Move to Jagran APP

पहली बार दिखाई दिया दुर्लभ प्रजाति पक्षी डेजर्ट फिच

चित्र 16 - ईरान अफगानिस्तान पाकिस्तान में ऊंची पहाड़ियों पर रहने वाले पक्षी को सिरसा में

By JagranEdited By: Updated: Wed, 25 Nov 2020 06:52 AM (IST)
Hero Image
पहली बार दिखाई दिया दुर्लभ प्रजाति पक्षी डेजर्ट फिच

चित्र : 16

- ईरान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान में ऊंची पहाड़ियों पर रहने वाले पक्षी को सिरसा में देखा गया

जागरण संवाददाता, सिरसा : नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में अति दुर्लभ प्रजाति का पक्षी डेजर्ट फिच दिखाई दिया है। भारत में यह पक्षी संभवत पहली बार दिखाई दिया है। रविवार को अपनी पत्नी शफीना के साथ डा. संजीव गोयल ने इस दुर्लभ पक्षी को देखा और उसकी तस्वीरें ली। पक्षी एवं पर्यावरण प्रेमी डा. संजीव गोयल सिरसा में चर्म रोग विशेषज्ञ चिकित्सक हैं। चिकित्सीय पेशे के अलावा वे हर रविवार को अपनी पत्नी शफीना के साथ जिले के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों व प्राकृतिक दृश्यों को देखने के लिए घूमने जाते हैं। वे हरियाणा बर्ड सोसाइटी के सदस्य भी हैं।

---------

डा. संजीव गोयल ने बताया कि वे पिछले सात सालों से विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की तस्वीरें ले रहे हैं और अनेक बार ऐसे पक्षी मिले हैं, जो अति दुर्लभ हैं और पहले भारत में दिखाई ही नहीं दिए। उन्होंने बताया कि बीते रविवार को सुबह जब वे अपनी पत्नी शफीना गोयल के साथ नाथूसरी चौपटा क्षेत्र में पक्षी विहार कर रहे थे तो उन्हें एक पक्षी नजर आया जो कि कुछ अलग सा लगा। बाद में फोटो देखने से पता चला कि वो डेजर्ट फिच था, जो की संभवत: आज तक भारत में नहीं देखा गया। उन्होंने बताया कि उन्हें क्षेत्र में मादा फिंच पक्षी दिखाई दिया। नर पक्षी की चोंच व आंखों के बीच काले रंग का निशान होता है। उन्होंने बताया कि यह पक्षी मुख्य रूप से झुंडों में मिलता है और ईरान, पाकिस्तान के बलोचिस्तान व अफगानिस्तान की ऊंची पहाड़ियों में पाया जाता है। डा. संजीव गोयल ने बताया कि दिल्ली बर्ड सोसाइटी के सचिव पंकज गुप्ता ने उन्हें बताया कि इस प्रजाति का पक्षी भारत में इससे पहले नहीं देखा गया।

---------------

हरियाणा बर्ड सोसाइटी से जुड़ा चिकित्सक दंपती

डा. संजीव गोयल ने बताया कि सप्ताह में छह दिन वे अपने क्लिनक में मरीजों को देखते हैं लेकिन रविवार को अपनी पत्नी के साथ पक्षियों व प्रकृति को नजदीक से निहारने जिले के विभिन्न स्थानों ओटू, चौपटा, आसाखेड़ा इत्यादि एरिया में जाते रहते हैं। उन्होंने बताया कि वे हरियाणा बर्ड सोसाइटी के सदस्य है, जिसमें 170 के करीब सदस्य हैं जो अपने अपने क्षेत्रों में पक्षियों की प्रजातियों को खोजते रहते हैं और वॉटसअप ग्रुप के माध्यम से जानकारियां शेयर करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में नार्दन शाब्लर, कई तरह की बतखें, गॉडविट, सैंडपाइपर सहित अनेक प्रवासी पक्षी सिरसा में आते हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।