Move to Jagran APP

Haryana Chunav Result: कैसे बदला दक्षिण हरियाणा का समीकरण? 29 में से 22 पर खिला कमल; चौंका देगी ये रिपोर्ट

Haryana Chunav Result 2024 दक्षिण हरियाणा की 29 में से 22 सीटों पर इस बार कमल खिला है। हरियाणा में जीत की हैट्रिक लगानी वाली भाजपा ने पूरे समीकरण को बदल दिया है। यहां कई ऐसी सीटें भी हैं जिन पर कांग्रेस ने पूरे जोर लगा दिए लेकिन फिर हार का सामना करना पड़ा। आइए आपको बताते हैं कि आखिर भाजपा ने कैसा इन सीटों पर नैया पार की है।

By Kapil Kumar Edited By: Kapil Kumar Updated: Wed, 09 Oct 2024 04:16 PM (IST)
Hero Image
Haryana Chunav Result 2024: दक्षिण हरियाणा में 29 में से 22 सीटों पर कमल खिला है। फाइल फोटो

सत्येंद्र सिंह, रेवाड़ी। Haryana Chunav Result 2024 चुनाव प्रचार के पहले दौर में भाजपा के विरुद्ध फैली सत्ता विरोधी लहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी रैलियों के दौरान ऐसा बदल दिया कि तीसरी बार बनने वाली भाजपा सरकार को किसी के सहारे की जरूरत नहीं पड़ेगी।

वहीं, पिछले 10 साल से सरकार की धुरी बना दक्षिण हरियाणा पार्टी के लिए पहले से अधिक मजबूत होकर काम करेगा। यहां की 29 सीटों में से 22 पर भाजपा के विधायक चुने गए हैं। पहले इनकी संख्या 21 थी। भाजपा का बूथ प्रबंधन इतना मजबूत था कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदय भान होडल सीट से हार गए, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नवरत्न में से एक महेंद्रगढ़ के विधायक रहे राव दान सिंह भी सीट गवां बैठे। दान सिंह ने महेंद्रगढ-भिवानी सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। तब भी उन्हें भाजपा के चौधरी धर्मवीर से हार मिली थी।

राहुल गांधी ने अंतिम दिन की थी रैली

इस चुनाव में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रैली की थी। यह माना जा रहा था कि भाजपा को सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस ने भाजपा गई कांग्रेस आई... का नारा देकर खुद के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास भी किया, लेकिन चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में प्रधानमंत्री की सोनीपत और पलवल में हुई रैली ने माहौल बदल दिया।

सोनीपत में कांग्रेस को तीन सीट का नुकसान हुआ। यहां एक ही सीट मिली, जबकि चार सीटें भाजपा को मिलीं, एक निर्दलीय देवेंद्र कादियान ने जीती जो पहले भाजपा में ही थे। टिकट नहीं मिलने पर चुनावी दंगल में कूदे थे। फरीदाबाद की पांच सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा। पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने यहां जीत की हैट्रिक लगाई। पिछली बार की तरह एक पर कांग्रेस को विजय मिली।

पलवल और होडल सीट बीजेपी के खाते में गई

पलवल सीट भाजपा और होडल भाजपा के खाते में गई। होडल से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान नहीं जीत सके। पलवल सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समधी करण दलाल को भाजपा उम्मीदवार गौरव गौतम ने बुरी तरह से हराया। पलवल में हुई प्रधानमंत्री की रैली से पहले यहां कांग्रेस बढ़त में दिख रही थी। लेकिन पीएम ने अपने भाषण में जनहित योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं और महिलाओं को साधा।

उधर, गुरुग्राम में चेहरे बदलने की रणनीति रंग लाया। यहां से पार्टी ने अपने सभी विधायकों के टिकट काटते हुए नए चेहरों या पूर्व विधायकों को चुनावी दंगल में उतारा। पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह ने बादशाहपुर, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर ने सोहना और पूर्व विधायक बिमला चौधरी ने पटौदी सीट भाजपा की झोली में डाल दी।

यह भी पढ़ें- UP Politics: 'कितनोंं को बुलडोजर से उजाड़ा, कांग्रेस लेगी हिसाब' प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भाजपा पर बरसे

रेवाड़ी सीट के लिए कांग्रेस ने पूरा जोर लगा दिया था। यहां से विधायक रहे कांग्रेस के चिरंजीव राव के लिए कांग्रेस के 20 से अधिक स्टार प्रचारक आए, लेकिन उनकी नैया पार नहीं लगा सके। बेटे को दूसरी बार विधायक बनाने के लिए इस सीट से लगातार छह बार विधायक रह चुके कैप्टन अजय यादव ने पूरा जोर लगा दिया, लेकिन संगठन के बल पर भाजपा ने भारी मत से यह सीट अपने कब्जे में कर ली। अटेली सीट से राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज कर ली।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: कैसे कामयाब हुई बीजेपी, क्यों जीतते-जीतते हार गई कांग्रेस, यहां पढ़ें सबकुछ

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें