Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Panchkoola: ओपीएस मांग रहे कर्मचारियों को मिले डंडे और आंसू, तनाव के बाद मौके पर पहुंचे ओएसडी

हरियाणा के पंचकूला में पुरानी पेंशन योजना मांग रहे कर्मचारियों को हरियाणा पुलिस से डंडे और आंसू मिले। इसके बाद प्रदेश से हजारों कर्मचारियों ने पंचकूला में प्रदर्शन किया। वहीं तनाव के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी भूपेश्वर दयाल मौके पर पहुंचे।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaUpdated: Sun, 19 Feb 2023 08:13 PM (IST)
Hero Image
ओपीएस मांग रहे कर्मचारियों को मिले डंडे और आंसू, तनाव के बाद मौके पर पहुंचे ओएसडी

जागरण संवाददाता, पंचकूला: पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) मांगने के लिए पंचकूला में एकत्रित हुए प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को हरियाणा पुलिस से डंडे और आंसू मिले। ओपीएस की मांग को लेकर चंडीगढ़ में घुसने की कोशिश में जुटे कर्मचारियों को चंडीगढ़ पुलिस बार्डर पर रोक लिया। पुलिस और कर्मचारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की शुरु हो गई और पुलिस ने पहले पानी की बौछारें मारकर इन कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को मजबूरन आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

Rohtak Accident News: टेंपो और ट्रैक्टर की टक्कर, कंडक्टर की मौत, दो घायल

पानी की तेज बौछारों और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की में कई कर्मचारियों को चोटें आईं। इसके बावजूद भी कर्मचारी नहीं रुके, तो पुलिस ने उन पर जमकर लाठियां भांजी। इससे चंडीगढ़-पंचकूला बार्डर पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। कर्मचारियों की मांग थी कि मुख्यमंत्री कार्यालय से उन्हें कोई आकर उन्हें ओपीएस पर ठोस भरोसा दे। कर्मचारियों की जिद के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी भूपेश्वर दयाल मौके पर पहुंचे।

भूपेश्वर दयाल ने कहा वार्ता पहले भी चलती रही है

भूपेश्वर दयाल ने कर्मचारियों से बातचीत के बाद कहा वार्ता पहले भी चलती रही है। यह राज्य से भी बड़े राष्ट्रीय मुद्दा है। यह फैसला हम मिलजुल कर ही करेंगे। सोमवार को सेशन के बाद आधे घंटे के लिए कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलवाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन चंडीगढ़-पंचकूला बार्डर से हटा दिया।

वर्ष 2006 के बाद राज्य के विभिन्न विभागों में तैनात हुए 1.74 लाख कर्मचारी ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि इस मांग को लेकर वह आरपार की लड़ाई करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्हें केंद्र की एनपीएस योजना को लेकर कोई रूचि नहीं है। उन्हें सिर्फ ओल्ड पेंशन स्कीम ही मिलनी चाहिए।

Rewari Crime News: व्यापारी के मकान और दुकान में सेंध लगा नकदी व सिक्के चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर

हरियाणा में ओल्ड पेंशन बहाली की मांग को लेकर पेंशन बहाली संघर्ष समिति ने रविवार को पैदल मार्च निकाला और हाउसिंग बोर्ड चौंक पर प्रदर्शन किया। समिति के प्रदेश महासचिव ऋषि नैन ने कहा कि हरियाणा सरकार लंबे समय से ओल्ड पेंशन बहाली के नाम पर कर्मचारियों को गुमराह कर रही है।

सरकार और विपक्ष में बैठे सभी विधायक और सांसद पेंशन की सुविधा ले रहे हैं,लेकिन जीवन के 35 साल नौकरी करने वाले कर्मचारी पेंशन के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं। इस प्रदर्शन में प्रदेश के शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, शहरी विकास, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण समेत कई विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया।

नवीन जयहिंद को लगी चोट

नवीन जयहिंद भी कर्मचारियों के समर्थन में आए। पुलिस के लाठीचार्ज में नवीन जयहिंद को भी चोटें आई है, लेकिन जयहिंद डटकर कर्मचारियों के समर्थन में खड़े रहे। जयहिंद ने कहा कि सरकार की इस बर्बरता का जवाब वो जरूर देंगे। सरकार से हर मिर्ची बम और लाठी डंडों का हिसाब लिया जाएगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर