अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव पर कुरुक्षेत्र में नहीं लगेगा जाम, नई पार्किंग बनेगी
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने विधानसभा में कुरुक्षेत्र में लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया। पंचायत मंत्री ने बताया कि सेक्टर-10 में पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे और यमुनानगर-कुरुक्षेत्र मार्ग को फोरलेन किया जाएगा। अशोक अरोड़ा ने पार्किंग स्थल की दूरी पर आपत्ति जताई जिसके जवाब में मंत्री ने अनाज मंडी में पार्किंग की व्यवस्था होने की बात कही।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में हर वर्ष लाखों पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं, जिससे कुरुक्षेत्र शहर को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। पिपली से कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के थर्ड गेट और सेक्टर-तीन बाईपास से लेकर 100 फुट रोड ब्रह्मसरोवर तक जाम की स्थिति बनी रही है। लिहाजा, धर्मनगरी को जाम से निजात दिलाने के लिए नायब सरकार ने नए पार्किंग स्थल बनाने की योजना तैयार की है। शहर के सेक्टर-10 में पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने मानसून सत्र के दौरान सदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के दौरान जाम की स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से जवाब मांगा कि बढ़ते ट्रैफिक और जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात प्रबंधन को सुधारने के लिए क्या योजना तैयार की गई है। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अशोक अरोड़ा के सवाल का जवाब दिया कि गीता महोत्सव में बढ़ रही पर्यटकों की तादाद को देखते हुए सेक्टर-10 में पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।
आगामी वर्ष तक पार्किंग स्थल बनकर तैयार हो जाएंगे। पंचायत मंत्री के जवाब पर विधायक अशोक अरोड़ा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सेक्टर-10 की दूरी ब्रह्मसरोवर से तीन से चार किलोमीटर है। पार्किंग स्थल सेक्टर-10 की बजाय ब्रह्मसरोवर के आसपास बनाए जाने चाहिएं। इस पर पंचायत मंत्री ने जवाब दिया कि ब्रह्मसरोवर के नजदीक ही नई अनाज मंडी हैं, जहां पर दो हजार बसें और चार से पांच हजार छोटे वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था है।
यमुनानगर-कुरुक्षेत्र-लाडवा-पिहोवा मार्ग बनेगा फोरलेन
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सदन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए बड़ वाहनों को गांवों के रूटों पर डायर्वट किया जाता है, जिसके चलते गांवों की सड़कों पर भी जाम की स्थिति बनी रही है। खासकर मिर्जापुर, दयालपुर, आलमपुर और सुनहेड़ी खालसा और नरकातारी सहित खेड़ी मारकंडा कई गांव ऐसे हैं, जहां से बड़े वाहन गुजरते हैं।
इन गांवों में सड़कों की चौड़ाई कम होने के चलते जाम लगता है। इस समस्या का हल केवल शहर में बाईपास या रिंग रोड ही है। पंचायत मंत्री ने अशोक अरोड़ा को जवाब दिया कि कुरुक्षेत्र शहर में रिंग रोड और बाइपास परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। जल्दी ही यमुनानगर-कुरुक्षेत्र-लाडवा-पिहोवा मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। बाकायदा, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इसकी घोषणा की जा चुकी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।