Move to Jagran APP

'ज्यादा शराब पी ली है...', हनीट्रैप से पकड़ा गया लॉरेंस गैंग का शूटर सुक्खा; युवती के जरिए पुलिस ने ऐसे बिछाया था जाल

मुंबई पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे सुखवीर उर्फ सुक्खा को पानीपत से गिरफ्तार किया है। सुक्खा पर सलमान खान के घर पर फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने उसे एक युवती के जरिए हनीट्रैप में फंसाया। सुक्खा को पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया गया है। युवती ने उसे फोन कर कहा कि मैंने ज्यादा शराब पी ली है।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Fri, 18 Oct 2024 12:21 PM (IST)
Hero Image
हनीट्रैप से पकड़ा गया लॉरेंस गैंग का शूटर सुक्खा।

आशु गौतम, पानीपत। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा व शूटर सुखवीर उर्फ सुक्खा हनीट्रैप में पकड़ा गया। मुंबई पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए एक युवती के माध्यम से यह जाल तीन माह पहले बिछाया था। यह युवती लगातार सुक्खा के संपर्क में थी और बातचीत कर उसे जाल में फंसाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस को इसमें बुधवार देर रात सफलता मिली।

महिला ने पहले उसे कॉल किया और खुद नशे में होने की बात कहकर लोकेशन भेजकर उसे अभिनंदन होटल में बुलाया। इसके बाद होटल के कमरे से नवी मुंबई पुलिस और पानीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने सुक्खा को धर दबोचा। महिला ने पहली मंजिल पर एक कमरा बुक किया था और दूसरी मंजिल पर पुलिस की टीम तीन कमरों में ठहरी हुई थी।

दूसरे बड़े हमले की तैयारी में था लॉरेंस गैंग

वीरवार को मुंबई पुलिस की टीम ने उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया और इसके बाद मुंबई लेकर रवाना हो गई। सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग करने के बाद लॉरेंस गैंग दूसरे बड़े हमले की तैयारी में था। फायरिंग मामले में पनवेल थाना सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया है।

युवती ने दोस्ती कर ऐसे पकड़वाई

इस मामले में पुलिस ने लारेंस बिश्नोई के छह गुर्गों को पकड़ा है। इनसे पूछताछ में पानीपत के रैरकला गांव निवासी सुखवीर उर्फ सुक्खा का नाम सामने आया था। वह फायरिंग मामले का मुख्य आरोपित है। उससे पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने प्रयास किए, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

इसके बाद उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने तीन माह पहले जाल बुनना शुरू कर दिया। एक युवती को सुक्खा से संपर्क करने और उससे दोस्ती करने जाल बिछाने के लिए तैयार किया। वह उससे लगातार संपर्क में थी।

युवती के लोकेशन पर पहुंचा और पकड़ा गया

प्लान के तहत बुधवार को महिला ने पानीपत के होटल अभिनंदन में कमरा बुक किया और सुक्खा को फोन किया। युवती ने कहा, मैंने ज्यादा शराब पी ली है और पानीपत में कहीं पर हूं, लेकिन यह पता नहीं है कि यह शहर में कौन सी जगह है। मेरे पास अभिनंदन होटल है। मैं लोकेशन भेज रही हूं, यहां आ जाओ।

सुक्खा ने आने से आना-कानी की और युवती से कहा कि वह उसे पकड़वाने की साजिश तो नहीं कर रही है। इस पर युवती ने कहा कि आने पर उसे फायदा हो सकता है। इसके बाद सुक्खा युवती के लोकेशन पर पहुंचा। दोनों ने होटल के कमरा नंबर 104 में पहले शराब पी।

इसी दौरान युवती ने चुपके से दूसरी मंजिल पर रुकी मुंबई पुलिस की टीम को मिसकाल कर दिया। टीम ने पहली मंजिल पर आकर सुक्खा को गिरफ्तार कर लिया।

डेढ़ महीने कैथल में रहा था जीशान

मुंबई में एनसीपी नेता पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले को लेकर मुंबई पुलिस की टीम कैथल पहुंच चुकी है। दो इंस्पेक्टरों के नेतृत्व में 15 कर्मचारी जांच कर रहे हैं। हत्याकांड में कैथल के गांव नरड़ निवासी गुरमेल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

गुरमेल कैथल जेल में नकोदर जालंधर पंजाब निवासी मोहम्मद जीशान अख्तर के संपर्क में आया था। जीशान लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। हत्याकांड में जीशान अभी भी फरार चल रहा है। मुंबई पुलिस को इनपुट मिला था कि घटना से कुछ दिन पहले जीशान कैथल में किराए पर रहा था।

वह करीब डेढ़ महीना यहां रहा था और इसी दौरान गुरमेल भी उससे मिलता था। जीशान जिन युवकों के संपर्क में आया था उनसे भी पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है। गांव नरड़ से भी एक युवक को बुलाकर पूछताछ की गई है। मुंबई टीम प्रयास कर रही है कि उसे जीशान के बारे में कोई अहम जानकारी मिल पाए।

यूएसए में गोल्डी बराड के संपर्क में था

मुंबई पुलिस सुक्खा को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी, जिससे गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई समेत कई बड़े बदमाशों की साजिश का पता लग सकता है। बताया जाता है कि सुक्खा लारेंस बिश्नोई के साथ-साथ पाकिस्तान में बैठे एक गैंगस्टर और यूएस में रह रहे गोल्डी बराड़ के संपर्क में था।

पिता बोला- फोन पर लगा रहता था

पिता बलबीर उर्फ बिल्लू ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। सुक्खा बेटे-बेटियों में सबसे बड़ा है। सुक्खा रिफाइनरी में ट्रक ड्राइवरी करता है। सुक्खा फोन पर घंटों-घंटों बातचीत करता रहता था।

उन्होंने पूछने का प्रयास किया, लेकिन बेटे ने कभी जवाब नहीं दिया। उन्हें तो वीरवार सुबह पता चला कि बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें भनक तक नहीं लगी कि बेटा किस गैंग के संपर्क में था।

मुंबई पुलिस ने एक मामले में सुखवीर उर्फ सुक्खा को पानीपत से गिरफ्तार किया है। इसमें पानीपत पुलिस का सहयोग लिया गया है। वीरवार को मुंबई पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया और उसे मुंबई ले गई।

-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय, पानीपत।

सुक्खा शूटर के नाम से इंस्टाग्राम पर अकाउंट

सुखवीर उर्फ सुक्खा का सोशल मीडिया पर अकाउंट था। इंस्टाग्राम पर उसका सुक्खा कलुया उर्फ सुक्खा शूटर के नाम से अकाउंट है जिसमें उसने 1290 फोटो व वीडियो पोस्ट की हैं। उसने 4764 लोगों को फालो किया है, जिनमें 1022 लोगों ने उसे फालोबैक किया है।

4764 में से 60 प्रतिशत से ज्यादा लारेंश गैंग या इनकी गुर्गों के इंटरनेट मीडिया अकाउंट हैं। सुक्खा ने अपनी प्रोफाइल पर भी सोपू लारेंस बिश्नोई पोस्टर के बीच अपनी फोटो लगाई है। उसने हथियार के साथ भी फोटो वीडियो शेयर किए हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।