'वोट चोरी नहीं होती तो हरियाणा में बनती कांग्रेस की सरकार', चुनाव नतीजों पर फिर बवाल; अब विपक्ष निकालेगी पैदल मार्च
हरियाणा कांग्रेस आज चुनाव आयोग के खिलाफ पैदल मार्च करेगी। राहुल गांधी ने वोटों की चोरी का आरोप लगाया है जिसे बीजेपी ने खारिज किया है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उदयभान मार्च का नेतृत्व करेंगे। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस हार को छिपाने के लिए आरोप लगा रही है क्योंकि कई सीटों पर जीत का अंतर बहुत कम रहा है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन आक्रामक तेवर दिखाने वाली कांग्रेस सोमवार को केंद्रीय व राज्य चुनाव आयोग के खिलाफ पैदल मार्च निकालेगी।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयोग के विरुद्ध प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद पूरे देश में वोटों की चोरी के आरोपों पर वाद-विवाद चल रहा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि हरियाणा में आठ सीटें कांग्रेस 22 हजार 779 मतों के अंतर से हारी है।
राहुल गांधी का आरोप था कि वोटों की चोरी नहीं हुई होती तो कांग्रेस यह सीटें जीतती और राज्य में उसकी सरकार बनती। राहुल गांधी की इन दलीलों को खारिज करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से कहा जा चुका है कि वोटों की चोरी सिर्फ हार को छिपाने का बहाना है।
भाजपा भी सात विधानसभा सीटें सिर्फ साढ़े 12 हजार मतों के अंतर से हारी है। यदि वोटों की चोरी हुई होती तो भाजपा यह सात सीटें इतने मामूली अंतर से क्यों हारती। इन्हीं आरोप-प्रत्यारोप के बीच कांग्रेस ने सोमवार को विधानसभा तक पैदल मार्च करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस के इस पैदल मार्च को लेकर चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कांग्रेस के पैदल मार्च का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान करेंगे, जिसमें कांग्रेस के सभी विधायक शामिल होंगे।
यह पैदल मार्च हाईकोर्ट चौक से आरंभ होकर विधानसभा परिसर तक ले जाने की योजना है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कांग्रेस विधायकों को आंदोलन की शक्ल में विधानसभा परिसर तक पहुंचने देंगी, इसकी संभावना बहुत कम नजर आ रही है।
- हरियाणा में नौ सीटें राई, खरखौदा, दादरी, उचाना, डबवाली, असंध, अटेली, होडल और महेंद्रगढ़ में कांग्रेस 23 हजार 441 मतों के अंतर से हारी।
- सात विधानसभा सीटें लोहारू, आदमपुर, पंचकूला, सढ़ोरा, रोहतक, थानेसर और फतेहाबाद में भाजपा 12 हजार 614 मतों के अंतर से चुनाव हारी।
- भाजपा ने अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव के दौरान 55 लाख वोट हासिल कर 48 विधानसभा सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस ने 54 लाख वोट प्राप्त करते हुए 37 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है।
- कांग्रेस के मुताबिक उचाना कलां, चरखी दादरी, होडल, सफीदो, घरौंडा, असंध, राई और खरखौदा विधानसभा सीटों में कांग्रेस छह-छह हजार से भी कम वोटों से चुनाव हारी।
- उचाना कलां विधानसभा सीट पर कांग्रेस की हार सिर्फ 32 वोटों से हुई है, जहां से हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह चुनाव लड़े थे। बृजेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे हैं। उन्होंने बैलेट पेपर के मतों की दोबारा गिनती के लिए हाईकोर्ट में केस दायर कर रखा है।
- भाजपा सात सीटें लोहारू, आदमपुर, रोहतक, सढ़ोरा, पंचकूला, फतेहाबाद और थानेसर साढ़े तीन-तीन हजार से भी कम वोटों से हारी है, जिससे कांग्रेस के वोटों की हेराफेरी के आरोपों को खारिज करने में मदद मिल रही है।
12 विधानसभा सीटों पर जीत-हार का अंतर 4,623 वोट से कम
हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने आंकड़ों के साथ कांग्रेस के आरोपों को चुनौती दी है। उनके मुताबिक, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच मात्र पांच महीने में हरियाणा में 4 लाख 16 हजार 103 मतदाता बढ़े। मई 2024 में लोकसभा चुनाव में मतदाता संख्या 1 करोड़ 99 लाख 38 हजार 247 थी, जो विधानसभा चुनाव में 2 करोड़ 3 लाख 54 हजार 350 हो गई।
औसतन हर विधानसभा क्षेत्र में 4,623 मतदाता जुड़े। इन नए आंकड़ों का राजनीतिक महत्व इसलिए है, क्योंकि 12 विधानसभा सीटों पर जीत-हार का अंतर 4,623 वोट से कम रहा है। इसलिए राहुल गांधी के आरोप बेबुनियाद हैं।
मामूली मतों के अंतर से हारी-जीती हुई सीटें
- उचाना में भाजपा के देवेंद्र अत्री ने कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह को 32 वोटों से हराया।
- इनेलो के आदित्य देवीलाल ने डबवाली सीट पर कांग्रेस के अमित सिहाग को 610 मतों से हराया।
- लोहारू में कांग्रेस के राजबीर फरटिया ने भाजपा के जय प्रकाश दलाल को 792 वोटों से हराया।
- आदमपुर में कांग्रेस के चंदर प्रकाश ने भाजपा के भव्य बिश्नोई को 1,268 मतों के अंतर से हराया।
- दादरी में भाजपा के सुनील सतपाल सांगवान ने कांग्रेस की मनीषा सांगवान को 1,957 मतों से हराया।
- पंचकूला में कांग्रेस के चंद्र मोहन बिश्नोई ने भाजपा के ज्ञान चंद गुप्ता को 1,997 मतों के अंतर से हराया।
- सढ़ोरा में कांग्रेस की रेणुबाला ने भाजपा के बलवंत सिंह सढ़ोरा को 1699 मतों के अंतर से हराया।
- रोहतक में कांग्रेस के बीबी बत्रा ने भाजपा के मनीष ग्रोवर को 1341 मतों से हराया।
- असंध में कांग्रेस के शमशेर गोगी को भाजपा के योगेंद्र राणा ने 2306 मतों से हराया।
- थानेसर में कांग्रेस के अशोक अरोड़ा ने भाजपा के सुभाष सुधा को 3243 मतों से हराया।
- अटेली में भाजपा की आरती राव ने कांग्रेस के अतरलाल को 3085 मतों से हराया।
- फतेहाबाद में कांग्रेस के बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भाजपा के चौधरी दूड़ाराम को 2252 मतों के अंतर से हराया।
- होडल में हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान भाजपा के हरजिंदर सिंह से 2595 मतों से चुनाव हार गए।
- महेंद्रगढ़ में कांग्रेस के राव दान सिंह भाजपा के कंवर सिंह से 2648 मतों के अंतर से चुनाव हारे।
- राई में भाजपा की कृष्णा गहलावत ने कांग्रेस के जयभगवान अंतिल को 4673 मतों से हराया।
- खरखौदा में भाजपा के पवन खरखौदा ने कांग्रेस के जयवीर वाल्मीकि को 5635 मतों के अंतर से हराया।
राहुल गांधी ने नहीं दिया चुनाव आयोग के नोटिस का जवाब
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास की ओर से राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों पर उन्हें नोटिस भेजकर हलफनामा दायर करने के लिए कहा जा चुका है। राहुल गांधी की ओर से अभी तक इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।