Move to Jagran APP

'मोदी की गारंटी पर अब पूरे देश को विश्वास', EVM को लेकर क्या बोले नायब सैनी, पत्नी संग की मां कामाख्या की पूजा

हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर चुनाव हारने के बाद ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाने पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत और कांग्रेस के झूठ की हार हुई है। नायब सैनी ने कहा कि अब मोदी की गारंटी पूरा पूरे देश को विश्वास है। उन्होंने माता कामाख्या मंदिर में पत्नी संग पूजा की।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Mon, 14 Oct 2024 09:49 PM (IST)
Hero Image
EVM को लेकर क्या बोले नायब सैनी, पत्नी संग की मां कामाख्या की पूजा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हार होने के बाद ईवीएम में गड़बड़ी का दुखड़ा रोना कांग्रेस की पुरानी परंपरा है।

हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत और कांग्रेस के झूठ की हार हुई है। लोग समझ चुके हैं कि अब कांग्रेस का झूठ बिकने वाला नहीं है। अब तो मोदी की गारंटी है, जिस पर पूरे देश को विश्वास है।

सीएम सैनी सोमवार को असम के गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले सीएम सैनी ने अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ मंदिर में मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान ने पूजा-अर्चना की।

पीएम मोदी के संकल्प में हरियाणा का अहम योगदान

उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा मौजूद रहे।पत्रकारों से बातचीत में नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।

इस संकल्प को पूरा करने में हरियाणा का अहम योगदान रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास के रफ्तार को बढ़ाया जाएगा और पूरे देश में बिना भेदभाव के साथ समान विकास कराया जाएगा।

सरकार का लक्ष्य, प्रदेशवासियों को मिले बेहतर सुविधाएं

सरकार का लक्ष्य रहेगा कि प्रदेशवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलें, जिसके लिए उन्होंने भाजपा को जनादेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे मां के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है।

उन्होंने कहा कि मैं चुनाव से पहले भी मां कामाख्या के मंदिर में दर्शन करने के लिए आया था और आज एक बार फिर मां के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

सभी प्रदेशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की

नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्होंने माता से कामना की है कि सभी प्रदेशवासी स्वस्थ रहें और हरियाणा प्रदेश के विकास की इस गाथा में मजबूती से अपना योगदान देते रहें। उन्होंने कहा कि हमें जो बहुमत मिला है, उसके लिए मैं प्रदेशवासियों का धन्यवाद करता हूं।

बता दें कि हरियाणा में बीजेपी ने 90 में से 48 सीटों पर जबरदस्त जीत दर्ज की है। बीजेपी की हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। हरियाणा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बनी है।  

यह भी पढ़ें- Haryana Oath Ceremony: नए चेहरों के साथ होगी नई सरकार, विपुल गोयल-अनिल विज समेत इन 10 नामों पर लग सकती है मुहर

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें