Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Haryana Result 2024: परिणाम से पहले हुड्डा फैमिली की CM पद के लिए लॉबिंग, दिल्ली पहुंचे सैलजा, दीपेंद्र और भूपेंद्र हुड्डा

Haryana Election Result 2024 कुमारी सैलजा ने मतगणना से पहले कोई ऐसा विवादित बयान नहीं दिया जिससे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की परेशानी बढ़े। सैलजा ने बड़े ही सहज अंदाज में कहा कि ना तो मैं और ना ही कोई दूसरा मुख्यमंत्री के बारे में कुछ कह सकता है। यह सिर्फ कांग्रेस हाईकमान का फैसला होगा कि वह किसे मुख्यमंत्री बनाता है।

By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Mon, 07 Oct 2024 10:10 PM (IST)
Hero Image
Haryana Result 2024: परिणाम से पहले हुड्डा फैमिली की CM पद के लिए लॉबिंग।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में मतगणना से एक दिन पहले मुख्यमंत्री पद की लाबिंग के लिए पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उनके सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद कुमारी सैलजा दिल्ली पहुंच गए हैं। पिछले कई दिनों से आराम कर रहे कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मुलाकात हुई, जिसके बाद हुड्डा व दीपेंद्र ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ दिल्ली में प्रदेश की नई राजनीतिक स्थिति और एक्जिट पोल के नतीजों पर विस्तृत चर्चा की।

मंगलवार को मतगणना पूरी होने के बाद नतीजे आते ही चुनाव जीतने वाले विधायकों के रात तक चंडीगढ़ पहुंच जाने की संभावना है। नई दिल्ली में राजनीतिक विचार विमर्श के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा।

पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त करेगी, जो विधायकों के साथ उनकी पसंद के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। फिर उसे कांग्रेस हाईकमान को अवगत कराया जाएगा। कांग्रेस हाईकमान तय करेगा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

'हरियाणा में बन रही कांग्रेस की सरकार'

कांग्रेस महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने भी मतगणना से पहले कोई ऐसा विवादित बयान नहीं दिया, जिससे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की परेशानी बढ़े। सैलजा ने बड़े ही सहज अंदाज में कहा कि ना तो मैं और ना ही कोई दूसरा मुख्यमंत्री के बारे में कुछ कह सकता है।

यह सिर्फ कांग्रेस हाईकमान का फैसला होगा कि वह किसे मुख्यमंत्री बनाता है। सैलजा ने नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बन रही है। राज्य में कांग्रेस 60 सीटों से ऊपर का आंकड़ा पार करेगी।

वोट काटू की भूमिका में रहे क्षेत्रीय दल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली में मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि एक्जिट पोल पांच अक्टूबर को आए थे, लेकिन मैंने एक माह पहले ही कह दिया था कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आ रही है। साथ ही यह भी कहा था कि भाजपा जा रही है।

भाजपा लोकसभा में भी 10 की 10 सीटें आने का दावा कर रही थी, लेकिन नतीजा सबके सामने है। मुख्यमंत्री का फैसला विधायक करेंगे और फिर हाईकमान उन पर अपनी सहमति की मुहर लगाएगा। क्षेत्रीय दलों की भूमिका पर हुड्डा ने कहा कि मुकाबला ही कांग्रेस व भाजपा का है। इस चुनाव में क्षेत्रीय दल सिर्फ वोट काटू की भूमिका में रहे हैं।

ना मैं टायर्ड, ना रिटायर्ड

प्रदेश की जनता ने उन्हें पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर कहा कि ना मैं टायर्ड हूं, ना रिटायर्ड हूं। उन्होंने लाडवा में कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सीट फंसी होने की बात कही है। 90 सीटों पर कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ने के दावे के साथ हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का हरियाणा में जबरदस्त रिस्पांस रहा है।

एक्जिट पोल के आंकलन से बढ़िया रहेंगे चुनाव नतीजे

दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली में मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि बहुमत के साथ हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। एक्जिट पोल के नतीजे सभी ने देख लिए हैं। इससे भी अच्छा रिजल्ट चुनाव में रहने वाला है।

एक्जिट पोल ने हरियाणा के चुनाव की दिशा बता दी है। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हमारे विधायक और कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगा। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा मेंडेट मिला था और तभी से माहौल बनना शुरु हो गया था।

बीजेपी के दावे बीजेपी की ट्रेनिंग का हिस्सा होते हैं। उनसे बड़ा झूठ कोई दूसरा नहीं बोल सकता। भाजपा वाले झूठ भी बड़े आत्मविश्वास के साथ बोलते हैं।

कांग्रेस की दो दिन की खुशी बदल जाएगी गम में

मोहन लाल बडौली हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दावे मंगलवार की मतगणना में धूल जाएंगे। भाजपा की सरकार बनते ही करीब 25 हजार युवाओं को ज्वाइनिंग कराई जाएगी तथा महिलाओं को 2100 रुपये मासिक की आर्थिक सहायता आरंभ कर दी जाएगी।

बडौली ने कहा कि मंगलवार को सुबह दस बजे तक यह साफ हो जाएगा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। एक्जिट पोल के बाद कांग्रेस की सिर्फ दो दिन की खुशी थी, जो कि मंगलवार को गम में बदल जाएगी। रिजल्ट आने के बाद सब साफ हो जाएगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें