Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डबवाली को बनाया जाएगा अलग जिला? आदित्य देवीलाल ने विधानसभा में की मांग; पढ़ें सदन में और क्या-क्या हुआ?

    हरियाणा विधानसभा में सोमवार को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) का मुद्दा उठा। कांग्रेस विधायकों ने पीपीपी को गरीबों का खून चूसने वाला बताया और पेंशन काटने का आरोप लगाया। राशन कार्ड रद्द करने सड़कों की दुर्दशा बेरोजगारी और जलभराव जैसे मुद्दे भी उठाए गए। विधायकों ने सरकार से इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

    By Sudhir Tanwar Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Mon, 25 Aug 2025 07:21 PM (IST)
    Hero Image
    हरियाणा विधानसभा में आज डबवाली को जिला बनाने की मांग की गई है।

    सुधीर तंवर, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में सोमवार को शून्यकाल में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) का मुद्दा फिर उठा। कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पीपीपी को गरीबों का खून चूसने वाला करार देते हुए कहा कि गलत तरीके से लाखों लोगों की पेंशन काट दी गई है। चुनाव से पहले आनन-फानन में राशन कार्ड बनाए गए और अब इन्हें काटा जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गांव कापड़ो का उदाहरण देते हुए पेटवाड़ ने कहा कि एक परिवार का बीपीएल कार्ड सिर्फ इसलिए काट दिया गया कि उसके घर दो कूलर थे। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को आयुसीमा में छूट का लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में हुई हड़ताल के दौरान निकाले गए रोडवेज कर्मचारियों को वापस नौकरियों पर लिया जाए।

    इसी तरह कांग्रेस विधायक विकास सहारण ने कहा कि 10 मार्च 2017 को तत्कालीन शिक्षा मंत्री ने कलायत में महाविद्यालय बनाने की घोषणा की थी। सरकार अब इससे इनकार कर रही है। कांग्रेस के ही नरेश सेलवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा रैलियों में रोडवेज बसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने के दावों के विपरीत सिर्फ गेहूं को ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकार खरीद रही है।

    महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी ने कहा कि सड़कों का बुरा हाल है। मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा की थी कि छह महीने के भीतर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। लगता है कि महम विधानसभा क्षेत्र शायद हरियाणा में नहीं आता, इसलिए यहां की गड्ढे वाली सड़कें अभी तक सही नहीं की गई हैं। मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने कहा कि प्रदेश में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। फिरौतियां मांगी जा रही हैं।

    बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है। पुलिस में 21 हजार पद खाली पड़े हैं। इन पदों पर जल्द भर्ती की जाए। रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने एजी आफिस को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोर्ट के स्टे के बावजूद आफिस काम नहीं कर रहा है। इस कारण कई सालों तक काम अटके रहते हैं। रोहतक शहर में सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 25 कालोनियां ऐसी हैं, जहां दूषित पानी आता है। सड़कों का बुरा हाल है और सीवरेज की समस्या बनी हुई है।

    डबवाली से इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने कहा कि डबवाली को पुलिस जिला तो घोषित कर दिया गया है, लेकिन जिला बनाने की मांग अभी पूरी नहीं हुई है। सरकार डबवाली को जल्द जिला बनाए। पानीपत शहर के विधायक प्रमोद विज ने कहा कि यहां बहुत बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक आ रहे हैं। शहर के जो भी काम रूके हुए हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए।

    कादियान ने उठाया जलभराव का मुद्दा

    बेरी से कांग्रेस विधायक डॉ. रघुबीर कादियान ने जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के गांवों में नौ हजार एकड़ कृषि भूमि में जलभराव हो रखा है। किसानों की फसलें खराब हो चुकी हैं। जल्द मुआवजा जारी किया जाए। साथ ही पूरे प्रदेश में दलित समाज के लिए चौपालें बनाने की मांग की।