Move to Jagran APP

सिरसा में बुखार का बहाना करके दादी से ले गया 500 रुपये, चिट्टा खरीदकर लगाया इंजेक्शन; मौत

Haryana News हरियाणा के सिरसा में एक व्यक्ति की की नशे के ओवरडोज में मौत हो गई। वह नुहियांवाली गां का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार मृतक अपनी दादी से बीमारी के नाम पर 500 रुपए लेकर गया था। जिसके बाद उसने नशे का इंजेक्शन लगा लिया। ओवरडोज होने की वजह से उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान जेब में रखी वोटर स्लिप के जरिए हुई।

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Updated: Mon, 07 Oct 2024 04:25 PM (IST)
Hero Image
Haryana News: साहिल की मौत से गांव में हड़कंप मचा हुआ है (जागरण फाइल फोटो)

संवाद सहयोगी,  डबवाली (सिरसा)। गोरीवाला गांव में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है। उसका शव गोरीवाला से आठ किलोमीटर दूर स्थित नुहियांवाली गांव में नहर किनारे मिला। करीब 10-15 फीट की दूरी पर नशे का इंजेक्शन बरामद हुआ।

ओढ़ां थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई अभिषेक के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बहुत से युवा नशा करते हैं।

यह है मामला 

साहिल के माता-पिता नहीं है। उसकी दादी ने उसे पाला है। शनिवार शाम को उसने बुखार का बहाना बनाते हुए दादी से 500 रुपये लिए थे। वह बाइक लेकर चला गया। बताया जाता है कि नहर के किनारे एक किसान ने उसे मृत देखा तो सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने उसकी जेब से वोटर स्लिप बरामद की, जिससे उसकी पहचान हुई।

पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के अस्पताल ले जाया गया

ओढ़ां पुलिस थाना में तैनात मृतक के एक रिश्तेदार ने उसकी पहचान अपने भतीजे के तौर पर की। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में ले जाया गया था। बताया जाता है कि गांव में नशे से यह पहली मौत है। जिसके बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है।

गोरीवाला गांव निवासी रमेश ने बताया कि उसका भतीजा नशे का आदी था। संभव है कि वह गांव से बाहर गया है तो उसके साथ कोई अन्य भी होगा। जब उसके भतीजे की मौत हो गई तो उसका साथी वहां से भाग गया। साहिल नशा करता है, इसका पता उसके बड़े भाई अभिषेक को चला था।

स्वजन साहिल को उपचार के लिए सिरसा ले गए थे। उसे एक हफ्ते नशा मुक्ति केंद्र में रखा गया था। करीब एक माह से वह घर पर ही था। वह कहीं बाहर नहीं जाता था। शनिवार को विधानसभा चुनाव थे, दादी को बहाना लगाकर वह बाहर चला गया।

नशे की ओवरडोज से मरने वालों की संख्या बढ़ी

डबवाली पुलिस जिला में नशे की ओवरडोज से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गोरीवाला बेल्ट के कई गांव बुरी तरह से प्रभावित हो चुके हैं। गोरीवाला के नजदीकी गांव रामपुरा बिश्नोइयां में नशे की ओवरडोज से मरने के मामले सामने आ चुके हैं।

50 से ज्यादा युवा करते हैं नशा

सरपंच प्रतिनधि गांव के सरपंच प्रतिनिधि जयपाल सिंह बग्गी ने बताया कि गांव में 50 से ज्यादा युवा नशा करते हैं। ये युवा खुद नशा बेचते हैं, खुद ही नशा करते हैं। साहिल की मौत से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। गांव में पुलिस चौकी भी स्थित है।

यह भी पढ़ें- Hathin vidhan sabha Chunav Result: हथीन में कांग्रेस और भाजपा की टक्कर, मो. इसराइल और मनोज रावत में कौन पड़ेगा भारी?

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें