Move to Jagran APP

लारेंस बिश्नोई गैंग का शूटर पानीपत के होटल से गिरफ्तार, सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में फरार था सुक्खा

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग मामले में फरार लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सुक्खा को पानीपत से गिरफ्तार किया गया। शूटर को गिरफ्तार करने के लिए मुंबई पुलिस बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे पानीपत पहुंची थी। मुबंई पुलिस ने स्थानीय सेक्टर 29 थाना पुलिस का सहयोग लिया और ज्वाइंट ऑपरेशन में अनाज मंडी कट स्थित अभिनंदन होटल से शूटर को गिरफ्तार किया।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Thu, 17 Oct 2024 05:48 AM (IST)
Hero Image
लारेंस बिश्नोई गैंग का शूटर सुक्खा पानीपत के होटल से गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, पानीपत। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग मामले में फरार लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर सुक्खा को पानीपत से गिरफ्तार किया गया। शूटर को गिरफ्तार करने के लिए मुंबई पुलिस बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे पानीपत पहुंची थी। मुबंई पुलिस ने स्थानीय सेक्टर 29 थाना पुलिस का सहयोग लिया और ज्वाइंट ऑपरेशन में अनाज मंडी कट स्थित अभिनंदन होटल से शूटर को गिरफ्तार किया। उसके बाद मंबुई पुलिस शूटर को लेकर रवाना हो गई।

पानीपत सेक्टर 29 थाना क्षेत्र के एक होटल में छिपा हुआ था

पानीपत के सेक्टर 29 थाना प्रभारी संदीप चहल ने बताया कि नई मुंबई की पनवेल सिटी थाना पुलिस बुधवार रात करीब 10:30 बजे पानीपत थाने में पहुंची थी। मुंबई पुलिस टीम में तैनात पीएसआइ विनोद ने सूचना दी कि लारेंस गैंग का शूटर जो मुंबई पुलिस का वांटेड है, पानीपत सेक्टर 29 थाना क्षेत्र के एक होटल में छिपा हुआ है। जिसे पकड़ने के लिए उन्हें मदद चाहिए।

उन्होंने उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला डाला और अधिकारियों के निर्देश पर पानीपत पुलिस और मुंबई पुलिस के ज्वाइंट आपरेशन पर टीम अनाज मंडी कट के पास पहुंची। जहां पर अभिनंदन होटल में टीम ने दबिश दी। 104 नंबर कमरे से शूटर सुक्खा को दबोच लिया गया। शूटर की पहचान पानीपत के रेरकला गांव निवासी सुक्खा (35) के रूप में हुई।

बालीबुड अभिनेता के घर पर फायरिंग मामले में फरार था सुक्खा

बालीबुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस दो बदमाशों को पकड़ चुकी है। उनसे पूछताछ में सुक्खा का नाम सामने आया था। सुक्खा का मोबाइल नंबर समेत सोशल मीडिया अकाउंट आइडी व अन्य डिटेल मुंबई पुलिस जुटा चुकी थी। लोकेशन मिलते ही पुलिस पानीपत पहुंची और होटल पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों ही शूटर का पुराना रिकार्ड खंगाल रही हैं।

घर पर किये थे चार फायर

बालीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने सुबह 5 बजे फायरिंग की गई थी। दो बाइक से आए हमलावरों ने चार राउंड फायर किए थे। जिस वक्त फायरिंग हुई, उस वक्त सलमान अपने घर में ही थे। फायरिंग का वीडियो भी सामने आया था। जिसमें दोनों हमलावर फायरिंग करते दिखे हैं। बताया जा रहा है कि सुक्खा को सलमान के घर पर फायरिंग करने के लिए बिश्नोई ने काम दिया था लेकिन गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार होने के बाद सुक्खा फरार हो गया था। ये गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब पुलिस बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच कर रही है।

मुंबई पुलिस के साथ मिलकर शूटर सुक्खा को पानीपत के अभिनंदन होटल से गिरफ्तार किया गया है, जिसे मुंबई पुलिस साथ ले गई है। - संदीप चहल, प्रभारी, सेक्टर 29 थाना

पुराने मामले में गिरफ्तार किया

अभिनेता सलमान के घर फायरिंग मामले में सुक्खा को पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जाएगी। इसमें पानीपत पुलिस का सहयोग लिया गया है। पूछताछ के बाद आगामी कार्रवाई करेंगे। -पीएसआइ विनोद, पनवेल सिटी थाना, नई मुबंई

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।