Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Paris Paralympics 2024: पेरिस पैरालंपिक में हरियाणवी खिलाड़ी बिखेर रहे जलवा, एक और गोल्ड मेडल आते ही बनेगा नया रिकॉर्ड

पेरिस ओलिंपिक 2024 (Paralympics 2024) की तरह ही पेरिस पैरालंपिक (Paris Paralympics 2024) में भी हरियाणवी खिलाड़ी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत के 84 पैरालंपिक खिलाड़ियों के दल हरियाणा के 22 खिलाड़ी शामिल हैं। अभी तक हरियाणा के खाते में दो स्वर्ण समेत पांच पदक आ चुके हैं। बता दें कि टोक्यो पैरालंपिक में हरियाणा के पांच खिलाड़ियों ने छह पदक जीते थे।

By Jagran News Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Wed, 04 Sep 2024 06:51 PM (IST)
Hero Image
पेरिस पैरालंपिक में हरियाणवी खिलाड़ी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। (फाइल फोटो)

ओपी वशिष्ठ, रोहतक। पेरिस ओलिंपिक 2024 (Haryana player in Paralympics 2024) में जिस तरह से हरियाणा के खिलाड़ियों ने भारत को पदक दिलाने का काम किया। इसी तरह से पेरिस पैरालंपिक (Paris Paralympics 2024) में भी हरियाणवी खिलाड़ी दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

भारत का 84 पैरालंपिक खिलाड़ियों का दल गया था, जिसमें हरियाणा के 22 खिलाड़ी शामिल हैं। सुमित आंतिल ने लगातार दूसरे पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बना दिया है। अभी तक हरियाणा के खाते में दो स्वर्ण समेत पांच पदक आ चुके हैं।

हरियाणा के 5 खिलाड़ियों ने जीते थे 6 पदक

टोक्यो पैरालंपिक में हरियाणा के पांच खिलाड़ियों ने छह पदक जीतने का रिकॉर्ड बनाया था, जिसमें दो स्वर्ण पदक शामिल थे। जबकि प्रदेश के कई खिलाड़ियों के मुकाबले होने हैं, जिसमें उनसे पदक की आस है। टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय दल में 54 खिलाड़ी थे, जिसमें 19 हरियाणा से थे।

यह भी पढ़ें: Paralympics Medal Tally 2024: भारत के मेडल की संख्या पहुंची 20 के पार, पैरालंपिक पदक तालिका में हुआ बदलाव

सोनीपत के सुमित आंतिल टोक्यो पैरालंपिक में जेवलिन थ्रो में 75 मीटर थ्रो का लक्ष्य लेकर स्वर्ण पदक जीतकर रिकॉर्ड बना चुके हैं। पेरिस में भी सुमित आंतिल ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। दो पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले सुमित भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

चरखी दादरी के नितेश कुमार ने दिलाया स्वर्ण

चरखी दादरी के गांव नांधा निवासी नितेश कुमार ने पेरिस पैरालंपिक में पुरुष एकल एलएल3 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। नितेश ने फाइनल मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन के डेनियल बेथेल को मात देकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा बहादुरगढ़ के योगेश कथूनिया ने पुरुष वर्ग में डिस्कस थ्रो एफ-56 कैटेगरी में सिल्वर मेडल देश को दिलाया था। योगेश ने टोक्यो पैरालंपिक में भी रजत पदक जीता था।

फरीदाबाद के मनीष नरवाल ने पेरिस 2024 पैरालंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग एसएच1 वर्ग में रजत पदक जीता है। महेंद्रगढ़ जिला के गांव कालबा निवासी मोना अग्रवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल सिंगल इवेंट में कांस्य पदक जीता।

टोक्यो पैरालंपिक में इन खिलाड़ियों ने जीते थे पदक

2020 टोक्यो पैरालंपिक में हरियाणा के पांच खिलाड़ियों ने छह पदक जीते थे, जिसमें दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे। शूटिंग (मिक्सड पी4 50 मीटर पिस्टल) कैटेगरी में मनीष नरवाल तथा जैवलिन एफ-64 में सुमित आंतिल ने स्वर्ण पदक जीता था। डिस्कस थ्रो में योगेश कथूनिया रजत, शूटिंग (मिक्सड पी4 50 मीटर पिस्टल) कैटेगरी में रजत पदक विजेता व पुरुष शूटिंग (पी1 10 मीटर एयर पिस्टल) कैटेगरी में कांस्य पदक राज अधाना, तीरंदाजी में कांस्य पदक हरविंदर सिंह ने जीता था।

यह भी पढ़ें: Paris Paralympics: सुमित-नितेश ने गोल्ड पर किया कब्जा, सुहास और तुलसीमति ने जीता सिल्वर; भारतीय एथलीटों ने लगाई पदकों की झड़ी

इसके अलावा, तरुण ढिल्लो, नवदीप सिंह और विनोद कुमार, अरुणा तंवर, दीपक सैनी, राहुल जाखड़, जयदीप देसवाल, रणजीत भट्टी, रामपाल, धरमबीर, अमित कुमार सरोहा, टेकचंद, अरविंद मलिक, एकता भयान ने प्रतिनिधित्व किया था।

पेरिस में ये खिलाड़ी कर रहे हैं प्रतिनिधित्व

तीरंदाजी हरविंद्र सिंह, पूजा, सरिता
एथलेटिक्स सुमित, रिंकू हुड्डा, नवदीप, धर्मबीर, मनु, रामपाल, रोहित कुमार, प्रणव सूरमा, अमित, अरविंद, कर्मज्योति, कंचन लखानी
बैडमिंटन नितेश कुमार, तरुण
ताइक्वांडो अरुणा
ब्लाइंड जूडो कोकिला
शूटिंग अशोक, मनीष नरवाल

यह भी पढ़ें: पेरिस में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 20वां मेडल जीतते ही तोड़ डाला Tokyo Paralympics का रिकॉर्ड