Move to Jagran APP

कौन है Vikas Yadav जिसे FBI ने घोषित किया मोस्ट वांटेड, रेवाड़ी से है नाता; दिल्ली पुलिस भी कर चुकी गिरफ्तार

अमेरिका का कहना है कि भारत सरकार ने विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। विकास यादव पहले अमेरिका में थे। कुछ वक्त पहले वे भारत आ गए थे। वे हरियाणा के रेवाड़ी जिले के प्राणपुरा गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि विकास को 10 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया था। विकास यादव पर न्यूयॉर्क की जिला अदालत में सुपरसीडिंग अभियोग में आरोप लगाए गए हैं।

By Jagran News Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 19 Oct 2024 01:23 PM (IST)
Hero Image
गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने को लेकर भारतीय अधिकारी विकास यादव पर आरोप तय।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। अमेरिका ने खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने को लेकर भारतीय अधिकारी विकास यादव पर आरोप तय किए हैं। विकास यादव पर मनी लॉन्ड्रिंग के भी आरोप लगे हैं। अमेरिका की खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने विकास यादव के लिंक इंटेलिजेंस एजेंसी रॉ से जुड़े होने की बात कही है।

वहीं, अमेरिका का कहना है कि भारत सरकार ने विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने विकास यादव को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जमानत पर वह रिहा हो गए। विकास यादव पहले अमेरिका में थे। कुछ वक्त पहले वे भारत आ गए थे। वे हरियाणा के रेवाड़ी जिले के प्राणपुरा गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि विकास को 10 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया था।

विकास यादव पर न्यूयॉर्क की जिला अदालत में सुपरसीडिंग अभियोग में आरोप लगाए गए हैं। विकास यादव का साथ देनेवाले 53 वर्षीय निखिल गुप्ता पर पहले सुपरसीडिंग अभियोग के तहत पहले ही आरोप लगाए जा चुके हैं। गुप्ता को अमेरिका में प्रत्यर्पित किया गया था, जबकि विकास यादव अभी भी फरार है।

अमेरिकियों को निशाना बनानेवालों को बर्दाश्त नहीं करेंगे: अमेरिका

अटॉर्नी जनरल मेरिक बी. गारलैंड ने कहा, "अमेरिका ऐसे किसी भी व्यक्ति को कठघरे में खड़ा करेगा, चाहे उनका पद कुछ भी हो या उनका सत्ता से निकटता हो। अगर वे अमेरिकी नागरिकों को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं तो उन्हें आरोपों का सामना करना पड़ेगा। पिछले साल, हमने एक भारतीय सरकारी कर्मचारी विकास यादव और उसके सह-साजिशकर्ता निखिल गुप्ता द्वारा अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या के प्रयास को विफल कर दिया था। अब न्याय विभाग अमेरिकियों को निशाना बनाने और उन्हें खतरे में डालने के प्रयासों को बर्दाश्त नहीं करेगा।"

विकास यादव ने निखिल गुप्ता के साथ रची साजिश: अमेरिका

एफबीआई निदेशक क्रिस्टोफर रे ने कहा, "आरोपी एक भारतीय सरकारी कर्मचारी है, जिसने कथित तौर पर अपने एक सहयोगी के साथ साजिश रची। उसने अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या करने का प्रयास किया। एफबीआई अपने संवैधानिक रूप से संरक्षित अधिकारों का प्रयोग करने के लिए अमेरिका में रहने वाले लोगों के खिलाफ हिंसा या प्रतिशोध के अन्य प्रयासों को बर्दाश्त नहीं करेगी। हम उन विदेशी नागरिकों या अन्य लोगों का पता लगाने और उन्हें जिम्मेदार ठहराने के लिए अपने साझेदारों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो अंतरराष्ट्रीय दमन के ऐसे कृत्यों में शामिल होना चाहते हैं।"

विकास का छोटा भाई अजय हरियाणा पुलिस में

अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई की ओर से मोस्ट वांटेड घोषित किए गए विकास यादव रेवाड़ी जिला के गांव प्राणपुरा के रहने वाले हैं। गांव में बने मकान में उनकी बूढ़ी मां सुदेश रहती हैं। विकास का छोटा भाई अजय हरियाणा पुलिस में हैं और उनकी तैनाती गुरुग्राम में हैं। विकास की मां ने कहा कि जो भी है, केंद्र सरकार देखेगी। मेरा बेटा तो देश के लिए काम कर रहा था। 

विकास भारतीय खुफिया एजेंसी में तैनात रहे

गांव के लोगों ने बताया कि विकास भारतीय खुफिया एजेंसी में तैनात रहे। अब इस समय कार्यरत हैं या किसी को नहीं पता क्योंकि डेढ़ साल से विकास ने अपने स्वजन से संपर्क नहीं किया है। गांव से यह भी जानकारी मिली कि विकास की पत्नी वायुसेना में अधिकारी हैं। उनकी नियुक्ति कहां पर है इस बारे में भी किसी को पता नहीं हैं। एक पड़ोसी ने बताया कि गांव के लोगों को मीडिया से मिली जानकारी से ही पता चला है। विकास पहले भी कई साल तक घर वालों के संपर्क में नहीं रहते थे।

यह भी पढे़ं- हरियाणा में कांग्रेस को झटका, रेवाड़ी से 6 बार के विधायक और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने दिया इस्तीफा

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।