Move to Jagran APP

राजेश खुल्लर बने CM नायब सैनी के सेक्रेटरी, रिटायर्ड IAS अफसर को मिला कैबिनेट मंत्री का रैंक

हरियाणा में नायब सरकार का गठबन हो चुका है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय में सबसे बड़ी नियुक्ति सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी राजेश खुल्लर (Rajesh Khullar) की हुई है। वह सीएम नायब सैनी (Nayab Singh Saini) के दूसरी बार मुख्य प्रधान सचिव बनाए गए हैं। इसके साथ ही मान सम्मान बढ़ाने के लिए उन्हें कैबिनेट मंत्री का रैंक भी दिया गया है।

By Anurag Aggarwa Edited By: Prince Sharma Updated: Fri, 18 Oct 2024 09:44 PM (IST)
Hero Image
राजेश भुल्लर व सीएम नायब सिंह सैनी (जागरण फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के गठन के बाद अब मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में भी नियुक्तियां आरंभ हो गई हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में सबसे पहली नियुक्ति रिटायर्ड आइएएस अधिकारी राजेश खुल्लर की हुई है। राजेश खुल्लर प्रदेश के दूसरी बार मुख्यमंत्री बने नायब सैनी के मुख्य प्रधान सचिव होंगे। प्रदेश सरकार ने राजेश खुल्लर का मान सम्मान और दर्जा बढ़ाते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री का रैंक प्रदान किया है।

राजेश खुल्लर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार में उनके प्रधान सचिव थे और बाद में मुख्य प्रधान सचिव भी बने थे। मनोहर लाल के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जब नायब सैनी राज्य के सीएम बने तो खुल्लहर सीएम के मुख्य प्रधान सचिव पद पर कार्यरत थे।

उन्हीं के निर्देशन में लोकसभा और विधानसभा चुनाव भाजपा सरकार ने लड़े तथा जीते। मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने राजेश खुल्लर के नियुक्ति आदेश जारी किए हैं।

साल 2023 में हुए थे रिटायर

राजेश खुल्लर 1998 बैच के आइएएस अधिकारी रहे हैं। वे 31 अगस्त 2023 को रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के तुरंत बाद दो सितंबर 2023 को राजेश खुल्लर को तत्कालीन सीएम मनोहर लाल ने अपना मुख्य प्रधान सचिव नियुक्त कर लिया था।

राजेश खुल्लर की गिनती सुलझे हुए अधिकारियों में होती है। उन्होंने केंद्र सरकार तथा विश्व बैंक में भी अपनी सेवाएं दी हैं। राजेश खुल्लर की नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में और भी कई नियुक्तियों के आदेश जल्दी जारी होंगे।

वहीं, नवनियुक्त कैबिनेट मंत्रियों ने शुक्रवार को सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में अपने-अपने कार्यालयों का कार्यभार संभाल लिया है।

मेट्रो की रफ्तार से चलेगी सरकार: अनिल विज

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले कैबिनेट मंत्री अनिल विज को कार्यभार ग्रहण करवाया और गुलदस्ता व मिठाई भेंट कर उन्हें बधाई दी। विज ने मीडिया से बातचीत करते हुए इस अवसर पर खुशी जाहिर की और कहा कि मौजूदा सरकार न केवल पिछले दो कार्यकालों की तरह बिना रुके चलेगी बल्कि मेट्रो की रफ्तार से चलेगी।

मीडिया से बातचीत में एक अन्य कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हमारी सरकार ने कार्यभार संभालते ही युवाओं को रोजगार देने का अपना वादा पूरा किया है। सरकार ने करीब 25 हजार युवाओं को नौकरी देकर दिवाली का तोहफा दिया है। केंद्र और राज्य सरकार संविधान के आदर्शों के अनुरूप काम कर रही है और संविधान सुरक्षित हाथों में है।

लोगों से किए गए वादों को करेंगे पूरा: राव नरबीर सिंह

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि संकल्प पत्र में लोगों से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गुरुग्राम में जलभराव की समस्या का भी जल्द समाधान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 'कोई केस दर्ज नहीं होगा, हमारे किसान समझदार', पराली जलाने में FIR करने के आदेश पर बोले CM नायब सैनी

नरबीर सिंह ने यह भी कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की ही नहीं बल्कि आम जनता की भी जिम्मेदारी है। कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य जरूरतमंदों, गरीबों, युवाओं और किसानों के जीवन को आसान बनाना है। फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है, जिससे उन्हें राहत मिली है। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह खरा उतरेंगे।

उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा के संकल्प पत्र को लागू करना उनकी प्राथमिकता है। गोयल ने कहा कि वह फरीदाबाद को विकसित शहर बनाने के लिए भी काम करेंगे। इसके साथ ही विकास कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करेंगे।

'महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण प्राथमिकता'

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण हमारी सरकार की प्राथमिकताएं रहेंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में लोगों ने अपने वोट के जरिए कांग्रेस पार्टी को करारा जवाब दिया है। कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि उन्हें हरियाणा की जनता की सेवा करने का मौका मिला है। उन्होंने प्रदेश की जनता का उन पर भरोसा जताने और उन्हें जीत दिलाने के लिए आभार जताया।

यह भी पढ़ें- मुश्किलों में घिरी नायब सरकार, मंत्रिमंडल के गठन को हाईकोर्ट में चुनौती; आखिर क्या है माजरा?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।