। 

कृष्ण बेदी

नरवाना के विधायक कृष्ण कुमार बेदी को भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। कृष्ण बेदी मनोहर सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं। सीएम के राजनीतिक सचिव भी रहे हैं। इस बार पार्टी ने शहबाद विधानसभा क्षेत्र बदलकर उन्हें नरवाना से टिकट दिया था। 

श्रुति चौधरी

तोशाम की विधायक श्रुति चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी की बेटी हैं श्रुति चौधरी।

भिवानी से कांग्रेस की सांसद रह चुकी हैं। अपने चचेरे भाई बीसीसीआइ के पूर्व सेक्रेटरी अनिरुद्ध चौधरी को हराया था। पूर्व सीएम स्व. बंसीलाल की पोती हैं। श्रुति चौधरी ने अंग्रेजी में शपथ ली।

आरती राव

अटेली की विधायक आरती राव को नायब सिंह सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी और पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह की पोत्री आरती राव पहली बार विधायक बनी हैं।

राव बीरेंद्र सिंह ने अटेली से ही चुनाव लड़ा था और मुख्यमंत्री बने थे। अब आरती राव से क्षेत्रवासियों को बड़ी उम्मीद हैं।

गौरव गौतम

पलवल के विधायक गौरव गौतम को नायब सिंह सैनी सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है। यह पहली बार विधायक बने हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अनिल जैन के निजी सचिव रह चुके हैं।

राजेश नागर 

तिगांव से लगातार दूसरी बार विधायक बने राजेश नागर को भी नायब सिंह सैनी सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। राजेश नागर 2014 में पहली बार चुनाव लड़े थे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2019 फिर से भाजपा ने टिकट दिया और इस बार कांग्रेस के ललित नागर को हराकर पहली बार विधायक बने थे।

2024 में भाजपा ने तीसरी बार टिकट दिया और लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। राजेश नागर ने इस बार भी ललित नागर को हराया था। ललित नागर को कांग्रेस का टिकट नहीं मिला था और वह निर्दलीय मैदान में थे।

यह भी पढ़ें- Haryana Oath Ceremony: अनिल विज को नायब कैबिनेट में मिली जगह, लगातार सातवीं बार बने विधायक; कभी बैंक में किया करते थे नौकरी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।