Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कैंटर ने बाइक को टक्कर मारकर 250 मीटर घसीटा, सुपरवाइजर की मौत, दोस्त घायल

जागरण संवाददाता पानीपत नांगल खेड़ी के सामने सेक्टर-29 पार्ट-1 में ड्रेन से लगते हाईवे की

By JagranEdited By: Updated: Tue, 22 Dec 2020 05:53 AM (IST)
Hero Image
कैंटर ने बाइक को टक्कर मारकर 250 मीटर घसीटा, सुपरवाइजर की मौत, दोस्त घायल

जागरण संवाददाता, पानीपत : नांगल खेड़ी के सामने सेक्टर-29 पार्ट-1 में ड्रेन से लगते हाईवे की सर्विस रोड पर कैंटर चालक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। कैंटर उस बाइक को 250 मीटर तक घसीटता ले गया। इस हादसे में एक फैक्ट्री के सुपरवाइजर की मौत हो गई। उसका दोस्त घायल हुआ। लोगों ने आरोपित चालक को पकड़कर पीटा, लेकिन वह मौका पाकर भाग निकला। मृतक का 23 दिसंबर को रिश्ता तय होना था। एकता विहार कालोनी का 24 वर्षीय रवि शर्मा सेक्टर-25 स्थित वरटैक्स फैक्ट्री में सुपरवाइजर था। रवि के बड़े भाई किशोर ने बताया कि रविवार दोपहर को रवि विकास नगर के दोस्त नीरज पांडेय की बाइक सर्विस कराने की बात कहकर घर से निकला था। सेक्टर-29 में सर्विस रोड पर सामने से आ रहे कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मारी। रवि और नीरज उछलकर सड़क पर जा गिरे। टक्कर के बाद भी कैंटर चालक बाइक को करीब 250 मीटर तक घसीट कर ले गया। लोगों ने बुलेट बाइक से पीछा कर कैंटर को रोका। चालक को नीचे उतारकर लोगों ने पीटा। पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक आरोपित चालक फरार हो गया था। पुलिस ने दोनों घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। नीरज का उपचार चल रहा है। रवि का 23 दिसंबर को रिश्ता तय होना था। सामान्य अस्पताल में किशोर भाई के शव को देखकर विलाप करने लगा और बेहोश हो गया। लोगों ने उन्हें सांत्वना दी। सोमवार को पुलिस ने सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव को स्वजनों को सौंप दिया गया। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

नीरज के भाई ने दी सूचना

किशोर ने बताया कि करीब तीन बजे नीरज के भाई ने काल की। नीरज का फोन पुलिसकर्मी ने उठाया और हादसे की जानकारी दी। नीरज के भाई ने उन्हें जानकारी दी। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे।

सात साल पहले हुई थी पिता की मौत

यह विडियो भी देखें

किशोर ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला औरेया के पुखासा गांव के रहने वाले हैं। 12 साल से एकता विहार कालोनी में किराये पर रहते हैं। सात साल पहले बीमारी से पिता किशनलाल शर्मा की मौत हो गई थी। दोनों भाइयों पर परिवार की परवरिश की जिम्मेदारी थी। दोनों भाइयों ने मिलकर तीन बहनों की शादी की। रवि सबसे छोटा था।