Move to Jagran APP

मिलिए 72 साल के अजायब सिंह से, चार मिनट में दौड़ जाते हैं 800 मीटर

अजायब सिंह हर रोज सुबह पांच किलोमीटर और शाम को तीन किलोमीटर की दौड़ लगाते हैं। इसका असर ये हुआ कि इनका शरीर फि‍ट हो गया। अब तो गांव के युवा भी इनको देखकर मैदान में आने लगे हैं।

By Ravi DhawanEdited By: Updated: Wed, 05 Dec 2018 12:21 PM (IST)
Hero Image
मिलिए 72 साल के अजायब सिंह से, चार मिनट में दौड़ जाते हैं 800 मीटर
पानीपत, जेएनएन। चालीस की उम्र पार करते ही अगर दौड़ना पड़ जाए तो सांस फूल जाती है। आपको ऐसे बुजुर्ग से मिलवाते हैं, जो 70 की उम्र पार करने के बाद भी ऐसे दौड़ते हैं कि जवान भी उनको देखकर हैरान रह जाते हैं। ये हैं 72 वर्ष के अजायब सिंह। दाढ़ी और सिर के 80 फीसद बाल सफेद हो चुके हैं। हर रोज सुबह-शाम 8 किलोमीटर की दौड़ लगाते हैं। सिरसा में हुई 28वीं हरियाणा मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में 70 आयु वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा किया है। इससे पहले गोल्‍ड जीते चुके हैं। पढ़ें ये विशेष खबर।

जींद के सेक्टर-9 में रहने वाले अजायब सिंह ने बताया कि वर्ष 2006 में तहसील ऑफिस से अकाउंटेंट से रिटायर होने के बाद रोज सुबह-शाम हर्बल पार्क में घूमना शुरू किया था। जब सेक्टर-9 में एकलव्य स्टेडियम बना तो वहां सैर करना शुरू कर दिया। डेढ़ साल पहले नरवाना के 85 वर्षीय बेलूराम द्वारा वेटरन खेलों में पदक जीतने की खबर पढ़ी तो उनके मन में भी खेलों में भाग लेने की इच्छा हुई। इस बारे में बेलूराम से बात भी की। उन्होंने प्रोत्साहित किया और इसी साल जनवरी में हिसार में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 800 मीटर दौड़ 4 मिनट में पूरी करके गोल्ड मेडल जीत लिया।

जम्‍मू में जीती चांदी
इसके बाद फरवरी में रोहतक में हरियाणा वेटरन एथलेटिक चैंपियनशिप में 1500 मीटर, 3 किलोमीटर व 100 मीटर में रजत पदक जीता। इन दोनों प्रतियोगिताओं से इतना हौसला बढ़ा कि जून में जम्मू में हुई नेशनल चैंपियनशिप में पांच किलोमीटर तेज चाल में दूसरा स्थान हासिल किया। अब एक व दो दिसंबर को सिरसा में हुई हरियाणा मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ 1 मिनट 36 सेकेंड में पूरी करके तीसरा हासिल किया है। मूल रूप से गांव जाजवान निवासी अजायब सिंह ने कहा कि वेटरन खेलों में भाग लेने के बाद शरीर फिट हो गया है। रोज सुबह पांच किलोमीटर और शाम को तीन किलोमीटर की दौड़ लगाता हूं।

ramphal

56 साल के रामफल गोयत भी जीत लाए मेडल
डीआरडीए में कार्यरत 56 वर्षीय रामफल गोयत सुबह-शाम एकलव्य स्टेडियम में घूमने जाते हैं। यहां रोज 72 साल के अजायब सिंह को दौड़ते हुए देखते थे। उनसे प्रेरित होकर खुद भी दौड़ लगानी शुरू कर दी। चार महीने की मेहनत से ही सिरसा में हुई 28वीं हरियाणा मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में 5000 मीटर वाक को 26 मिनट 17 सेकेंड में पूरा करके कांस्य पदक पर कब्जा किया। मूल रूप से गांव जैजैवंती और हाल में सेक्टर-9 निवासी रामफल ने बताया कि उन्होंने प्रतियोगिता में 55 प्लस आयु वर्ग ग्रुप में हिस्सा लिया था। अब वे 8-9 दिसंबर को पंचकूला में होने वाली राज्यस्तरीय चैंपियनशिप में भी 5000 मीटर तेल चाल में भाग लेंगे। वे रोज सुबह एकलव्य स्टेडियम में डेढ़ घंटे प्रैक्टिस करते हैं। गोयत ने बताया कि अब उनका आठ लोगों का ग्रुप बन गया है, जो मिलकर प्रेक्टिस करते हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।