Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana: हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने बेटियों को दिया एक और उपहार, अब निजी कॉलेजों की फीस भी भरेगी सरकार

पानीपत के समालखा की अनाज मंडी में सीएम मनोहर लाल ने कई घोषणाएं की। उन्होंने 1.80 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों की बेटियों की फीस माफ करने की बात कही। साथ ही दिल्ली के सराय काले खां से पानीपत तक रैपिड ट्रेन का जल्द टेंडर की बात कही है। उन्होंने सेवन एस शिक्षा स्वास्थ्य स्वावलंबन सुरक्षा सेवा स्वाभिमान और सुशासन पर काम करने का संकल्प दोहराया।

By Vijay Edited By: Deepak SaxenaUpdated: Sun, 26 Nov 2023 10:28 PM (IST)
Hero Image
हरियाणा सीएम मनोहर लाल ने बेटियों को दिया एक और उपहार।

जागरण संवाददाता, पानीपत। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को बेटियों को उच्च और तकनीकी शिक्षा में दक्ष बनाने के लिए बड़ी घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 1.80 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले परिवारों की बेटियां उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए निजी कॉलेजों में भी मुफ्त पढ़ सकेंगी, उनकी फीस सरकार भरेगी। 1.80 लाख से तीन लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों की बेटियों की आधी फीस सरकार देगी। समालखा में पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलाजी (पाइट) संस्थान से दो महीने के भीतर करार कर लिया जाएगा।

सराय काले खां से पानीपत तक रैपिड ट्रेन का टेंडर जल्द

उन्होंने कहा कि दिल्ली के सराय कालेखां से पानीपत तक रैपिड ट्रेन परियोजना का टेंडर जल्द होगा। यह छह लेन की रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम परियोजना है। सरकार ने अपने हिस्से की रकम जमा करा दी है। वह अनाज मंडी में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने समालखा के लिए भी कई घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले वर्ष भापरा स्टेडियम का उद्घाटन करने आया था। तब समालखा नहीं आ सका था। अभी तक हम जनसंवाद कार्यक्रम करते रहे हैं। यहां जन आशीर्वाद रैली में आया हूं, समालखा की जनता को इस शब्द का अर्थ समझना होगा। सीएम ने कहा कि सरकारें जब बनती हैं तो जनता को उम्मीद होती है कि सड़कें, पुल और स्कूल बनेंगे। नौ साल में जितना काम हुआ, उतना कांग्रेस की सरकार पूरे कार्यकालों में नहीं करा सकी।

शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, सुरक्षा, सेवा, स्वाभिमान और सुशासन पर काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जब सरकार बनी थी तो लक्ष्य तय किया था कि ट्रिपल सी यानि क्राइम, करप्शन और कास्ट बेस पॉलिटिक्स को खत्म करना है। काफी हद तक सरकार सफल भी रही है। सीएम ने सेवन एस यानी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, सुरक्षा, सेवा, स्वाभिमान और सुशासन पर काम करने का संकल्प दोहराया।

समालखा नगर पालिका को नगर परिषद का दर्जा दिए जाने की घोषणा की। जन आशीर्वाद रैली को करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार,भाजपा जिलाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, रैली के संयोजक संजय छौक्कर ने संबोधित किया। मंच पर जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा, डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया मौजूद रहे।

12 लाख युवा प्रशिक्षित

सीएम ने कहा कि प्रदेश के 12 लाख युवाओं को स्किल में प्रशिक्षित किया गया है। ये नौकरी और स्वरोजगार कर सकेंगे। हर जिला में महिला थाना खोले गए हैं। हर साल पांच-छह हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की जा रही है। चिरायु हरियाणा को विस्तार दिया गया है। आयुर्वेद को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पची-खर्ची-अर्जी सिस्टम खत्म

मुख्यमंत्री ने सुशासन पर कहा कि हमारी सरकार ने पर्ची-खर्ची-अर्जी सिस्टम खत्म कर दिया है। परित्याग की गई या घर छोड़ चुकी महिलाओं, दिव्यांगों, वृद्धों के लिए आश्रम बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर गांव से पांच ऐसे पुराने केस लेकर आएं जो दशकों से लंबित हैं, उनका निस्तारण होगा।

ये भी पढ़ें: Chandigarh: DGP की महिला सशक्तीकरण मुहिम को रोहतक पुलिस का झटका, उत्पीड़ित महिला के खिलाफ अतिक्रमण का मुकदमा दर्ज